सोना 1.50 लाख तो चांदी 2.35 लाख के नीचे, 7 दिन में ₹13700 तक टूटे, क्या आ गया खरीदारी का समय या गिरावट बाकी

सर्राफा बाजार में जारी गिरावट ने ज्वैलरी खरीदारों के चेहरे पर खुशियां दी है, तो वहीं निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. पिछले एक सप्ताह में सोना 8,230 रुपये और चांदी 13,770 रुपये तक सस्ती हो चुकी है. अमेरिका में बढ़ती महंगाई, ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है. ऐसे में सवाल यह है कि क्या यह गिरावट आगे भी जारी रहेगी या बाजार में जल्द सुधार देखने को मिलेगा?

gold and silver rate drop Image Credit: money9 live AI image

Gold Silver Price & Market Outlook : देश के सर्राफा बाजार को मानो शेयर मार्केट के बियर्स की नजर लग गई है. ऐसा इसलिए क्योंकि सोने और चांदी में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. दोनों कीमती धातुओं के भाव में पिछले एक सप्ताह के दौरान बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. 5 जून से 11 जून के बीच 24 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम पर 8,230 रुपये घटकर 1.47 लाख रुपये के स्तर पर पहुंच गई, जबकि चांदी भी 13,770 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई है.

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निवेशकों की मुनाफावसूली, अमेरिका में बढ़ती महंगाई और ब्याज दरों में कटौती की कम संभावनाओं ने सर्राफा बाजार पर दबाव बनाया है. ऐसे में निवेशकों की नजर अब सोने और चांदी के प्रमुख सपोर्ट और रेजिस्टेंस स्तरों पर बनी हुई है. इस रिपोर्ट में आप जानेंगे कि आने वाले दिनों में सोने-चांदी का मूड कैसा रहने वाला है.

1 हफ्ते में ₹8,230 सस्ता हुआ गोल्ड

बीते एक हफ्ते में सोने की कीमत में जोरदार गिरावट दर्ज की गई है. 5 जून से 11 जून यानी आज तक, 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड की कीमत में 8,230 रुपये की गिरावट आई है. 5 जून को जहां सोने का भाव 1,55,730 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था, वहीं 11 जून को यह गिरकर 1,47,500 रुपये पर पहुंच गया है. इस गिरावट के बाद गोल्ड 1.50 लाख रुपये के नीचे कारोबार कर रहा है.

Source – Bullion.in

चांदी ₹13,770 सस्ती

चांदी की कीमतों में भी गिरावट का सिलसिला जारी है. सिल्वर भी बीते 1 हफ्ते में 13,000 रुपये से अधिक सस्ती हुई है. 5 जून को 1 किलो 999 शुद्धता वाली चांदी का भाव 2,49,070 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जो 11 जून को गिरकर 2,35,300 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है. यानी 13,770 रुपये की गिरावट के बाद सिल्वर 2.50 रुपये लाख के नीचे आ गई है.

Source – Bullion.in

₹1,45,000 है सपोर्ट लेवल

LKP सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी का कहना है कि सोने की कीमतों में फिलहाल 1,45,000 रुपये के आसपास महत्वपूर्ण सपोर्ट दिखाई दे रहा है. वहीं, 1,40,000 रुपये का स्तर लंबे समय के लिए एक मजबूत डिमांड जोन माना जा रहा है, जहां से कीमतों को अच्छी मजबूती मिल सकती है. दूसरी ओर, 1,55,000 रुपये का स्तर सोने के लिए प्रमुख रेजिस्टेंस बना हुआ है. जब तक कीमतें 1,55,000 रुपये के ऊपर नहीं निकलतीं, तब तक बाजार का रुख कमजोर रहने की संभावना है.

चांदी के बाजार में कमजोरी के संकेत और मजबूत हो गए हैं. अप्रैल 2025 के बाद पहली बार सिल्वर की कीमत अपने 200-दिन के मूविंग एवरेज से नीचे फिसल गई है, जिसे बाजार में एक महत्वपूर्ण तकनीकी स्तर माना जाता है. इस गिरावट के साथ चांदी अपने इस साल के रिकॉर्ड हाई से लगभग आधी कीमत गंवा चुकी है. तकनीकी संकेत फिलहाल कमजोरी की ओर इशारा कर रहे हैं और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमतें आगे $46 से लेकर $30 प्रति औंस तक के स्तरों की ओर जा सकती हैं.

गिरावट की क्या वजह?

जतिन त्रिवेदी के अनुसार, सोने-चांदी की कीमतों में हालिया गिरावट की मुख्य वजह निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली (प्रॉफिट बुकिंग) करना है. अमेरिका में महंगाई दर बढ़ने और ब्याज दरों में कटौती की कम संभावनाओं ने भी सर्राफा बाजार को प्रभावित किया है. बुधवार को अमेरिका में जारी महंगाई दर के आंकड़ों के अनुसार, कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) में 4.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जो अप्रैल 2023 के बाद सबसे ज्यादा है. अप्रैल में CPI सालाना आधार पर 3.8 फीसदी बढ़ा था. इसी चिंता के चलते एमसीएक्स गोल्ड 1,50,000 रुपये के स्तर से नीचे फिसल गया और इसमें करीब 3,500 रुपये की तेज गिरावट देखने को मिली.

यह भी पढ़ें: ₹2740 सस्ती हुई चांदी, ₹1176 लुढ़का सोना, खरीदारी से पहले जान लें अपने शहर के ताजा भाव