भारत की सबसे अमीर रियल एस्टेट बिजनेस फैमिली बना अडानी परिवार, DLF के राजीव सिंह को छोड़ा पीछे
GROHE-Hurun इंडिया रियल एस्टेट 150 सूची 2026 में पहली बार गौतम अडानी और उनका परिवार भारत के सबसे अमीर रियल एस्टेट कारोबारी बन गए हैं. उन्होंने DLF के राजीव सिंह को पीछे छोड़ दिया. अडानी परिवार की रियल एस्टेट संपत्ति 90400 करोड़ रुपये आंकी गई है, जो एक साल में 73 फीसदी बढ़ी है.

Gautam Adani: भारत के रियल एस्टेट कारोबार में इस साल बड़ा बदलाव देखने को मिला है. GROHE-Hurun इंडिया रियल एस्टेट 150 लिस्ट 2026 में पहली बार गौतम अडानी और उनका परिवार सबसे अमीर रियल एस्टेट कारोबारी बनकर उभरा है. उन्होंने लंबे समय से पहले स्थान पर रहे DLF के राजीव सिंह और उनके परिवार को पीछे छोड़ दिया. अडानी समूह के रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर कारोबार के तेजी से विस्तार ने उनकी संपत्ति में बड़ा इजाफा किया है.
पहली बार नंबर वन बने गौतम अडानी
GROHE-Hurun इंडिया रियल एस्टेट 150 सूची 2026 के अनुसार गौतम अडानी और उनके परिवार ने पहली बार शीर्ष स्थान हासिल किया है. उनकी रियल एस्टेट से जुडी संपत्ति करीब 90400 करोड़ रुपये आंकी गई है. एक साल में उनकी संपत्ति में 73 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
DLF के राजीव सिंह दूसरे स्थान पर पहुंचे
पिछले कई वर्षों से पहले स्थान पर रहे राजीव सिंह और उनका परिवार इस बार दूसरे स्थान पर पहुंच गया. उनकी कुल संपत्ति घटकर 90200 करोड़ रुपये रह गई. एक साल में उनकी संपत्ति में 29 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. बाजार में आई कमजोरी का असर उनकी रैंकिंग पर भी देखने को मिला.
तीसरे से पांचवें स्थान पर कौन रहा
तीसरे स्थान पर मंगल प्रभात लोढ़ा और उनका परिवार रहा जिनकी संपत्ति 67700 करोड़ रुपये आंकी गई. चौथे स्थान पर विकास ओबेराय 42500 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ रहे. पांचवें स्थान पर चंद्रू रहेजा और उनका परिवार 42200 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ शामिल हुआ.
इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल एस्टेट का बढ़ा मेल
रिपोर्ट के अनुसार अब केवल घर और दफ्तर बनाना ही कारोबार का आधार नहीं रह गया है. बडे़ कारोबारी समूह अब टाउनशिप, कमर्शियल प्रोजेक्ट, लॉजिस्टिक पार्क और शहरी विकास परियोजनाओं पर भी तेजी से काम कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- इन 2 मल्टीबैगर स्टॉक्स पर विजय केडिया ने लगाया दांव, खरीदी 3% हिस्सेदारी; 435% तक दे चुके हैं रिटर्न, रखें नजर
वैल्यूएशन में भी अडानी की तेज छलांग
रियल एस्टेट कंपनियों के वैल्यूएशन में भी अडानी प्रॉपर्टीज सबसे तेजी से आगे बढ़ी. कंपनी का मूल्य करीब 72.5 फीसदी बढ़कर 90400 करोड़ रुपये पहुंच गया. हालांकि बाजार मूल्य के आधार पर DLF अब भी देश की सबसे वैल्यूएबल लिस्टेड रियल एस्टेट कंपनी बनी हुई है. इसके बाद लोढ़ा डेवलपर्स और इंडियन होटल्स का स्थान है. नई लिस्ट से साफ है कि भारत के रियल एस्टेट कारोबार में अब कंपटीशन पहले से कहीं अधिक तेज हो गई है.