सोने की कीमतों में नहीं हुआ बदलाव, चांदी के भाव में मामूली इजाफा; जानें- 24 कैरेट वाले गोल्ड का रेट

Gold Price Today: घरेलू बाजार में सोने की कीमतें सोमवार को स्थिर रहीं. इससे पहले पिछले सत्र में अंतरराष्ट्रीय सर्राफा बाजार में कमजोरी के चलते सोने में भारी बिकवाली देखने को मिली थी. बाजार के प्रतिभागियों ने केंद्र सरकार के उस फैसले पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें चांदी के लगभग सभी रूपों के आयात पर तत्काल पाबंदी लगा दी गई है.

सोने-चांदी की कीमतें. Image Credit: @Money9live

Gold Price Today: सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतें 10 ग्राम पर 1.62 लाख रुपये पर स्थिर रहीं, जबकि चांदी की दरें थोड़ी बढ़कर 1 किलोग्राम पर 2.76 लाख रुपये हो गईं. ऐसा चांदी के आयात पर नई पाबंदियों और रुपये में कमजोरी के चलते हुआ. ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमत 1,000 रुपये बढ़कर 1 किलोग्राम पर 2,76,000 रुपये (सभी टैक्स मिलाकर) हो गई, जो शुक्रवार को बाजार बंद होने के समय 2,75,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी.

एसोसिएशन के मुताबिक, सर्राफा बाजार में 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत 10 ग्राम पर 1,62,800 रुपये पर अपरिवर्तित रही. विश्लेषकों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बावजूद घरेलू सर्राफा कीमतें अपेक्षाकृत मजबूत बनी रहीं.

सोने में भारी बिकवाली

HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि घरेलू बाजार में सोने की कीमतें सोमवार को स्थिर रहीं. इससे पहले पिछले सत्र में अंतरराष्ट्रीय सर्राफा बाजार में कमजोरी के चलते सोने में भारी बिकवाली देखने को मिली थी.

रुपये में गिरावट

हालांकि, स्थानीय कीमतों में गिरावट सीमित रही, क्योंकि भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले और कमजोर होकर रिकॉर्ड निचले स्तर लगभग 96.37 पर पहुंच गया. उन्होंने आगे कहा कि कमजोर रुपये ने घरेलू सोने की कीमतों में गिरावट को थामने में मदद की.

बाजार के प्रतिभागियों ने केंद्र सरकार के उस फैसले पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें चांदी के लगभग सभी रूपों के आयात पर तत्काल पाबंदी लगा दी गई है. इस कदम का मकसद रुपये पर दबाव कम करना और गैर-जरूरी आयात पर रोक लगाना है.

गांधी ने कहा, ‘इस कदम से चांदी का आयात घटने और घरेलू बाजार में इसकी उपलब्धता कम होने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय बाजार में चांदी पर मिलने वाला प्रीमियम बढ़ सकता है.’

इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड

अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड (Spot gold) मामूली गिरावट के साथ 4,535.23 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी लगभग 1 फीसदी गिरकर 75.42 डॉलर प्रति औंस पर आ गई.

अमेरिका-चीन शिखर सम्मेलन

Mirae Asset ShareKhan में कमोडिटीज के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि सोमवार को स्पॉट गोल्ड की कीमतों में गिरावट आई, क्योंकि अमेरिकी डॉलर और तेल की कीमतों में पिछले सप्ताह से जारी तेजी बरकरार रही. इस बीच, अमेरिका-चीन शिखर सम्मेलन कुछ हद तक पॉजिटिव माहौल में संपन्न हुआ, क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रौद्योगिकी, व्यापार और टैरिफ जैसे विवादित मुद्दों को नहीं उठाया.

सिंह ने आगे कहा, ‘इसके परिणामस्वरूप, वैश्विक बॉन्ड यील्ड में उछाल आया, जिससे सोने की कीमतों पर गिरावट का दबाव और बढ़ गया.

LKP सिक्योरिटीज के VP रिसर्च एनालिस्ट, कमोडिटी और करेंसी, जतीन त्रिवेदी के अनुसार, निवेशक अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे घटनाक्रमों के साथ-साथ रुपये-डॉलर की चाल पर भी नजर बनाए हुए हैं, जो बुलियन बाजारों में उतार-चढ़ाव का कारण बन रहे हैं.

यह भी पढ़ें: Stock Market Outlook: कौन सी रणनीति अपना रहे निवेशक, किस लेवल पर सपोर्ट; एक्सपर्ट्स से जानें कल कैसी रहेगी बाजार की चाल