एशिया की बेहतर प्रदर्शन करने वाली करेंसी बना रुपया, AI की हलचल और सस्ते तेल ने बदली चाल
डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये की चाल बदलती नजर आ रही है. वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक रुपया 0.97 फीसदी मजबूत हुआ है. AI शेयरों में निवेश को लेकर बदलती धारणा, कच्चे तेल की कीमतों में करीब 20 फीसदी की गिरावट और विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने रुपये को सहारा दिया है. सोमवार को रुपया 93.92 प्रति डॉलर पर बंद हुआ.

डॉलर के मुकाबले लगातार कमजोरी झेल रहे रुपये की चाल अब बदलती नजर आ रही है. वित्त वर्ष 2026-27 में रुपया एशिया की बेहतर प्रदर्शन करने वाली करेंसी में शामिल हो गया है. इसके पीछे दो बड़े कारण हैं. पहला, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में निवेश को लेकर बदलती सेंटीमेंट और दूसरा, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट. विदेशी निवेशकों की भारतीय शेयर बाजार में वापसी ने भी रुपये को मजबूती दी है. हालांकि, आगे रुपये की चाल काफी हद तक RBI के रुख और विदेशी निवेश के प्रवाह पर निर्भर करेगी.
AI निवेश में बदलाव से रुपये को फायदा
दक्षिण कोरिया और चीन जैसी अर्थव्यवस्थाओं की करेंसी को AI बेस्ड निवेश का फायदा मिला है. लेकिन अब AI शेयरों में संभावित गिरावट और निवेश के रुख में बदलाव के बीच भारत को एक अलग तरह का फायदा मिल रहा है. भारत को AI से जुड़े भारी निवेश वाले बाजारों के मुकाबले एक बचाव के तौर पर देखा जा रहा है.
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक रुपया 0.97 फीसदी मजबूत हुआ है. वहीं दक्षिण कोरिया का वॉन 11 फीसदी से ज्यादा और चीन का रेनमिन्बी 3.06 फीसदी चढ़ा है. दूसरी तरफ इंडोनेशिया का रुपिया 6.24 फीसदी कमजोर होकर इस लिस्ट में सबसे नीचे है.
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से राहत
भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें घटने से देश के आयात बिल और डॉलर की मांग पर दबाव कम हो सकता है. हाल के ऊंचे स्तरों से कच्चे तेल की कीमतों में करीब 20 फीसदी की गिरावट आई है. इससे रुपये को मजबूती मिली है. जानकारों के मुताबिक, अगर कच्चे तेल की कीमतों में फिर से तेज उछाल नहीं आता है, तो रुपये को आगे भी सपोर्ट मिल सकता है. इसके उलट तेल महंगा होने पर रुपये पर दोबारा दबाव बढ़ सकता है.
विदेशी निवेशकों की वापसी से बदला माहौल
भारतीय शेयर बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की खरीदारी ने भी रुपये की चाल बदलने में मदद की है. पिछले सप्ताह विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में कुल 38971 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की. इसमें से करीब 38,500 करोड़ रुपये सेकेंडरी मार्केट से आए, जबकि प्राइमरी मार्केट में लगभग 452 करोड़ रुपये का निवेश हुआ.
97 के स्तर से लौटा रुपया
सोमवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 93.92 पर बंद हुआ. पिछले वित्त वर्ष के आखिरी कारोबारी दिन यह 94.83 प्रति डॉलर पर था. यानी नए वित्त वर्ष में अब तक रुपये में मजबूती आई है. यह रुपये के लिए बड़ा बदलाव है. मई और अक्टूबर में रुपये पर इतना दबाव था कि इसके 97 प्रति डॉलर के स्तर को पार करने की आशंका पैदा हो गई थी. मई के आखिर में रुपया 96.96 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया था. अक्टूबर में भी यह फिर उसी स्तर के करीब कारोबार कर रहा था.
ये भी पढ़ें- दिवाली पर ऑनलाइन शॉपिंग का धमाका, 4.68 लाख दीये बिके; सोने के सिक्कों की भी रही भारी डिमांड
RBI की रणनीति पर भी रहेगी नजर
रुपये की आगे की मजबूती इस बात पर निर्भर करेगी कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) विदेशी मुद्रा बाजार में कितना हस्तक्षेप करता है. डीलरों के मुताबिक, सोमवार को भी RBI ने बाजार में हस्तक्षेप किया और रुपये की तेजी को सीमित रखने की कोशिश की.
सितंबर 2026 तक RBI की फॉरवर्ड बुक में नेट शॉर्ट डॉलर पोजीशन 239 अरब डॉलर थी. ऐसे में इस सेक्टर से जुड़े जानकारों का मानना है कि विदेशी निवेश बढ़ने पर RBI डॉलर खरीदकर अपने विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत कर सकता है.