कितने तरह का होता है LPG सिलेंडर? सबसे बड़े में आती है 425KG गैस; जानें कब मिलते हैं 6 लाख रुपये

भारत में LPG सिलेंडर कई अलग-अलग साइज में उपलब्ध हैं, जिनका इस्तेमाल घरेलू रसोई से लेकर होटल, छोटे कारोबार और बड़े उद्योगों तक किया जाता है. 14.2 किलोग्राम और 5 किलोग्राम सिलेंडर जहां घरों में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होते हैं, वहीं छोटे पोर्टेबल और बड़े कमर्शियल सिलेंडर भी बाजार में उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को दुर्घटना की स्थिति में 6 लाख रुपये तक का इंश्योरेंस कवर भी मिलता है.

LPG सिलेंड कितने प्रकार के होते हैं Image Credit: @Money9live

Types of LPG and Insurance Info: भारत में रसोई गैस आज लगभग हर घर की जरूरत बन चुकी है. घरेलू रसोई से लेकर होटल, छोटे कारोबार और बड़े इंडस्ट्री तक LPG (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) का इस्तेमाल व्यापक स्तर पर किया जाता है. देश में इंडियन ऑयल की ब्रांड Indane LPG दुनिया के सबसे बड़े पैक्ड LPG ब्रांड्स में से एक मानी जाती है. हालांकि, मौजूदा समय पर भारत में एनर्जी को लेकर तमाम तरह के नए नियम बनाए जा रहे हैं. सरकार ने हाल में LPG सिलेंडर बुकिंग को लेकर अपने नियम में बदलाव किया जिसके तहत सिलेंडर बुक किए जाने के 25 दिन बाद ही दूसरी बुकिंग की जा सकती है. लेकिन क्या आपको पता है कि असल में LPG सिलेंडर होते कितने तरह के हैं.

कितने प्रकार के होते हैं LPG सिलेंडर?

Indane LPG आज कुल 8 अलग-अलग पैक साइज में उपलब्ध है. इन सिलेंडरों को मुख्य रूप से घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपयोग के हिसाब से तैयार किया गया है. आइए सभी के बारे में विस्तार से बताते हैं.

1. घरेलू इस्तेमाल वाले सिलेंडर

घरेलू रसोई में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर दो प्रमुख साइज में आते हैं. पहला 14.2 किलोग्राम वाला सिलेंडर जो भारत के ज्यादातर घरों में इस्तेमाल होने वाला सबसे आम LPG सिलेंडर है. वहीं, दूसरा 5 किलोग्राम सिलेंडर जो छोटे परिवारों या कम गैस खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए सटीक होता है. इन दोनों सिलेंडरों का हिस्सा देश में वितरित होने वाली कुल LPG सप्लाई का लगभग 90 फीसदी है.

2. छोटे और पोर्टेबल सिलेंडर

हाल के वर्षों में ग्राहकों की जरूरतों को देखते हुए कुछ नए प्रकार के सिलेंडर भी लॉन्च किए गए हैं. 2 किलोग्राम ‘मुन्ना’ सिलेंडर, यह छोटा और हल्का सिलेंडर खासतौर पर छात्रों, कामकाजी महिलाओं, स्ट्रीट वेंडर्स, प्रवासी कामगारों और कम गैस इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए शुरू किया गया है. इस सिलेंडर को FTL (Free Trade LPG) कैटेगरी में भी बेचा जाता है, जिससे इसे किराना दुकानों या छोटे रिटेल आउटलेट्स से भी आसानी से खरीदा जा सकता है.

3. फाइबर कम्पोजिट सिलेंडर

Indane ने पारंपरिक स्टील सिलेंडरों के अलावा फाइबर कंपोजिट सिलेंडर भी लॉन्च किए हैं. 5 किलोग्राम और 10 किलोग्राम फाइबर सिलेंडर, इनका डिजाइन हल्का, ट्रेंडी और ट्रांसलूसेंट (ट्रांसपेरेंट) होता है, जिससे ग्राहक गैस का स्तर आसानी से देख सकते हैं. ये सिलेंडर खासतौर पर शहरी ग्राहकों और पोर्टेबल इस्तेमाल के लिए लोकप्रिय हो रहे हैं.

