LCA Mk-1A फाइटर जेट पार्ट सप्लाई पर बड़ा खुलासा, कंपनी ने दी नकली टेस्ट रिपोर्ट, HAL का एक्शन; रिपोर्ट
यह मामला तब सामने आया जब HAL के क्वालिटी कंट्रोल डिपार्टमेंट ने हैदराबाद की कंपनी 'एक्सिस इंस्पेक्शन सॉल्यूशंस' से उन रिपोर्ट की पुष्टि करने को कहा, जिनका नाम उन डॉक्यूमेंट्स पर था. अपनी इंटरनल जांच और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद, HAL ने सप्लायर के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करने का फैसला किया.

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने हैदराबाद की कंपनी TEC Aero Devices के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि कंपनी ने लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA) Mk-1A फाइटर जेट प्रोग्राम के लिए एयरक्राफ्ट के पार्ट्स की सप्लाई करते समय नकली टेस्ट रिपोर्ट जमा की थीं.
जारी हुए थे 18 परचेज ऑर्डर
रिपोर्ट के अनुसार, HAL के एयरक्राफ्ट डिवीजन ने मार्च 2022 से LCA Mk-1A प्रोजेक्ट से जुड़े पार्ट्स के लिए TEC Aero Devices को 18 परचेज ऑर्डर जारी किए थे. सैंपल, टेक्निकल डॉक्यूमेंट और टेस्ट रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद, सप्लायर को 172 अलग-अलग आइटम वाले 35 कैटेगरी के पार्ट्स बनाने की मंजूरी दी गई थी.
जरूरी था ओरिजिनल टेस्ट सर्टिफिकेट
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, खरीद के नियमों में सप्लायर के लिए बड़ी मात्रा में डिलीवरी के समय ओरिजिनल टेस्ट सर्टिफिकेट जमा करना जरूरी था. इसके बाद TEC Aero Devices ने 199 टेस्ट रिपोर्ट जमा कीं, जिनमें टेन्साइल स्ट्रेंथ, हार्डनेस, ब्रेक लोड, शियर टेस्टिंग, नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग (NDT), माइक्रोस्ट्रक्चर एनालिसिस और सॉल्ट स्प्रे टेस्टिंग जैसे क्वालिटी पैरामीटर शामिल थे.
ऑडिट में पता चली गड़बड़ी
यह मामला तब सामने आया जब HAL के क्वालिटी कंट्रोल डिपार्टमेंट ने हैदराबाद की कंपनी ‘एक्सिस इंस्पेक्शन सॉल्यूशंस’ से उन रिपोर्ट की पुष्टि करने को कहा, जिनका नाम उन डॉक्यूमेंट्स पर था. रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर 2023 में HAL की ओर से किए गए ऑडिट में पता चला कि 199 में से कोई भी रिपोर्ट ‘एक्सिस इंस्पेक्शन सॉल्यूशंस’ ने जारी नहीं की थी.
199 रिपोर्ट नकली पाई गईं
रिपोर्ट के मुताबिक, ऑडिट में यह नतीजा निकला कि फरवरी और सितंबर 2023 के बीच जमा की गई सभी 199 रिपोर्ट नकली थीं. एक्सिस इंस्पेक्शन सॉल्यूशंस ने HAL को बताया कि उनके नाम और साइन का गलत इस्तेमाल किया गया था और कंपनी ने उन डॉक्यूमेंट्स को मंजूरी नहीं दी थी.
शो-कॉज नोटिस
जांच के नतीजों के बाद, HAL ने TEC Aero Devices को डिफेंस मैन्युफैक्चरर के साथ तीन साल तक-यानी 10 मार्च, 2027 तक- बिजनेस करने से रोक दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, HAL ने यह भी कहा कि विवादित सप्लाई के लिए सप्लायर को कोई पेमेंट नहीं किया गया था. बाद में कंपनी ने एक ‘शो-कॉज नोटिस’ जारी किया और सप्लायर के जवाब की समीक्षा करने और आंतरिक विचार-विमर्श के बाद, TEC Aero Devices को तीन साल के लिए अपनी मंजूर वेंडर लिस्ट से हटा दिया.
पुलिस ने शुरू कर दी जांच
अपनी इंटरनल जांच और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद, HAL ने सप्लायर के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करने का फैसला किया और FIR दर्ज कराई. रिपोर्ट के अनुसार, HAL ने शिकायत दर्ज करने में हुई देरी की वजह ऑडिट, इंटरनल जांच और प्रक्रियात्मक औपचारिकताओं में लगने वाले समय को बताया. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कथित तौर पर नकली क्वालिटी सर्टिफिकेशन डॉक्यूमेंट्स जमा करने के मामले की जांच शुरू कर दी है.