नाना पाटेकर अपने पीछे छोड़ गए करोड़ों की संपत्ति, 27 एकड़ का फार्महाउस; मुंबई और गोवा में घर, फिर भी था सादगी भरा जीवन

Nana Patekar Net worth: उन्हें गोवा स्थित अपने घर पर कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका. नाना पाटेकर की कुल संपत्ति को लेकर अलग-अलग अनुमान सामने आते रहे हैं.

नाना पाटेकर (फाइल फोटो) Image Credit: Tv9 Network

Nana Patekar Net worth: बॉलीवुड और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का गुरुवार को 75 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्हें गोवा स्थित अपने घर पर कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका. नाना पाटेकर के निधन के बाद उनके लंबे फिल्मी करियर के साथ उनकी संपत्ति और सादगी भरी जिंदगी भी चर्चा में है. नाना पाटेकर की मौत ने उनकी उस दौलत पर फिर से ध्यान खींचा है जो असल में उनके सादगी भरे जीवन से बिल्कुल अलग थी.

कितनी थी नाना पाटेकर की नेटवर्थ?

नाना पाटेकर की कुल संपत्ति को लेकर अलग-अलग अनुमान सामने आते रहे हैं. कुछ रिपोर्ट्स में उनकी नेटवर्थ करीब 50 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि कुछ अनुमानों में यह करीब 80 करोड़ रुपये तक पहुंचती है. फिल्मों से उनकी कमाई भी काफी मजबूत रही. रिपोर्ट के अनुसार, वह एक फिल्म के लिए करीब 2 से 3 करोड़ रुपये तक की फीस लेते थे.

मुंबई में सिर्फ 750 वर्ग फीट का फ्लैट

करोड़ों की संपत्ति के बावजूद नाना पाटेकर की जीवनशैली बेहद सादगी भरी रही. वह मुंबई के अंधेरी इलाके में करीब 750 वर्ग फीट के एक बेडरूम वाले फ्लैट में लंबे समय तक रहे. रिपोर्ट के मुताबिक, यह घर उन्होंने कई दशक पहले करीब 1.1 लाख रुपये में खरीदा था. आज इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई जाती है.

नाना पाटेकर अपनी मां के साथ भी इसी घर में रहते थे. मां के निधन के बाद भी उन्होंने इस घर को नहीं छोड़ा. यही सादगी उनकी पहचान का हिस्सा बनी रही.

गोवा में भी था घर

मुंबई के अलावा नाना पाटेकर के पास गोवा में भी एक घर था. रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के पुराने और साधारण फ्लैट की तुलना में गोवा का उनका घर ज्यादा आधुनिक और समकालीन डिजाइन वाला था. वह मुंबई, गोवा और पुणे के बीच समय बिताते थे.

पुणे में 27 एकड़ का फार्महाउस

नाना पाटेकर के पास पुणे के खडकवासला के पास करीब 27 एकड़ में फैला फार्महाउस भी था. रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रॉपर्टी में सात कमरे और एक बड़ा हॉल था.

महंगी कारों का शौक नहीं

नाना पाटेकर की कारों की पसंद भी उनकी सादगी को दिखाती थी. रिपोर्ट के मुताबिक, उनके पास Mahindra Jeep CJ4, Audi Q7 और Mahindra Scorpio जैसी गाड़ियां थीं. उनका कार कलेक्शन उन बॉलीवुड सितारों जैसा नहीं था, जिनके पास कई लग्जरी और सुपरकार होती हैं.

करीब पांच दशक का शानदार फिल्मी करियर

नाना पाटेकर ने 1978 में फिल्म ‘गमन’ से हिंदी सिनेमा में शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘वेलकम’ और ‘नटसम्राट’ जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं. अपने करियर में उन्हें तीन नेशनल फिल्म अवॉर्ड, चार फिल्मफेयर अवॉर्ड और दो महाराष्ट्र स्टेट फिल्म अवॉर्ड मिले. साल 2013 में उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया था.

सबसे अधिक फीस लेने वाले अभिनेताओं में शुमार

1990 के दशक के बीच तक, पाटेकर हिंदी सिनेमा के सबसे अधिक फीस लेने वाले अभिनेताओं में से एक बन गए थे. कहा जाता है कि ‘अग्नि साक्षी’ की सफलता के बाद, पाटेकर की फीस प्रति फिल्म 1.25 करोड़ रुपये हो गई थी. उस समय, फिल्मों से मिलने वाली कमाई के मामले में हिंदी सिनेमा में वे अमिताभ बच्चन के बाद दूसरे स्थान पर थे. यह आंकड़ा तब और भी चौंकाने वाला लगता है जब इसकी तुलना उस 35 रुपये से की जाती है जो उन्होंने किशोरावस्था में कमाए थे.

कमाई से ज्यादा चर्चा सादगी और समाजसेवा की

नाना पाटेकर की पहचान सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता के तौर पर नहीं थी. वह सामाजिक कार्यों के लिए भी जाने जाते थे. रिपोर्ट के मुताबिक, 2015 में उन्होंने महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित किसानों की मदद की थी और लातूर तथा विदर्भ के 100 से ज्यादा प्रभावित परिवारों को 15-15 हजार रुपये के चेक दिए थे.

यही वजह है कि नाना पाटेकर की संपत्ति की कहानी सिर्फ करोड़ों रुपये, घर और कारों तक सीमित नहीं है. एक तरफ उनका करीब 50 से 80 करोड़ रुपये का अनुमानित नेटवर्थ था, तो दूसरी तरफ उनकी निजी जिंदगी बेहद साधारण रही.

यह भी पढ़ें: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन, गोवा के घर में मिले थे बेहोश