अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को बड़ी राहत, ATF 27 फीसदी सस्ता; क्या अब सस्ते होंगे एयर टिकट
जून की मासिक समीक्षा में ऑयल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के लिए ATF की कीमतों में 27 फीसदी की कटौती की है. इससे विदेशी उड़ानों की लागत कम होगी. वहीं डोमेस्टिक एयरलाइंस के लिए ATF की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह लगातार दूसरे महीने स्थिर हैं. दूसरी ओर कमर्शियल LPG सिलेंडर 42 रुपये महंगा हो गया है.

ATF Price Cut: जून की शुरुआत में एयरलाइन सेक्टर को बड़ी राहत मिली है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के लिए एविएशन टर्बाइन फ्यूल( ATF) की कीमतों में 27 फीसदी की भारी कटौती की है. इससे विदेश जाने वाली एयरलाइंस की लागत कम होगी. वहीं डोमेस्टिक एयरलाइंस के लिए ATF की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. लगातार दूसरे महीने इनके लिए कीमतें स्थिर रखी गई हैं.
अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के लिए ATF हुआ सस्ता
ऑयल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के लिए ATF की कीमत में करीब 27 फीसदी की कटौती की है. इसके बाद कीमत 1100 डॉलर प्रति किलोलीटर के आसपास आ गई है. पिछले महीने यह 1511 डॉलर प्रति किलोलीटर से ऊपर थी. इससे विदेशी रूट पर उड़ान भरने वाली एयरलाइंस को ईंधन खर्च में बड़ी राहत मिलेगी. अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में नरमी के बाद यह फैसला लिया गया है.
डोमेस्टिक एयरलाइंस के लिए कीमतों में कोई बदलाव नहीं
डोमेस्टिक एयरलाइंस के लिए ATF की कीमत 104927 रुपये प्रति किलोलीटर पर बरकरार रखी गई है. अप्रैल से लागू यह कीमत लगातार दूसरे महीने भी नहीं बदली गई है. मई में अंतरराष्ट्रीय कीमतें बढ़ने के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने डोमेस्टिक एयरलाइंस पर इसका बोझ नहीं डाला था. कंपनियों ने खुद अतिरिक्त लागत उठाई थी. अब भी डोमेस्टिक दरों को स्थिर रखा गया है.
कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ और महंगा
एक तरफ ATF सस्ता हुआ है तो दूसरी तरफ कमर्शियल LPG की कीमतें बढ़ गई हैं. 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई है. यह होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे कमर्शियल इस्तेमाल के लिए आता है. इससे छोटे कारोबारियों की लागत और बढ़ सकती है.
यात्रियों पर क्या होगा असर
ATF सस्ता होने से अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस की ऑपरेटिंग लागत घट सकती है. इसका असर आगे चलकर टिकट कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है. हालांकि अभी एयरलाइंस की तरफ से किराए में कटौती को लेकर कुछ साफ नहीं कहा गया है. वहीं कमर्शियल LPG महंगी होने से होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर की लागत बढ़ सकती है. इसका असर खाने पीने की कीमतों पर भी पड़ने की संभावना है.