PM मोदी की एक अपील से निवेशक हुए मालामाल! गोल्ड पर ₹36,460 तो चांदी पर ₹1.12 लाख का फायदा, जानें कैसे
पीएम मोदी ने मई 2026 में गैर-जरूरी सोने की खरीदारी कम करने की अपील की थी. मई और 22 नवंबर के भावों की तुलना करें तो खरीदारी टालने वालों को 10 ग्राम सोने पर 36,460 रुपये और एक किलो चांदी पर 1,12,393 रुपये की बचत हो सकती थी.

PM Modi Gold Appeal: सोने और चांदी की कीमतों में पिछले कुछ महीनों में बड़ी गिरावट आई है. ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करीब सात महीने पुरानी अपील एक बार फिर चर्चा में है. मई 2026 में पीएम मोदी ने देशवासियों से एक साल तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी कम करने की अपील की थी. उस समय सोना और चांदी ऊंचे स्तर पर कारोबार कर रहे थे. अब दोनों की कीमतों में आई गिरावट के बाद सवाल है कि अगर किसी ने उस वक्त खरीदारी टाल दी होती और आज सोना-चांदी खरीदा होता, तो उसे कितनी बचत होती?
bullions.co के मुताबिक, 10 मई 2026 को सोने की कीमत 1,58,550 रुपये प्रति 10 ग्राम थी. वहीं, चांदी का औसत भाव 2,61,463 रुपये प्रति किलो था. अब 22 नवंबर 2026 को बुलियन्स पर सोने की कीमत घटकर 1,22,090 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 1,49,070 रुपये प्रति किलो रह गई है.
सोने पर 10 ग्राम में ₹36,460 की बचत
अगर कोई खरीदार मई में सोना खरीदने के बजाय आज खरीदारी करता, तो उसे प्रति 10 ग्राम करीब 36,460 रुपये कम चुकाने पड़ते. मई में सोने का भाव 1,58,550 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जबकि 22 नवंबर को यह घटकर 1,22,090 रुपये पर आ गया यानी मई के मुकाबले अब 10 ग्राम सोना खरीदने के लिए 36,460 रुपये कम खर्च करने होंगे. यह अंतर उस खरीदार के लिए बचत के बराबर है, जिसने पहले खरीदारी टाल दी होती.
चांदी खरीदने पर ₹1.12 लाख से ज्यादा बचते
चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट आई है. मई 2026 में चांदी का औसत भाव 2,61,463 रुपये प्रति किलो था. वहीं, 22 नवंबर को इसकी कीमत घटकर 1,49,070 रुपये प्रति किलो रह गई.
इस हिसाब से मई के मुकाबले अब एक किलो चांदी खरीदने पर 1,12,393 रुपये कम खर्च करने होंगे. यानी खरीदारी टालने वाले व्यक्ति को एक किलो चांदी पर करीब 1.12 लाख रुपये की बचत हो सकती थी.
पीएम मोदी ने किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में 5वें नेशनल स्किल कॉन्वोकेशन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने अपनी इस अपील का जिक्र भी किया. उन्होंने कहा था कि उन्होंने देशवासियों से अपील की थी कि अगर जरूरी न हो तो एक साल तक सोना न खरीदें. पीएम मोदी ने इसकी तुलना 1965 में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की उस अपील से की, जिसमें उन्होंने खाद्य संकट के दौरान लोगों से एक समय का भोजन छोड़ने को कहा था.
पीएम मोदी के मुताबिक, देशवासियों ने उनकी अपील पर ध्यान दिया और कम सोना खरीदा. उन्होंने कहा कि लोगों ने उनसे यह भी कहा कि उनकी सलाह मानने से उनका पैसा बच गया.
इसे भी पढ़ें- ₹100 से कम के 3 स्टॉक में कमाई का मौका! IDFC समेत इन 3 पर BUY रेटिंग, जानें टारगेट प्राइस