4. व्यावसायिक और औद्योगिक सिलेंडर

घरेलू इस्तेमाल के अलावा LPG का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट और उद्योगों में भी बड़े पैमाने पर होता है. इसके लिए बड़े साइज के सिलेंडर उपलब्ध हैं.

  • 19 किलोग्राम सिलेंडर- होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों में इस्तेमाल होता है.
  • 47.5 किलोग्राम सिलेंडर- बड़े कमर्शियल किचन और उद्योगों के लिए.
  • 425 किलोग्राम जंबो सिलेंडर- बड़े औद्योगिक और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए. इसके अलावा बड़े उद्योगों को LPG बल्क सप्लाई के रूप में भी दी जाती है.

LPG सिलेंडर पर 6 लाख रुपये का मिलता है इंश्योरेंस

LPG सिलेंडर का इस्तेमाल पूरी तरह सुरक्षित माना जाता है, लेकिन किसी भी दुर्लभ दुर्घटना की स्थिति में उपभोक्ताओं को वित्तीय सुरक्षा देने के लिए कंपनियां बीमा कवर भी प्रदान करती हैं. LPG ग्राहकों के लिए पर्सनल एक्सीडेंट और प्रॉपर्टी डैमेज इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध होती है. आइए आपको बीमा कवर की मुख्य बातें बताते हैं-

  • मृत्यु पर बीमा कवर- किसी दुर्घटना में जान जाने की स्थिति में प्रति व्यक्ति 6 लाख रुपये तक का कवर मिलता है.
  • मेडिकल खर्च- दुर्घटना में घायल होने पर प्रति घटना 30 लाख रुपये तक का मेडिकल कवर उपलब्ध होता है. इसमें प्रति व्यक्ति अधिकतम 2 लाख रुपये तक खर्च कवर किया जाता है.
  • तत्काल सहायता के रूप में 25,000 रुपये तक की राहत भी दी जा सकती है.
  • संपत्ति को नुकसान- अधिकृत ग्राहक के पंजीकृत पते पर दुर्घटना से संपत्ति को नुकसान होने पर 2 लाख रुपये तक का मुआवजा मिल सकता है.
  • पॉलिसी की कुल सीमा– पूरे पॉलिसी पीरियड में कुल बीमा सीमा 20 करोड़ रुपये तक हो सकती है.

ये भी पढ़ें- चाइनीज FDI का खुला दरवाजा, सरकार ने दी बड़ी ढील; बॉर्डर वाले देशों से विदेशी निवेश की राह आसान

Latest Stories

मिनिमम बैलेंस न रखने पर बैंकों ने 3 साल में वसूले ₹19000 करोड़ रुपये की पेनल्टी; टॉप पर ये प्राइवेट बैंक

इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने छोड़ा पद, दिसंबर के ऑपरेशनल संकट के बाद उठाया गया बड़ा कदम

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अमेरिकी छूट के बावजूद रूस के तेल भुगतान से दूरी बनाई, जानें क्यों है SBI अलर्ट

कैबिनेट ने जल जीवन मिशन 2.0 को दी हरी झंडी, 8.8 लाख करोड़ के मंजूर किए गए इंफ्रास्ट्रक्चर और यूटिलिटी प्रोजेक्ट्स

‘एक दिन खाना छोड़ो, चांदी खरीदो!’ रॉबर्ट कियोसाकी की सलाह- सिल्वर में निवेश करो, आ रहा है बड़ा मार्केट क्रैश

LPG गैस सिलेंडर पर कितना लगता है GST? जानिए घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर पर कितना टैक्स