Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल 87 और डीजल 91 पैसे और महंगा, एक हफ्ते में दूसरी बड़ी बढ़ोतरी, जानें नए रेट्स

महंगाई के बीच आम जनता को फिर बड़ा झटका लगा है. पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है, जबकि CNG के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं. जानिए दिल्ली समेत आपके शहर में आज क्या हैं पेट्रोल-डीजल के नए रेट्स और आखिर क्यों लगातार महंगा हो रहा है ईंधन.

Petrol Diesel Price Hike Image Credit: Canva/ Money9

Petrol Diesel New Price: महंगाई से जूझ रही आम जनता को तेल कंपनियों ने एक और बड़ा झटका दिया है. मंगलवार सुबह पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर करीब 91 पैसे प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी गई है. एक हफ्ते के भीतर ईंधन की कीमतों में यह दूसरा बड़ा इजाफा है. इससे ठीक 3 दिन पहले ही सरकार ने देशभर में पेट्रोल और डीजल के दामों में 3 रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी की थी. लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से अब आम आदमी का बजट पूरी तरह गड़बड़ाने लगा है.

क्या है पेट्रोल-डीजल की नई कीमत

IOC से मिले आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 15 मई के मुकाबले आज दिल्ली में (19 मई) सुबह 06:35 बजे से नई दरें लागू हो चुकी हैं:

  • पेट्रोल: पुराना दाम ₹97.77 था, जो अब 87 पैसे बढ़कर ₹98.64 प्रति लीटर हो गया है.
  • डीजल: पुराना दाम ₹90.67 था, जो अब 91 पैसे बढ़कर ₹91.58 प्रति लीटर पर पहुंच गया है.
  • XP95 (प्रीमियम पेट्रोल): ₹104.88 से बढ़कर अब ₹105.76 प्रति लीटर हो गया है.
  • XG: ₹95.99 से बढ़कर अब ₹96.90 प्रति लीटर पर आ गया है.

ईंधन महंगा होने की असली वजह क्या है?

पश्चिम एशिया में जारी इजरायल-ईरान और अमेरिका-ईरान तनाव के चलते वैश्विक ऊर्जा बाजार बुरी तरह प्रभावित हुआ है. होर्मुज स्ट्रेट के ब्लॉक होने और सप्लाई चेन बाधित होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं. भारत अपनी जरूरत का 85% से अधिक कच्चा तेल आयात करता है. ऐसे में डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी और ऊंचे इनपुट कॉस्ट के कारण ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) पर घाटा कम करने का भारी दबाव है, जिसके चलते यह बोझ उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है.

यह भी पढ़ें: रूसी तेल पर अमेरिका ने दी बड़ी राहत, 30 दिन बढ़ी छूट, भारत ने भी दिया बड़ा बयान; ब्रेंट क्रूड 110 डॉलर के नीचे आया

सीएनजी (CNG) के दाम भी आसमान पर

सिर्फ पेट्रोल-डीजल ही नहीं, बल्कि सीएनजी का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को भी राहत नहीं है. बीते दिनों इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली-एनसीआर में दो दिनों के भीतर सीएनजी की कीमतों में कुल 3 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है. दिल्ली में अब सीएनजी की कीमत ₹80.09 प्रति किलोग्राम और नोएडा-गाजियाबाद में ₹88.70 प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है. जानकारों का मानना है कि ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट बढ़ने से आने वाले दिनों में फल, सब्जी और दूध जैसी जरूरी चीजें भी महंगी हो सकती हैं.

Latest Stories