दिवाली पर बाजारों में बरसा पैसा! देशभर में 7 लाख करोड़ की खरीदारी, दिल्ली ने बनाया रिकॉर्ड
दिवाली पर देशभर के बाजारों में रिकॉर्ड खरीदारी हुई है. CAIT के मुताबिक, देशभर में दिवाली कारोबार 6 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है और इसके 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है. अकेले दिल्ली में कारोबार 1 लाख करोड़ रुपये पार कर गया है. सोने-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ों और स्वदेशी उत्पादों की खूब बिक्री हुई.

दिवाली के त्योहार पर देशभर के बाजारों में जमकर पैसा बरसा है. सोने-चांदी के गहनों से लेकर मोबाइल, टीवी, फ्रिज, कपड़े और मिठाइयों तक की खूब खरीदारी हुई है. कारोबारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के मुताबिक, इस साल दिवाली पर देशभर में कारोबार 7 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचने का अनुमान है. खास बात यह है कि अकेले दिल्ली में दिवाली से जुड़ा कारोबार 1 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है. धनतेरस के दिन बाजारों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली.
देशभर में 6 लाख करोड़ का कारोबार पार
CAIT के मुताबिक, दिवाली से जुड़े कारोबार का आंकड़ा देशभर में 6 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है. बाजारों में ग्राहकों की लगातार बढ़ती भीड़ और खरीदारी के उत्साह को देखते हुए संगठन ने कारोबार 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने का अनुमान लगाया है.
CAIT के महासचिव और सांसद प्रवीण खंडेलवाल के मुताबिक, दिल्ली में दिवाली का कारोबार 1 लाख करोड़ रुपये के पार निकल गया है. वहीं, देशभर में खरीदारी का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है.
सोने-चांदी से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक की खूब बिक्री
इस साल दिवाली पर कई प्रोडक्ट कैटेगरी में जबरदस्त मांग देखने को मिली है. सोने-चांदी के गहनों और ज्वेलरी की खूब खरीदारी हुई. इसके अलावा मोबाइल फोन, एलईडी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एयर कंडीशनर जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान भी लोगों ने जमकर खरीदे.
कपड़ों के बाजार में भी रौनक रही. साड़ी, सूट, कुर्ते, रेडीमेड गारमेंट्स और बच्चों के कपड़ों की अच्छी बिक्री हुई. वहीं, मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, पूजा सामग्री, मिठाइयों और खाने-पीने के सामान की मांग भी बढ़ी. ऑटोमोबाइल सेक्टर में कार, दोपहिया और कमर्शियल वाहनों की खरीदारी ने भी कारोबार को मजबूती दी.
स्वदेशी सामान की तरफ बढ़ा ग्राहकों का रुझान
इस दिवाली बाजारों में स्वदेशी प्रोडक्ट्स की मांग भी बढ़ी है. खादी, हैंडलूम, हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों के बनाए सजावटी सामान लोगों की पसंद बने. महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को भी ग्राहकों का अच्छा समर्थन मिला.
कारोबारियों के मुताबिक, वोकल फॉर लोकल, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील का असर ग्राहकों की खरीदारी में दिखाई दे रहा है. लोग भारतीय कंपनियों और स्थानीय कारोबारियों के उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं.
छोटे कारोबारियों और लाखों लोगों को फायदा
दिवाली पर बढ़े कारोबार का फायदा सिर्फ बड़े व्यापारियों तक सीमित नहीं है. इससे छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों, कारीगरों, महिला उद्यमियों और छोटे उद्योगों को भी फायदा मिला है.
इसके अलावा ट्रांसपोर्ट, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी से जुड़े कारोबार में भी गतिविधियां बढ़ी हैं. त्योहारों के दौरान बढ़ी मांग से घरेलू मैन्युफैक्चरिंग और स्थानीय रोजगार को भी सहारा मिला है. CAIT के मुताबिक, इस साल बाजारों में ग्राहकों की जबरदस्त मौजूदगी ने व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ्तार दी है.