Gold Price Today: सोना 1600 रुपये टूटा, चांदी में ₹5000 की गिरावट; जानें आज का भाव

Gold Price Today में गुरुवार को सोने की कीमत 1600 रुपये गिरकर 152400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. सोने में लगातार चौथे कारोबारी सत्र गिरावट रही. चांदी भी 5000 रुपये टूटकर 2 लाख 37 हजार रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. मजबूत अमेरिकी डॉलर, बढ़ती अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने कीमती धातुओं पर दबाव बनाया.

सोने में लगातार चौथे कारोबारी सत्र गिरावट दर्ज की गई. Image Credit:

सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार को तेज गिरावट देखने को मिली. दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने का भाव 1600 रुपये घटकर 152400 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. इसके साथ ही सोने की कीमत लगातार चौथे कारोबारी सत्र में नीचे आई. चांदी की कीमत में भी 5000 रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई. चांदी घटकर 237000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. मजबूत अमेरिकी डॉलर, बढ़ती बॉन्ड यील्ड और महंगे कच्चे तेल ने सोने और चांदी पर दबाव बनाया.

सोने की कीमत 152400 रुपये

99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत गुरुवार को 1600 रुपये घट गई. यह गिरावट के बाद 152400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इससे पहले बुधवार को सोना 1 लाख 54 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. घरेलू बाजार में सोने की कीमत में लगातार चौथे दिन गिरावट आई है. कारोबारियों के मुताबिक ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली और कमजोर वैश्विक संकेतों का असर सोने पर दिख रहा है.

चांदी 5000 रुपये सस्ती हुई

चांदी की कीमत में सोने के मुकाबले ज्यादा गिरावट देखने को मिली. दो कारोबारी सत्र तक कीमत में कोई बदलाव नहीं होने के बाद गुरुवार को चांदी 5000 रुपये टूट गई. इसके बाद चांदी 237000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. इससे पहले चांदी 242000 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी. चांदी में ज्यादा उतार- चढ़ाव और इंडस्ट्रियल डिमांड से जुड़ाव होने के कारण बिकवाली का असर ज्यादा देखने को मिला.

कच्चा तेल 106 डॉलर के पार

पश्चिम एशिया में सप्लाई को लेकर चिंता के बीच ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. महंगे तेल से महंगाई बढ़ने की चिंता रहती है. इससे दुनिया के केंद्रीय बैंकों के लिए ब्याज दरों में कटौती की गुंजाइश कम हो सकती है. ब्याज दरों को लेकर चिंता बढने से सोने में बिकवाली का दबाव बना.

विदेशी बाजार में भी सोना चांदी कमजोर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली. स्पॉट गोल्ड 33.74 डॉलर यानी करीब 1 फीसदी गिरकर 4253.61 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. वहीं चांदी की कीमत 1.4 फीसदी घटकर 63.56 डॉलर प्रति औंस रही. जानकारों के मुताबिक अमेरिकी डॉलर, ट्रेजरी यील्ड और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है. बाजार में अक्टूबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की दर बढ़ोतरी की 70 फीसदी संभावना भी मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें- Ozempic Mounjaro: क्या वजन घटाने की दवाओं से जा सकती है आंखों की रोशनी, जानें क्या है NAION और कितनी है चिंता

रुपये की कमजोरी से मिली थोड़ी राहत

भारतीय रुपये में कमजोरी ने घरेलू सोने की कीमत में गिरावट को कुछ हद तक सीमित किया. गुरुवार को रुपया 95.96 रुपये प्रति डॉलर के स्तर तक पहुंच गया. आमतौर पर रुपये की कमजोरी से घरेलू बाजार में आयातित सोने की कीमत को कुछ सहारा मिलता है. हालांकि डॉलर की मजबूती और वैश्विक बाजार में सोने की गिरावट का दबाव ज्यादा रहा. पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज जलमार्ग को लेकर बनी चिंता भी बाजार के लिए अहम संकेत बनी हुई है.