Vitamin D3 से लेकर डायबिटीज तक, NPPA ने तय कीं 30 दवाओं की नई कीमतें; नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर होगी कार्रवाई
नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने 30 नई दवा फॉर्मूलेशन की खुदरा कीमतें तय कर दी हैं. इनमें Vitamin D3 Oral Solution, कैल्शियम और विटामिन सप्लीमेंट, डायबिटीज, एलर्जी तथा ऑर्गन ट्रांसप्लांट के बाद उपयोग होने वाली महत्वपूर्ण दवाएं शामिल हैं. यह फैसला Drugs (Prices Control) Order (DPCO), 2013 के तहत लिया गया है.

NPPA Drug Prices: देश में दवाओं की कीमतों को नियंत्रित करने वाली संस्था नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने 30 नई दवा फॉर्मूलेशन की खुदरा कीमतें तय कर दी हैं. इनमें Vitamin D3 Oral Solution, कैल्शियम और विटामिन सप्लीमेंट, डायबिटीज, हृदय रोग, एलर्जी तथा ऑर्गन ट्रांसप्लांट के बाद उपयोग की जाने वाली महत्वपूर्ण दवाएं शामिल हैं. इस कदम का उद्देश्य मरीजों को आवश्यक दवाएं उचित कीमत पर उपलब्ध कराना और मनमानी कीमत वसूली पर रोक लगाना है.
नई दवाओं पर लागू होगा कीमत नियंत्रण
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के औषधि विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह मूल्य निर्धारण Drugs (Prices Control) Order (DPCO), 2013 के तहत किया गया है. एनपीपीए ने स्पष्ट किया है कि ये कीमतें उन फॉर्मूलेशन पर लागू होंगी जिन्हें “New Drug” श्रेणी में रखा गया है. अधिसूचना में सूचीबद्ध निर्माता और मार्केटिंग कंपनियों को इन्हीं निर्धारित दरों पर बेचने होंगे.
Vitamin D3 और कैल्शियम सप्लीमेंट की कीमतें तय
नोटिफिकेशन में शामिल प्रमुख दवाओं में Cholecalciferol 60,000 IU युक्त Vitamin D3 Oral Solution (Nano Droplet) भी शामिल है. इसकी खुदरा कीमत 14.91 रुपये प्रति मिलीलीटर निर्धारित की गई है. इसके अलावा कैल्शियम, Vitamin D3, Methylcobalamin, L-Methylfolate Calcium और Pyridoxal-5 युक्त दवाओं की कीमतें भी तय की गई हैं. इन दवाओं का उपयोग हड्डियों को मजबूत बनाने, विटामिन की कमी दूर करने और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी समस्याओं के इलाज में किया जाता है.
डायबिटीज, एलर्जी और हृदय रोग की दवाएं भी सूची में
एनपीपीए ने कई ऐसी दवाओं की कीमतें भी निर्धारित की हैं, जिनका उपयोग लंबे समय तक चलने वाली बीमारियों के उपचार में किया जाता है. कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण के लिए उपयोग होने वाली Atorvastatin और Fenofibrate Tablet की कीमत 18.46 रुपये प्रति टैबलेट तय की गई है. वहीं, एलर्जी के इलाज में प्रयुक्त Bilastine और Montelukast Tablet की कीमत 21.22 रुपये प्रति टैबलेट निर्धारित की गई है. हाई ब्लड प्रेशर और हृदय संबंधी बीमारियों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली Bisoprolol Fumarate और Amlodipine संयोजन वाली Tablet की कीमत 9.40 रुपये प्रति टैबलेट तय की गई है.
डायबिटीज मरीजों को भी राहत
डायबिटीज के इलाज में उपयोग होने वाली Empagliflozin, Sitagliptin और Metformin Extended Release के संयोजन वाली दवा की कीमत 14.88 रुपये प्रति टैबलेट निर्धारित की गई है. इसके अलावा Sitagliptin, Glimepiride और Metformin युक्त दवा की कीमत 11.91 रुपये प्रति टैबलेट तय की गई है. इससे डायबिटीज मरीजों को नियंत्रित कीमत पर दवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है.
नियम उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
ऑर्गन ट्रांसप्लांट के बाद मरीजों को दी जाने वाली Tacrolimus Prolonged Release Capsule 3 mg की कीमत 127 रुपये प्रति कैप्सूल निर्धारित की गई है. एनपीपीए ने निर्देश दिया है कि सभी निर्माता निर्धारित प्रति यूनिट कीमत के आधार पर पैक मूल्य तय करें और संशोधित मूल्य सूची Integrated Pharmaceutical Database Management System (IPDMS) पर अपलोड करें.
साथ ही, खुदरा विक्रेताओं और डीलरों को अपने प्रतिष्ठानों पर मूल्य सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करनी होगी. प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि यदि कोई कंपनी या विक्रेता निर्धारित कीमत से अधिक वसूली करता है, तो उसे अतिरिक्त वसूली गई राशि ब्याज सहित जमा करनी होगी. यह कार्रवाई DPCO, 2013 और Essential Commodities Act, 1955 के तहत की जाएगी. नई अधिसूचना के लागू होने के साथ ही इन दवाओं से संबंधित सभी पुराने मूल्य आदेश स्वतः निरस्त माने जाएंगे.
यह भी पढ़ें: इस हफ्ते बाजार के लिए ट्रिगर पॉइंट बनेंगे ये फैक्टर; RBI से लेकर कच्चे तेल तक रहेगी नजर