TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Kalyan Jewellers के शेयर ने 6 महीने में दिया 44% रिटर्न, क्या Q2 नतीजों से बढ़ेगी कमाई? टेक्निकल चार्ट दे रहा बड़ा संकेत

Kalyan Jewellers के शेयर में सोमवार को 4% की तेजी आई. कंपनी के Q2 FY27 नतीजों से पहले शेयर का भाव 614.50 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचा. पिछले छह महीने में शेयर 48.42% चढ़ चुका है. कंपनी के कारोबार से जुड़े शुरुआती आंकड़ों में रेवेन्यू ग्रोथ 26% से ज्यादा रही.

कल्याण ज्वेलर्स Image Credit: TV9 Bharatvarsh

Highlights

  • Kalyan Jewellers का शेयर सोमवार को करीब 4% चढ़ा और ₹614.50 के इंट्राडे हाई तक पहुंचा.
  • शेयर ने पिछले छह महीनों में 48.42% की तेजी दिखाई है.
  • शेयर के लिए ₹630-650 का स्तर अहम रेजिस्टेंस जोन है.

Kalyan Jewellers के शेयर में सोमवार, 9 नवंबर को अच्छी खासी तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर करीब 4 फीसदी उछल गया. यह तेजी कंपनी के Q2 FY27 नतीजों से पहले आई है. कंपनी का बोर्ड मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को बैठक करेगा. इसमें 30 सितंबर 2026 को खत्म हुई तिमाही और छमाही के अनऑडिटेड स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड वित्तीय नतीजों पर विचार किया जाएगा और उन्हें मंजूरी दी जाएगी.

हालांकि, मंगलवार, 10 नवंबर को दिवाली-बलिप्रतिपदा के मौके पर भारतीय शेयर बाजार बंद रहेगा. Kalyan Jewellers के शेयर ने पिछले छह महीनों में 48.42% की तेजी दिखाई है. इस दौरान इसका सालाना आधार पर अब तक का रिटर्न यानी YTD बढ़कर 26.12% हो गया है. कंपनी के मजबूत कारोबारी प्रदर्शन ने भी शेयर में तेजी को सहारा दिया है. Q2 FY27 के बिजनेस अपडेट में कंपनी ने कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में सालाना आधार पर 26% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की है.

Kalyan Jewellers के शेयर का कैसा रहा प्रदर्शन?

Groww की रिपोर्ट के मुताबिक, Kalyan Jewellers के शेयर में हाल के दिनों में तेजी का रुझान बना हुआ है. पिछले एक सप्ताह में शेयर 22.48% चढ़ा है. एक महीने में 9.33% की तेजी आई है. वहीं, पिछले छह महीनों में शेयर 48.42% उछला है.

वहीं सोमवार को शेयर 594.65 रुपये के इंट्राडे निचले स्तर पर खुला. कारोबार के दौरान इसने 614.50 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ. फिलहाल 12 बजे तक कंपनी का शेयर 608.75 रुपये प्रति पर कारोबार कर रहा है.

Q2 बिजनेस अपडेट में 26% से ज्यादा बढ़ा रेवेन्यू

Kalyan Jewellers ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि FY27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 26% से ज्यादा बढ़ा है. कंपनी के भारतीय कारोबार में इस दौरान 27% की ग्रोथ दर्ज की गई. इसके पीछे प्रमुख बाजारों में मजबूत कारोबारी गतिविधियां और मौजूदा स्टोर की बिक्री में अच्छी बढ़त रही.

कंपनी का प्रदर्शन ऐसे समय में आया है, जब पिछले साल की समान तिमाही में बिक्री का आधार पहले से ऊंचा था. इसकी वजह यह थी कि FY26 की दूसरी तिमाही में नवरात्रि के सभी नौ दिन शामिल थे. इससे त्योहारों के दौरान ज्वेलरी की मांग और बिक्री को बढ़ावा मिला था. Q2 FY27 में कंपनी की सेम-स्टोर सेल्स ग्रोथ (SSSG) करीब 20% रही.

इंटरनेशनल कारोबार में 18% की बढ़त

कंपनी के इंटरनेशनल कारोबार में भी अच्छी ग्रोथ दर्ज की गई. इस सेगमेंट का रेवेन्यू तिमाही के दौरान करीब 18% बढ़ा. मिडिल ईस्ट में कंपनी की बिक्री सालाना आधार पर करीब 12% बढ़ी. यह पूरी बढ़त मौजूदा स्टोर की बिक्री में सुधार के कारण आई. कंपनी के मुताबिक, हाल ही में खत्म हुई तिमाही में उसके कुल कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में इंटरनेशनल बाजारों की हिस्सेदारी करीब 11% रही.

Kalyan Jewellers के शेयर का आगे क्या है टेक्निकल आउटलुक?

टेक्निकल नजरिए से Kalyan Jewellers का शेयर पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में तेजी से ऊपर आया है. शेयर करीब 490 रुपये से चढ़कर 600 रुपये के पार पहुंच चुका है. अब यह सितंबर के 610 रुपये वाले स्विंग हाई के करीब कारोबार कर रहा है.

मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर शेयर लगातार 610 रुपये के ऊपर बना रहता है, तो इसमें आगे 645-660 रुपये तक तेजी देखने को मिल सकती है. फिलहाल शेयर का कुल टेक्निकल आउटलुक सकारात्मक बताया गया है. ऐसे में गिरावट आने पर खरीदारी यानी Buy on Dips की रणनीति पर नजर रखी जा सकती है. शेयर के लिए तत्काल सपोर्ट 570 रुपये पर है.

₹630-650 का स्तर क्यों है अहम?

शेयर हाल के छह कारोबारी सत्रों में अक्टूबर के आखिरी दिनों के करीब ₹500 के निचले स्तर से 22% से ज्यादा चढ़कर करीब 610 रुपये पर पहुंच चुका है. अब इसके सामने ₹630-650 का दायरा अहम रेजिस्टेंस जोन है. जुलाई से सितंबर के बीच भी शेयर के लिए यह स्तर रुकावट का काम कर चुका है.

अगर शेयर लगातार 650 रुपये के ऊपर बंद होता है, तो इसे नए उच्च स्तर की ओर बढ़ने का संकेत माना जा सकता है. इससे तेजी का मौजूदा रुझान जारी रहने की पुष्टि होगी. वहीं, अगर शेयर इस स्तर के ऊपर टिकने में नाकाम रहता है, तो यह अपने पुराने ट्रेडिंग दायरे में बना रह सकता है. शेयर के लिए 560-565 रुपये का स्तर तत्काल सपोर्ट जोन है. अगर भाव इस दायरे से नीचे जाता है, तो शेयर दोबारा 500 रुपये के आसपास के स्तर पर पहुंच सकता है.

इसे भी पढ़ें- दिवाली पर बाजारों में बरसा पैसा! देशभर में 7 लाख करोड़ की खरीदारी, दिल्ली ने बनाया रिकॉर्ड

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.