दिवाली पर ऑनलाइन शॉपिंग का धमाका, 4.68 लाख दीये बिके; सोने के सिक्कों की भी रही भारी डिमांड
दिवाली के मौके पर Swiggy Instamart और Zepto पर लोगों ने जमकर खरीदारी की. किसी ने काजू कतली और लड्डू मंगाए तो किसी ने दीये, फूल और गिफ्ट हैम्पर्स खरीदे. Zepto पर 4.68 लाख दीयों के ऑर्डर मिले, जबकि Swiggy Instamart पर पार्टी से जुड़े ऑर्डर में सालाना आधार पर 162 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
Highlights
- Zepto पर दिवाली के दौरान 4.68 लाख दीयों के ऑर्डर मिले.
- Swiggy Instamart पर पार्टी से जुड़े ऑर्डर में 162 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
- धनतेरस पर सोने और चांदी के सिक्कों की भी जमकर खरीदारी हुई.
दिवाली पर खरीदारी के लिए अब लोगों को बाजारों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है. मिठाई, दीये, फूल, गिफ्ट और सजावट का सामान हो या फिर सोने-चांदी के सिक्के, लोग अब ये सभी चीजें घर बैठे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से मंगा रहे हैं. इस दिवाली Swiggy Instamart और Zepto पर लोगों ने जमकर खरीदारी की. किसी ने काजू कतली और लड्डू मंगाए तो किसी ने पार्टी के लिए स्नैक्स और Diet Coke ऑर्डर की. वहीं, धनतेरस पर सोने-चांदी के सिक्कों की ऑनलाइन खरीदारी भी खूब हुई.
Swiggy Instamart और Zepto के आंकड़े बताते हैं कि त्योहारों के दौरान लोगों की खरीदारी की आदतों में बदलाव आ रहा है. अब क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म सिर्फ किराना और रोजमर्रा का सामान पहुंचाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोग इनसे त्योहार की तैयारी, गिफ्टिंग और महंगी खरीदारी भी कर रहे हैं.
काजू कतली की रही सबसे ज्यादा मांग
दिवाली पर मिठाई की खरीदारी में लोगों की पसंद अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अलग रही. Swiggy Instamart पर काजू कतली सबसे ज्यादा ऑर्डर की जाने वाली मिठाई रही. इसके बाद मोतीचूर के लड्डू और बेसन के लड्डू की मांग रही.
वहीं, Zepto पर सबसे ज्यादा बार ऑर्डर की जाने वाली मिठाई लड्डू रही. हालांकि, कुल बिक्री की मात्रा के मामले में सोहन पापड़ी सबसे आगे रही. इससे पता चलता है कि दिवाली पर पारंपरिक मिठाइयों की मांग अब भी मजबूत बनी हुई है.
गिफ्ट हैम्पर्स की मांग तीन गुना
दिवाली पर घर सजाने और गिफ्ट देने के लिए भी लोगों ने क्विक कॉमर्स का खूब इस्तेमाल किया. Zepto पर पिछले साल के मुकाबले फेस्टिव हैम्पर्स के ऑर्डर तीन गुना हो गए. वहीं, प्लेटफॉर्म पर त्योहार के दौरान 4.68 लाख दीयों के ऑर्डर मिले.
फूलों और मालाओं की मांग में भी सालाना आधार पर 2.5 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई. इसके अलावा फेस्टिव फैशन की खरीदारी दोगुनी हो गई. इसमें एथनिक कपड़ों और ट्रेडिशनल एक्सेसरीज की मांग ज्यादा रही. दिवाली के दिन ब्यूटी प्रोडक्ट्स के ऑर्डर भी प्लेटफॉर्म पर सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए.
Diet Coke बनी पसंद
दिवाली पर घरों में पार्टी और मेहमानों के स्वागत की तैयारी के लिए भी लोगों ने खूब खरीदारी की. Swiggy Instamart पर पार्टी से जुड़े सामान के ऑर्डर में पिछले साल के मुकाबले 162 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. वहीं, स्नैक्स और दूसरी खाने-पीने की चीजों की मांग 42 फीसदी बढ़ गई.
8 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच सबसे ज्यादा ऑर्डर दर्ज किए गए. इसी दौरान सुबह 11 बजकर 18 मिनट पर एक मिनट में सबसे ज्यादा ऑर्डर आए. दिवाली की पूर्व संध्या पर Diet Coke सबसे ज्यादा ऑर्डर किया जाने वाला नॉन-ग्रोसरी प्रोडक्ट रहा. Swiggy Instamart पर रायपुर, मदुरै, गुवाहाटी, त्रिशूर और कोल्लम में भी त्योहार के दौरान खरीदारी की अच्छी मांग रही.
सोने-चांदी के सिक्कों की भी ऑनलाइन खरीदारी
इस दिवाली क्विक कॉमर्स पर सिर्फ मिठाई और सजावट का सामान ही नहीं, बल्कि सोने-चांदी के सिक्के भी खरीदे गए. Swiggy Instamart पर 6 नवंबर को रात 12 बजकर 30 सेकंड पर हैदराबाद से पहला सोने का सिक्का ऑर्डर किया गया. यह फूल के डिजाइन वाला 24 कैरेट सोने का सिक्का था. इसके चार सेकंड बाद बेंगलुरु से चांदी के सिक्के का पहला ऑर्डर आया.
खरीदारी के आंकड़ों के मुताबिक, सोने के करीब दो-तिहाई सिक्के फूलों के डिजाइन वाले थे. वहीं, चांदी के सिक्कों में लक्ष्मी-गणेश डिजाइन की हिस्सेदारी 73 फीसदी रही. सिक्कों के ऑर्डर शाम 6 बजकर 38 मिनट पर सबसे ज्यादा रहे.
मुंबई में 1.11 लाख रुपये की खरीदारी
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर कुछ ग्राहकों ने बड़ी रकम की खरीदारी भी की. मुंबई में 1.11 लाख रुपये का सबसे बड़ा फेस्टिव शॉपिंग ऑर्डर दर्ज किया गया. इसमें लक्ष्मी-गणेश और कमल के डिजाइन वाले सोने के सिक्के शामिल थे.
हैदराबाद में 52215 रुपये का एक ऑर्डर आया, जिसमें 2 ग्राम का सोने का सिक्का और 100 ग्राम की चांदी की बार शामिल थी. वहीं, बेंगलुरु में 32298 रुपये के ऑर्डर में 2 ग्राम का लक्ष्मी डिजाइन वाला सोने का सिक्का और ऑलिव ऑयल खरीदा गया.
Latest Stories
Boeing Layoffs: बोइंग में फिर छंटनी की तैयारी, 2500 कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी, जानें क्या है वजह
Surf Excel, Rin और Wheel खरीदना हुआ महंगा, HUL ने 11% तक बढ़ाए दाम, देखें नई कीमतें
Bank Holiday: आज 7 शहरों में बैंक बंद, कल भी 6 शहरों में नहीं होगा काम, देखें पूरी लिस्ट
