आम आदमी को झटका! पेट्रोल और डीजल ₹3 महंगा, जानें नई कीमतें

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर अब आम लोगों की जेब पर दिखने लगा है. शुक्रवार सुबह से पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया. नई कीमतों के बाद दिल्ली समेत देशभर में वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों और छोटे कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है.

Petrol Diesel Price Hike Image Credit: Canva/ Money9

Petrol Diesel Price Hike: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब भारत में भी दिखने लगा है. शुक्रवार सुबह 6 बजे से देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं. दिल्ली में पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है. नई कीमतों के बाद लोगों की रोजमर्रा की यात्रा और ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने की आशंका है.

कच्चे तेल की महंगाई का सीधा असर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और रुपये की कमजोरी के कारण तेल कंपनियों ने यह फैसला लिया है. दिल्ली पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष निश्चल सिंघानिया के मुताबिक, तेल कंपनियों ने देर रात पेट्रोल पंप संचालकों को नई दरों की जानकारी भेजी थी, जो शुक्रवार सुबह से लागू हो गईं.

जानिए नई कीमतें कितनी हुईं

नई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में नियमित पेट्रोल की कीमत करीब 97.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है. वहीं प्रीमियम पेट्रोल अब 104.88 रुपये प्रति लीटर के बीच पहुंच गया है. इससे निजी वाहन चालकों के साथ-साथ टैक्सी और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर भी असर पड़ेगा. मुंबई में पेट्रोल 3.14 रुपये तक महंगा हुआ तो वहीं कोलकाता में डीजल की कीमत में 3.11 रुपये तक बढ़ोतरी हुई है.

ईंधनपुराना रेट (प्रति लीटर)नया रेट (प्रति लीटर)
पेट्रोल₹94.77₹97.77
डीजल₹87.67₹90.67
XP95₹101.89₹104.88
XG₹92.99₹95.99
Source – Indian Oil

यात्रियों और कारोबारियों की बढ़ेगी परेशानी

ईंधन महंगा होने का असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ेगा. रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले लोगों, ट्रांसपोर्टरों और छोटे कारोबारियों के खर्च में बढ़ोतरी होगी. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में माल ढुलाई महंगी होने से जरूरी सामानों की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है.

यह भी पढ़ें: सरकार ने ड्यूटी-फ्री सोने के इंपोर्ट के नियम सख्त किए, हर लाइसेंस पर 100 kg की लिमिट की तय