TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

HUL से कमाई का आखिरी मौका, ₹19 का डिविडेंड चाहिए तो 11 नवंबर तक खरीद लें शेयर; जानें रिकॉर्ड डेट

हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरहोल्डर्स के लिए ₹19 प्रति शेयर का डिविडेंड पाने का आखिरी मौका है. कंपनी ने अंतरिम डिविडेंड के लिए 12 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. T+1 सेटलमेंट के तहत निवेशकों को 11 नवंबर तक शेयर खरीदने होंगे. कंपनी 25 नवंबर को डिविडेंड का पेमेंट करेगी. जानिए 100, 500 और 1000 शेयर रखने वाले निवेशकों को कितनी रकम मिलेगी और HUL का डिविडेंड रिकॉर्ड कैसा रहा है.

HUL हर शेयर पर 19 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देगी. Image Credit: canva

Highlights

  • HUL हर शेयर पर 19 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देगी.
  • 11 नवंबर शेयर खरीदने की आखिरी तारीख, 12 नवंबर रिकॉर्ड डेट.
  • 500 शेयर रखने वाले पात्र निवेशकों को टैक्स से पहले 9500 रुपये मिलेंगे.

अगर आप हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) के शेयर में निवेश करते हैं या इस FMCG स्टॉक को अपने पोर्टफोलियो में शामिल करने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. कंपनी के ₹19 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का फायदा उठाने के लिए 11 नवंबर 2026 आखिरी मौका है. इसके बाद 12 नवंबर को HUL के शेयर एक्स-डिविडेंड ट्रेड करेंगे. कंपनी ने इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट भी तय कर दी है. ऐसे में निवेशकों के पास यह जानने का मौका है कि डिविडेंड पाने के लिए शेयर कब तक खरीदना जरूरी है और उनके पास कितने शेयर होने पर कितनी कमाई होगी.

HUL ने 28 अक्टूबर को अपने सितंबर तिमाही के नतीजों के साथ वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया था. कंपनी के बोर्ड ने 1 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 19 रुपये डिविडेंड देने की मंजूरी दी है. यह शेयर की फेस वैल्यू का 1900 फीसदी है.

11 नवंबर तक खरीदने होंगे HUL के शेयर

HUL ने अंतरिम डिविडेंड के लिए 12 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. इस तारीख के आधार पर यह निर्धारित किया जाएगा कि किन निवेशकों को डिविडेंड का पेमेंट किया जाएगा. कंपनी के शेयर 12 नवंबर को एक्स-डिविडेंड ट्रेड करेंगे. शेयर बाजार में T+1 सेटलमेंट व्यवस्था लागू होने के कारण निवेशकों को डिविडेंड पाने के लिए 11 नवंबर तक शेयर खरीदने होंगे. यानी अगर आप इस डिविडेंड का फायदा उठाना चाहते हैं, तो बुधवार 11 नवंबर आखिरी दिन है. इसके बाद शेयर खरीदने वाले निवेशक इस बार के डिविडेंड के पात्र नहीं होंगे.

100 और 500 शेयर पर कितनी होगी कमाई?

कंपनी हर पात्र शेयर पर 19 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देगी. ऐसे में आपके पास जितने ज्यादा शेयर होंगे, डिविडेंड से मिलने वाली रकम भी उतनी ही ज्यादा होगी.

  • 100 शेयर रखने पर: 1900 रुपये
  • 200 शेयर रखने पर: 3800 रुपये
  • 500 शेयर रखने पर: 9500 रुपये
  • 1000 शेयर रखने पर: 19000 रुपये

ये रकम टैक्स से पहले की है. कंपनी ने डिविडेंड पेमेंट की तारीख 25 नवंबर 2026 तय की है. यानी पात्र निवेशकों को इस तारीख को डिविडेंड का पेमेंट किया जाएगा.

HUL की डिविडेंड हिस्ट्री कैसी रही है?

HUL का डिविडेंड देने का रिकॉर्ड लगातार बना हुआ है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 41 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया था. इसमें 19 रुपये का अंतरिम और 22 रुपये का फाइनल डिविडेंड शामिल था.

वहीं, वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी ने कुल 43 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया था. इसमें 19 रुपये का अंतरिम और 24 रुपये का फाइनल डिविडेंड शामिल था. इस तरह कंपनी लगातार अपने शेयरहोल्डर्स को डिविडेंड के जरिए रिटर्न देती रही है.

ये भी पढ़ेंः दिवाली के बाद इन मेटल शेयरों पर रखें नजर, 1,400 रुपये तक जा सकता है JSW Steel

कितना है HUL का डिविडेंड यील्ड?

करीब 1997 रुपये के शेयर भाव के आधार पर HUL के 19 रुपये के अंतरिम डिविडेंड की यील्ड लगभग 0.95 फीसदी बैठती है. वहीं, पिछले 12 महीनों में कंपनी की डिविडेंड यील्ड करीब 1.10 फीसदी रही है.

ध्यान देने वाली बात है कि डिविडेंड यील्ड शेयर की बाजार कीमत के साथ बदलती रहती है. अगर शेयर की कीमत बढ़ती है तो यील्ड घटती है, जबकि शेयर की कीमत गिरने पर यील्ड बढ़ जाती है. यह कैलकुलेशन इस आधार पर है कि डिविडेंड की रकम में कोई बदलाव नहीं हुआ है.

डिविडेंड के बीच शेयर का कैसा रहा प्रदर्शन?

HUL के शेयर में हाल के कारोबारी सत्रों में सुधार देखने को मिला है. पिछले एक सप्ताह में शेयर ने 1.40 फीसदी और एक महीने में 7.20 फीसदी का रिटर्न दिया है. हालांकि, लंबी अवधि का प्रदर्शन कमजोर रहा है.

पिछले एक साल में HUL का शेयर 17.37 फीसदी गिरा है. वहीं, तीन साल में इसमें करीब 20 फीसदी और पांच साल में 17 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. ऐसे में निवेशकों के लिए केवल डिविडेंड के आधार पर निवेश का फैसला करना सही नहीं होगा. शेयर की कीमत में उतार-चढ़ाव और कंपनी के प्रदर्शन को भी ध्यान में रखना जरूरी है.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.