क्रूड ऑयल संकट के बीच OIL को बड़ी कामयाबी, अंडमान में मिला नैचुरल गैस का बड़ा संकेत
अंडमान के समुद्री क्षेत्र में लगातार दूसरी बार प्राकृतिक गैस मिलने से Oil India की खोज परियोजना को बड़ी मजबूती मिली है. तीन में से दो खोजी कुओं में हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी की पुष्टि इस बात का संकेत है कि यह क्षेत्र फ्यूचर में भारत के ऊर्जा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.

Oil India Limited News: सरकारी तेल एवं गैस कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) को अंडमान के समुद्री क्षेत्र में प्राकृतिक गैस की खोज में एक और बड़ी सफलता मिली है. कंपनी ने शुक्रवार को NSE को दी गई जानकारी में बताया कि उसके तीसरे खोजी कुएं Vijayapuram-3 (Loc. OAEB) में नेचुरल गैस की मौजूदगी का पता चला है. इससे पहले भी इसी ब्लॉक के एक दूसरे कुएं में गैस मिलने की पुष्टि हो चुकी है. इस नई खोज के बाद कंपनी को उम्मीद है कि अंडमान क्षेत्र में हाइड्रोकार्बन रिसोर्स की संभावनाएं और मजबूत होंगी.
15 किलोमीटर समुद्र के भीतर हुई खोज
कंपनी के अनुसार Vijayapuram-3 कुआं अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित है. यह कुआं 355 मीटर गहरे समुद्री क्षेत्र में Offshore Andaman Block AN-OSHP-2018/1 के तहत ड्रिल किया गया है. यह ब्लॉक ओपन एकरेज लाइसेंसिंग पॉलिसी (OALP) के अंतर्गत आता है. शुरुआती प्रोडक्शन टेस्टिंग के दौरान 1,900 मीटर से अधिक गहराई पर इयोसीन फॉर्मेशन में लगातार गैस फ्लेयरिंग देखी गई, जिससे प्राकृतिक गैस की मौजूदगी की पुष्टि हुई.
https://nsearchives.nseindia.com/corporate/OIL_05062026142152_PressRelease05062026.pdf
परीक्षण के दौरान मिला पॉजिटिव रिजल्ट
Oil India ने बताया कि परफोरेशन के बाद कुएं में तुरंत दबाव बढ़ा और गैस का प्रवाह शुरू हो गया. फिलहाल कंपनी गैस के नमूने एकत्र कर रही है, ताकि उसकी संरचना, ऊष्मीय क्षमता (Calorific Value) और उत्पत्ति से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी हासिल की जा सके. इससे कंपनी को यह समझने में मदद मिलेगी कि क्षेत्र में मौजूद गैस संसाधनों की वास्तविक क्षमता कितनी है.
पहले भी मिल चुकी है गैस
यह पहली बार नहीं है जब इस ब्लॉक में गैस मिलने की पुष्टि हुई है. इससे पहले 26 सितंबर 2025 को Oil India ने Vijayapuram-2 (Loc. OAEA) नामक खोजी कुएं में भी प्राकृतिक गैस मिलने की जानकारी दी थी. अब तक इस ब्लॉक में कुल तीन खोजी कुएं ड्रिल किए जा चुके हैं, जिनमें से दो में हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है. कंपनी का मानना है कि यह क्षेत्र में तेल और गैस संसाधनों की मौजूदगी का मजबूत संकेत है.
आगे की रणनीति पर काम शुरू
कंपनी ने कहा है कि इस खोज से भविष्य की खोज और उत्पादन रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी. Vijayapuram-2 में गैस मिलने के बाद Oil India ने उपलब्ध 2D सिस्मिक डेटा को दोबारा प्रोसेस करने और अतिरिक्त 600 वर्ग किलोमीटर 3D सिस्मिक डेटा जुटाने का काम शुरू किया था, जिसे अब पूरा कर लिया गया है. फिलहाल इस डेटा की प्रोसेसिंग जारी है. इसके बाद कंपनी मूल्यांकन के लिए नए कुओं की ड्रिलिंग की योजना बनाएगी.
इसे भी पढ़ें- Titan और Tata Motors नहीं, इन 2 फार्मा शेयरों पर रेखा झुनझुनवाला ने लगाया 1550 करोड़ रुपये का दांव