₹993 महंगा हुआ कमर्शियल LPG सिलेंडर, घरेलू गैस के नहीं बदले दाम, 1 मई से बिना OTP के नहीं मिलेगी डिलीवरी
चुनाव खत्म होते ही महंगाई ने बड़ा झटका दिया है. 1 मई से कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में करीब ₹1000 की भारी बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे कारोबारियों पर असर पड़ेगा. हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है. साथ ही अब गैस डिलीवरी के लिए OTP सिस्टम भी अनिवार्य कर दिया गया है.

LPG Latest Price 1 may 2026: 5 राज्यों/UT के चुनाव खत्म होते ही आम लोगों और कारोबारियों को महंगाई का झटका लगा है. 1 मई से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में करीब ₹1000 तक की भारी बढ़ोतरी कर दी गई है. हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू इस्तेमाल वाले 14.2 किलो गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है. कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी का असर होटलों के बिल पर पड़ेगा.
दिल्ली में क्या है नया रेट?
देश की राजधानी दिल्ली में कमर्शियल LPG सिलेंडर अब ₹3071.50 का हो गया है, जो पहले ₹2078.50 था. यानी एक झटके में ₹993 की बढ़ोतरी हुई है. वहीं घरेलू गैस सिलेंडर अभी भी ₹913 में मिल रहा है.
देश के अन्य शहरों का हाल
- मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर ₹3024 का हो गया है, जबकि पहले इसकी कीमत करीब ₹2031 थी.
- कोलकाता में इसका रेट बढ़कर ₹3202 पहुंच गया है.
- चेन्नई में अब यह ₹3237 में मिल रहा है.
उत्तर प्रदेश के शहरों में भी कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी देखी गई है:
- आगरा: ₹3125.50
- लखनऊ: ₹3194
- गोरखपुर: ₹3255.50
वहीं घरेलू सिलेंडर के दाम इन शहरों में लगभग पहले जैसे ही बने हुए हैं.
घरेलू उपभोक्ताओं को राहत
14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. अलग-अलग शहरों में यह लगभग ₹900 से ₹1000 के बीच मिल रहा है.
नया नियम: OTP के बिना नहीं मिलेगी डिलीवरी
1 मई से गैस सिलेंडर की डिलीवरी के नियम भी सख्त कर दिए गए हैं. अब सिलेंडर लेते समय उपभोक्ता को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दिखाना जरूरी होगा. बिना OTP के डिलीवरी पूरी नहीं मानी जाएगी. अगर आपका नंबर अपडेट नहीं है, तो डिलीवरी बॉय उसी समय ऐप के जरिए इसे अपडेट कर सकता है.
क्यों जरूरी है यह बदलाव?
सरकार का कहना है कि इससे फर्जी डिलीवरी और गलत लोगों तक गैस पहुंचने जैसी समस्याओं पर रोक लगेगी. कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में भारी बढ़ोतरी से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर सीधा असर पड़ेगा. हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली हुई है. आने वाले समय में गैस कीमतों की दिशा पर सबकी नजर बनी रहेगी.
यह भी पढ़ें: 5 Star AC और 3 Star AC में क्या खरीदना है फायदे का सौदा, कहां होगी ज्यादा बचत? ऐसे बनाएं शॉपिंग प्लान