2 रुपए प्रति लीटर महंगा हो जाएगा दूध, 11 अगस्त से इस राज्य में बढ़ने वाले हैं दाम
Milk Price Hike: आपकी सुबह की चाय और रसोई का बजट बहुत ही जल्द बिगड़ने वाला है, मंगलवार यानी 11 अगस्त से गाय और भैंस के दूध की कीमत में बढ़ोतरी होने वाली है. न केवल दूध के दाम बल्कि डेयरी प्रोडक्ट की कीमतों में भी इजाफा होने वाला है. दूध और डेयरी प्रोडक्ट की कीमतों में बढ़ोतरी का क्या कारण है, आइए जानते हैं.

दूध की कीमत में बढ़ोतरी होने वाली है, इस बार महाराष्ट्र के लोगों की सुबह की चाय और रसोई के बजट पर महंगाई का झटका लगेगा. महाराष्ट्र में गाय और भैंस के दूध की कीमतें मंगलवार यानी 11 अगस्त से 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ने वाली है. आप भी अगर महाराष्ट्र में रहते हैं और रोजाना दूध खरीदते हैं तो यह खबर आपके लिए जानना बेहद ही जरूरी है. बड़े कोऑपरेटिव और प्राइवेट डेयरियों के प्रतिनिधियों ने बढ़ोतरी को मंज़ूरी दे दी है.
यह फैसला मिल्क प्रोड्यूसर्स एंड प्रोसेसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की मीटिंग में लिया गया है. एसोसिएशन के प्रेसिडेंट गोपालराव म्हस्के (Gopalrao Mhaske) ने मीटिंग की अध्यक्षता की.
कब से लागू होंगी दूध की नई कीमतें?
मिल्क प्रोड्यूसर्स एंड प्रोसेसर्स वेलफेयर एसोसिएशन के मुताबिक, दूध की बिक्री कीमत 2 रुपए प्रति लीटर और डेयरी प्रोडक्ट्स की कीमतों में 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी करने का फ़ैसला किया है. दूध और डेयरी प्रोडक्ट की बढ़ी हुई कीमतें दो दिन बाद मंगलवार 11 अगस्त से लागू हो जाएंगी.
क्यों बढ़ रहे हैं दूध के दाम?
इकनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, मिल्क प्रोड्यूसर्स एंड प्रोसेसर्स वेलफेयर एसोसिएशन का कहना है कि पिछले कुछ समय में दूध की कीमत और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी लागत बढ़ी है और दूध और डेयरी प्रोडक्ट की कीमतें बढ़ने के पीछे नीचे बताए गए कारण जिम्मेदार हैं.
परिवहन लागत में हुआ इजाफा: डीजल की कीमतें 10 रुपए प्रति लीटर बढ़ गई हैं, इस वजह से ट्रांसपोर्टेशन का खर्च बढ़ गया है.
पैकेजिंग का खर्च बढ़ा: दूध जिस भी पैकेट में पैक किया जाता है, उस पैकेजिंग का खर्च भी पिछले कुछ समय में लगभग 30 फीसदी बढ़ गया है. इस बढ़ते खर्च के कारण भी दूध और डेयरी प्रोडक्ट की कीमतों को बढ़ाने का फैसला लिया गया है.
दूध की खरीद में भी इजाफा: पशुपालकों से खरीदा जाने वाला दूध भी पिछले कुछ समय में महंगा हुआ है जिससे दूध की खरीद कीमत बढ़ गई है और आगे भी बढ़ोतरी की उम्मीद है. इन सभी बढ़ती लागतों को देखते हुए एसोसिएशन ने 11 अगस्त से दूध की कीमत में बढ़ोतरी का फैसला किया है.
ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट तनाव: भारत ने बदला गैस सप्लाई का रूट, अब इस देश से आएगी 67% LPG