गौतम अडानी की बादशाहत, दौलत के मामले में मुकेश अंबानी छूटे पीछे, टॉप 5 में इस महिला ने बनाई जगह
गौतम अडानी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़कर M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में 9.23 लाख करोड़ रुपये की दौलत के साथ टॉप पर जगह बना ली है.लिस्ट में अब रिकॉर्ड 391 डॉलर बिलियनेयर शामिल हैं और टॉप 5 में एक महिला ने भी जगह बनाई है.

Gautam Adani और उनके परिवार ने M3M Hurun India Rich List 2026 में मुकेश अंबानी और उनके परिवार को पीछे छोड़ते हुए टॉप पर वापसी की है. गौतम अडानी की दौलत 13 फीसदी बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपए (96 बिलियन डॉलर) हो गई है जबकि मुकेश अंबानी की दौलत 10 फीसदी घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपए (90 बिलियन डॉलर) हो गई. गौतम अडानी अब मुकेश अंबानी से 59,400 करोड़ रुपए आगे हैं.
इस लेटेस्ट Hurun लिस्ट में 1810 लोग शामिल हैं जिनकी दौलत कम से कम 1000 करोड़ रुपए है. उनकी कुल दौलत पिछले साल से 12.8 फीसदी बढ़कर 187.5 लाख करोड़ रुपए (1.96 ट्रिलियन डॉलर) हो गई, जो भारत की GDP का लगभग आधा है. भारत में अब रिकॉर्ड 391 डॉलर बिलियनेयर हैं, जो पांच साल पहले 237 थे. देश में पिछले साल 27 डॉलर बिलियनेयर और जुड़े.
स्टील और मेटल से टॉप 10 में आई ये बड़ी हस्तियां
इकनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, ArcelorMittal के LN Mittal और परिवार आठ पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर आ गए, उनकी दौलत 93 फीसदी बढ़कर 3.39 लाख करोड़ हो गई. यूरोप के स्टील ट्रेड प्रोटेक्शन उपाय और रीजनल स्टील की मजबूत कीमतों के बीच कंपनी की दौलत बढ़ी है. मित्तल ने लिस्ट में सबसे ज्यादा दौलत में बढ़त दर्ज की जिसमें 1.64 लाख करोड़ जुड़े.
वेदांता रिसोर्सेज के अनिल अग्रवाल और परिवार सात पायदान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर आ गए, जब उनकी दौलत 87 फीसदी बढ़कर 2.08 लाख करोड़ हो गई. ग्रुप के अलग-अलग मेटल, पावर और एनर्जी बिजनेस में रीस्ट्रक्चरिंग से इसके पोर्टफोलियो को रीवैल्यू करने में मदद मिली है. टोरेंट फार्मास्यूटिकल्स के समीर मेहता और परिवार टॉप 10 में 10वें नंबर पर आए. जेबी केमिकल्स मर्जर पूरा होने के बाद उनकी दौलत 52 फीसदी बढ़कर 1.89 लाख करोड़ हो गई है.
टॉप में भी महिलाएं
इस लिस्ट में 131 महिलाएं शामिल हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 100 थी. लिस्ट में 33 महिलाएं डॉलर बिलियनेयर हैं. रोशनी नादर मल्होत्रा और उनका परिवार 2.79 लाख करोड़ की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं. वह पांचवें स्थान पर हैं.
अरिस्टा नेटवर्क्स की जयश्री उल्लाल 77,400 करोड़ रुपये की दौलत के साथ सबसे अमीर सेल्फ मेड महिला हैं, वह लिस्ट में सबसे अमीर प्रोफेशनल मैनेजर भी हैं. दुबई के लैंडमार्क ग्रुप की रेणुका जगतियानी सबसे ऊंची रैंक वाली नई एंट्री थीं, उन्होंने 70,500 करोड़ रुपये की दौलत के साथ 36वें स्थान पर शुरुआत की.
क्वांटम कंप्यूटिंग ने डेब्यू किया
बेंगलुरु की QpiAi के नागेंद्र नागराजा हुरुन लिस्ट में शामिल होने वाले पहले क्वांटम कंप्यूटिंग एंटरप्रेन्योर बन गए हैं, उन्होंने 1700 करोड़ रुपए की दौलत के साथ शुरुआत की. यह लिस्ट में पहली ऐसी कंपनी है जो क्वांटम हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर पर बनी है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भी एक अलग सेक्टर के तौर पर हुरुन लिस्ट में शामिल हुई है, इसमें 19 लोग शामिल हैं जिनकी कुल दौलत 3.07 लाख करोड़ रुपए है.इनमें से पंद्रह नए लोग हैं.
एयरोस्पेस और डिफेंस में 23 लोग शामिल हुए जिनकी कुल दौलत 85,200 करोड़ रुपए है. तनय कोठारी और सहज गर्ग, दोनों 28 साल के अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी विस्पर फ्लो के साथ लिस्ट में शामिल हुए. दोनों की दौलत
4200 करोड़ रुपए है.
ये भी पढ़ें- बैंकों के पास 11 लाख करोड़ कैश, लोन देने के लिए तलाश रहे ग्राहक; RBI ने दी चेतावनी