कौन हैं Bela Bajaria? जिन्हें Netflix ने कंटेंट चीफ के पद से हटाया, Peter Rice संभालेंगे जिम्मेदारी

Netflix में बड़ा नेतृत्व बदलाव हुआ है. कंपनी की चीफ कंटेंट ऑफिसर बेला बजरिया करीब 10 साल बाद कंपनी छोड़ रही हैं. उनकी जगह Disney और Fox के पूर्व एग्जीक्यूटिव पीटर राइस 26 अक्टूबर से जिम्मेदारी संभालेंगे. यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब Netflix की ऑडियंस एंगेजमेंट ग्रोथ धीमी है और कंपनी ने करीब 1,000 कर्मचारियों की छंटनी की है.

कंपनी की चीफ कंटेंट ऑफिसर बेला बजरिया करीब 10 साल बाद कंपनी छोड़ रही हैं. Image Credit:

Netflix में बड़ा नेतृत्व बदलाव हुआ है. कंपनी की चीफ कंटेंट ऑफिसर बेला बजरिया करीब 10 साल बाद कंपनी छोड़ रही हैं. उनकी जगह पूर्व Disney और Fox एग्जीक्यूटिव पीटर राइस 26 अक्टूबर से कंटेंट की कमान संभालेंगे. यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब Netflix की ऑडियंस एंगेजमेंट ग्रोथ धीमी पड़ रही है, शेयर पर दबाव है और कंपनी ने करीब 1000 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है. अब सवाल है कि क्या Netflix अपनी कंटेंट रणनीति में बदलाव करके ग्रोथ को रफ्तार दे पाएगा.

कौन हैं Bela Bajaria?

बेला बजरिया साल 2016 में Netflix से जुड़ी थीं. इससे पहले वह CBS और NBCUniversal में काम कर चुकी थीं और Universal Television की प्रमुख भी रही थीं. जनवरी 2023 में उन्हें Netflix का चीफ कंटेंट ऑफिसर बनाया गया.

बजरिया के कार्यकाल में Netflix ने अंग्रेजी कंटेंट से आगे बढ़कर स्थानीय भाषाओं की फिल्मों और सीरीज पर निवेश बढ़ाया. कंपनी ने दुनिया के अलग-अलग बाजारों में अपनी मौजूदगी मजबूत की. Squid Game, Bridgerton और Stranger Things जैसे चर्चित शो Netflix की पहचान को मजबूत करने वाले प्रमुख टाइटल रहे.

Netflix में बजरिया का क्या रहा योगदान?

बजरिया के नेतृत्व में Netflix ने कंटेंट की डायवर्सिटी बढ़ाई. कंपनी ने स्क्रिप्टेड शो और फिल्मों के साथ अनस्क्रिप्टेड कार्यक्रमों, लाइव इवेंट और खेल प्रसारण पर भी ध्यान दिया. WWE और NFL के साथ साझेदारी इसी रणनीति का हिस्सा रही. इन कदमों से Netflix ने दर्शकों को मनोरंजन के ज्यादा विकल्प देने की कोशिश की.

उनकी भूमिका सिर्फ शो और फिल्मों को मंजूरी देने तक सीमित नहीं थी. वह दुनिया भर के कलाकारों और मनोरंजन उद्योग के लोगों के साथ कंपनी के संबंध मजबूत करने में भी शामिल थीं. उनके जाने के बाद Netflix के लिए वैश्विक कंटेंट रणनीति को आगे बढ़ाना और दर्शकों के बीच नए चर्चित शो लाना बड़ी चुनौती होगी.

क्यों जा रही हैं Bela Bajaria?

Netflix ने बजरिया के जाने की कोई खास वजह सार्वजनिक नहीं की है. हालांकि, यह फैसला कंपनी की ग्रोथ को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच आया है. साल 2026 की पहली छमाही में Netflix की ऑडियंस एंगेजमेंट में सालाना आधार पर सिर्फ 2 फीसदी बढ़ोतरी हुई. कंपनी के सह-CEO टेड सारंडोस ने भी माना कि Netflix की ग्रोथ उनकी उम्मीद के मुताबिक तेज नहीं है.

कंटेंट प्रदर्शन को लेकर भी कंपनी पर सवाल उठ रहे हैं. साल 2026 के प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स में Netflix को 16 पुरस्कार मिले, जबकि 2025 में उसने 30 पुरस्कार जीते थे. यह 2016 के बाद उसका सबसे कम आंकड़ा रहा.

छंटनी और शेयर पर दबाव के बीच बड़ा बदलाव्

बजरिया के जाने से एक दिन पहले Netflix ने करीब 1000 कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की थी. यह कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग 6 फीसदी है. छंटनी और शीर्ष नेतृत्व में बदलाव ऐसे समय हुए हैं, जब निवेशक कंपनी की धीमी ग्रोथ और कंटेंट पर किए जा रहे खर्च के नतीजों को लेकर चिंतित हैं.

यह भी पढ़ें- भारत-अमेरिका संबंधों की परीक्षा, क्या ट्रंप लगाएंगे 100% टैरिफ? 10 दिनों के भीतर हो सकता है बड़ा फैसला

अब Peter Rice के सामने क्या होगी चुनौती?

पीटर राइस 26 अक्टूबर से Netflix के चीफ कंटेंट ऑफिसर के रूप में काम शुरू करेंगे. वह पहले Walt Disney Television के चेयरमैन और Disney में जनरल एंटरटेनमेंट कारोबार के प्रमुख रह चुके हैं. अपने करियर में वह Fox में भी वरिष्ठ पदों पर रहे हैं. उनके कार्यकाल से जुड़े कार्यक्रमों में Modern Family और The Bear जैसे शो शामिल हैं.

Netflix में राइस फिल्मों, टीवी सीरीज, लाइव इवेंट और अलग-अलग क्षेत्रों के कंटेंट की जिम्मेदारी संभालेंगे. उनके सामने ऐसी फिल्में और शो तैयार कराने की चुनौती होगी, जो दर्शकों का ध्यान खींचें और कंपनी की ग्रोथ को गति दें. साथ ही उन्हें यह भी समझना होगा कि Netflix की मौजूदा चुनौतियों की वजह कंटेंट रणनीति है या तेजी से बदलते स्ट्रीमिंग बाजार में कंपनी के कारोबारी मॉडल पर बढ़ता दबाव.