TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

क्रिप्टो की दुनिया में हड़कंप! किम जोंग उन के देश ने Binance से चुराए अरबों के Bitcoin

क्रिप्टोकरेंसी की दुनिया में अब तक की सबसे बड़ी चोरी का मामला सामने आया है. अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने Binance से 6 अरब डॉलर से ज्यादा की डिजिटल करेंसी चोरी के पीछे उत्तर कोरिया से जुड़े हैकिंग ग्रुप का हाथ बताया है. इस घटना के बाद क्रिप्टो बाजार में गिरावट आई है. Binance ने ग्राहकों के नुकसान की भरपाई का भरोसा दिया है.

क्रिप्टो चोरी के पीछे उत्तर कोरिया

Highlights

  • FBI ने Binance से क्रिप्टो चोरी के पीछे उत्तर कोरिया को जिम्मेदार बताया
  • हैकर्स ने छह अरब डॉलर से ज्यादा की डिजिटल करेंसी चुराई
  • Binance ने ग्राहकों के नुकसान की भरपाई करने का भरोसा दिया

दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बाइनेंस (Binance) पर हुए अब तक के सबसे बड़े साइबर हमले के पीछे उत्तर कोरिया का हाथ बताया गया है. अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने पुष्टि की है कि उत्तर कोरिया से जुड़े हैकर्स ने बाइनेंस से 6 अरब डॉलर (करीब 6.34 अरब डॉलर) से ज्यादा की डिजिटल करेंसी चुराई है. यह चोरी 29 अक्टूबर 2026 के आसपास हुई थी. इस घटना के बाद क्रिप्टोकरेंसी बाजार में भी बड़ी हलचल देखने को मिली है.

FBI ने किस हैकिंग ग्रुप को ठहराया जिम्मेदार?

FBI के मुताबिक, इस साइबर हमले को उत्तर कोरिया से जुड़े हैकिंग ग्रुप ट्रेडरट्रेटर (TraderTraitor) ने अंजाम दिया है. यह ग्रुप पहले भी कई बड़े क्रिप्टो हमलों में शामिल रहा है. इसे कुख्यात लाजरस ग्रुप (Lazarus Group) से भी जुड़ा माना जाता है. FBI ने बताया कि हैकर्स चोरी की गई डिजिटल करेंसी को मुख्य रूप से इथेरियम में बदल रहे हैं. इसके बाद वे डिसेंट्रलाइज्ड फाइनेंस (DeFi) प्लेटफॉर्म और इंस्टेंट क्रिप्टो स्वैप सेवाओं के जरिए पैसे को अलग-अलग जगह भेजकर उसकी पहचान छिपाने की कोशिश कर सकते हैं. अमेरिकी एजेंसी ने क्रिप्टो एक्सचेंज, ब्लॉकचेन कंपनियों और अन्य डिजिटल एसेट सर्विस प्रोवाइडर्स से संदिग्ध वॉलेट एड्रेस से जुड़े ट्रांजैक्शन रोकने की अपील की है.

बाइनेंस ने ग्राहकों को दिया भरोसा

साइबर हमले के बाद बाइनेंस ने कहा है कि चोरी से हुए नुकसान की भरपाई कंपनी अपने फंड से करेगी. कंपनी ने इसके लिए 6.34 अरब डॉलर से ज्यादा की रकम निर्धारित की है. बाइनेंस के मुताबिक, चोरी हुई क्रिप्टोकरेंसी का करीब 90 फीसदी हिस्सा कंपनी ने अपने फंड से दोबारा खरीदकर पूरा कर दिया है. बाकी 10 फीसदी क्रिप्टो टोकन कम लिक्विड होने के कारण जुटाने में समय लग सकता है. हमले के बाद कंपनी ने सुरक्षा के लिहाज से यूजर्स के विड्रॉल यानी पैसे निकालने की सुविधा अस्थायी रूप से रोक दी थी. कंपनी ने बताया कि रविवार को निकासी सेवा दोबारा शुरू करने की तैयारी है.

क्रिप्टो बाजार पर भी पड़ा असर

इस खबर का असर क्रिप्टो बाजार पर भी दिखाई दिया. बिटकॉइन की कीमत करीब 5 फीसदी, इथेरियम की कीमत लगभग 6 फीसदी और बाइनेंस के अपने टोकन BNB की कीमत करीब 10 फीसदी तक गिर गई. इस घटना ने एक बार फिर डिजिटल करेंसी एक्सचेंज की सुरक्षा और निवेशकों के क्रिप्टो एसेट की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें- दिवाली पर मिठाई और खाना हो सकता है महंगा, कमर्शियल गैस सिलेंडर के लगातार तीसरे महीने बढ़े दाम