Gold-Silver Price: सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट, दिवाली से पहले इतने रुपये सस्ता हुआ गोल्ड
Gold-Silver Price Today: 'रुपये की मजबूती और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण महंगाई का दबाव बढ़ने की चिंता के बीच कुल मिलाकर बाजार का रुझान कमजोर बना हुआ है.' वैश्विक बाजारों में स्पॉट गोल्ड 4,127.68 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा.

Gold-Silver Price Today: बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई. रुपये की मजबूती, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और कमजोर वैश्विक रुझानों के कारण निवेशकों का उत्साह कम हुआ. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत 1,300 रुपये से घटकर 1,49,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गई. पिछले सत्र में सोना 1,50,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.
चांदी की कीमतों में गिरावट
लगातार दो सत्रों तक स्थिर रहने के बाद चांदी की कीमतों में गिरावट आई और यह 1,600 रुपये गिरकर 2,13,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. सोमवार को चांदी 2,15,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.
क्यों आई सोने की कीमतों में गिरावट?
एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट (VP) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘बुधवार को सोने में कमजोरी रही, क्योंकि रुपये की मजबूती ने घरेलू कीमतों पर दबाव बनाए रखा.’
उन्होंने आगे कहा कि रुपये की मजबूती और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण महंगाई का दबाव बढ़ने की चिंता के बीच कुल मिलाकर बाजार का रुझान कमजोर बना हुआ है. डॉलर की मांग को नियंत्रित करने के लिए आरबीआई के हस्तक्षेप के चलते, बुधवार को रुपया 48 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.43 पर बंद हुआ.
चांदी की कीमतों में गिरावट की वजह?
पीएल कैपिटल के कमोडिटी प्रमुख आशीष राजोदिया ने बताया कि घरेलू बाजार में चांदी की कीमतों में भी गिरावट आई. ईरान के साथ शांति समझौते की शुरुआती उम्मीदों से कच्चे तेल की कीमतों में कमी आई, जिससे कुछ समय के लिए कीमती मेटल्स को सपोर्ट मिला.
हालांकि, बाद में कच्चे तेल की कीमतों में फिर से तेजी आ गई, क्योंकि ऐसी खबरें आईं कि ईरान का मानना है कि अमेरिका के साथ राजनयिक स्तर पर कोई प्रगति होने की उम्मीद कम है.
ग्लोबल मार्केट में सोना-चांदी
वैश्विक बाजारों में स्पॉट गोल्ड 4,127.68 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, जबकि चांदी 0.48 फीसदी गिरकर 57.72 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गई. ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म कोटक नियो में कमोडिटी रिसर्च की AVP कायनात चेनवाला ने कहा, ‘स्पॉट गोल्ड 4,126 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर कारोबार कर रहा है, जबकि चांदी पिछले सत्र में 58.60 अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने के बाद गिरकर 57.10 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गई है.’
मॉनिटरी पॉलिसी
उन्होंने आगे कहा कि तेल की ऊंची कीमतें मॉनिटरी पॉलिसी के नजरिए को जटिल बना रही हैं, हालांकि अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी यील्ड में कमजोरी ने कीमती मेटल्स में गिरावट को सीमित कर दिया है.
चेनवाला ने कहा, ‘अमेरिका से कोई बड़ा आर्थिक डेटा आने वाला नहीं है, इसलिए आने वाले कुछ सत्रों में बॉन्ड मार्केट की हलचल और कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव के आधार पर कारोबार तय होगा. इसके बाद अगले हफ्ते फेडरल रिजर्व की अक्टूबर नीति बैठक पर सबकी नजरें होंगी.’