मेटा ला रहा ‘Arena’ ऐप! अब सोशल मीडिया के बाद प्रेडिक्शन मार्केट में एंट्री करेंगे मार्क जुकरबर्ग

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग अब सोशल मीडिया के बाद प्रेडिक्शन मार्केट में बड़ा दांव खेलने की तैयारी में हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेटा 'Arena' नाम का एक नया स्टैंडअलोन ऐप विकसित कर रही है, जो Polymarket और Kalshi जैसे प्लेटफॉर्म्स को चुनौती देगा.

मार्क जुकरबर्ग का बड़ा फैसला! Image Credit: TV9

सोशल मीडिया की दुनिया पर राज करने के बाद मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग अब एक नया दांव खेलने की तैयारी में हैं. मेटा एक ऐसा स्मार्टफोन ऐप बना रही है जो पॉलीमार्केट (Polymarket) और कालशी (Kalshi) जैसे प्रेडिक्शन मार्केट प्लेटफॉर्म्स को टक्कर देगा. ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जुकरबर्ग ने इसके लिए अपनी कंपनी में एक छोटी सी टीम भी तैनात कर दी है.

पॉइंट सिस्टम से होगी शुरुआत

मेटा के इस नए ऐप का अंदरूनी नाम ‘Arena’ रखा गया है. शुरुआती योजना के तहत, इस ऐप में यूजर्स असली पैसे लगाने के बजाय वीडियो गेम की तरह एक ‘पॉइंट्स सिस्टम’ के जरिए भविष्यवाणियां (wager) कर सकेंगे. हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कंपनी ने भविष्य में इसमें असली पैसे से सट्टेबाजी या दांव लगाने की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है.

मुख्य सोशल मीडिया ऐप्स से अलग होगा ‘Arena’

मेटा इस ऐप को एक स्टैंडअलोन ऐप के रूप में पेश करेगी. यानी यह फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और मैसेंजर से बिल्कुल अलग काम करेगा. इसके अलावा मेटा ‘मेटा फोटोज’ नाम के एक और स्वतंत्र ऐप पर भी काम कर रही है, जो नए तरह के मीडिया जेनरेट करने में मदद करेगा.

मेटा के पास दुनिया भर में रोजाना करीब 3.56 अरब एक्टिव यूजर्स का एक बड़ा नेटवर्क है. कंपनी अपने इसी बड़े यूजर बेस का फायदा उठाकर लोगों को ‘Arena’ ऐप की तरफ आकर्षित करना चाहती है.

यह भी पढ़ें: आकाशतीर भारत का नया ‘ब्रह्मास्त्र’, विदेशियों की बना पसंद, अमेरिकी थाड और पैट्रियट भी हुए साइडलाइन

क्यों बढ़ रहा है प्रेडिक्शन मार्केट का क्रेज?

2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान प्रेडिक्शन मार्केट्स (भविष्यवाणी के बाजार) की लोकप्रियता में भारी उछाल आया है. अब लोग चुनाव से लेकर खेल और आर्थिक नीतियों तक, हर बड़े इवेंट पर दांव लगा रहे हैं. बर्नस्टीन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस दशक के अंत तक प्रेडिक्शन मार्केट का सालाना ट्रेडिंग वॉल्यूम 1 ट्रिलियन डॉलर (लाख करोड़) तक पहुंच सकता है. रोबिनहुड और इंटरएक्टिव ब्रोकर्स जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स ने भी इस क्षेत्र में कदम रख दिया है.