RBI की नई लिस्ट जारी, SBI-HDFC और ICICI बैंक D-SIB में बरकरार, जानें कितना रखना होगा अतिरिक्त पैसा

RBI ने 2026 के लिए Domestic Systemically Important Banks (D-SIBs) की लिस्ट जारी कर दी है. इसमें SBI, HDFC बैंक और ICICI बैंक को बरकरार रखा गया है. तीनों बैंकों की बकेट कैटेगरी और अतिरिक्त कैपिटल की जरूरत में कोई बदलाव नहीं हुआ है. SBI को 0.80 फीसदी, HDFC बैंक को 0.40 फीसदी और ICICI बैंक को 0.20 फीसदी अतिरिक्त CET1 कैपिटल बनाए रखनी होगी.

RBI की 2026 की D-SIB लिस्ट में SBI, HDFC और ICICI बैंक बरकरार. Image Credit:

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 23 नवंबर को साल 2026 के लिए Domestic Systemically Important Banks (D-SIBs) की लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में देश के तीन बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), HDFC बैंक और ICICI बैंक अपनी जगह बनाए रखने में कामयाब रहे हैं. केंद्रीय बैंक ने तीनों बैंकों की कैटेगरी और अतिरिक्त कैपिटल की जरूरत में कोई बदलाव नहीं किया है. इसका मतलब है कि इन बैंकों को पिछले साल की तरह ही अपने रिस्क के हिसाब से एक्स्ट्रा कैपिटल बनाए रखनी होगी. RBI की यह लिस्ट इसलिए अहम है, क्योंकि इसमें उन बैंकों को शामिल किया जाता है, जिनकी विफलता का असर देश की पूरी बैंकिंग व्यवस्था और अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है.

किस बैंक को कितना रखना होगा अतिरिक्त कैपिटल?

RBI की 2026 की लिस्ट में SBI को बकेट 4 में रखा गया है. इसके तहत बैंक को अपने रिस्क वेटेड एसेट्स (RWA) के मुकाबले 0.80 फीसदी अतिरिक्त कॉमन इक्विटी टियर-1 (CET1) कैपिटल बनाए रखना होगा. वहीं, HDFC बैंक बकेट 2 में बना हुआ है. इसके लिए अतिरिक्त CET1 कैपिटल की जरूरत 0.40 फीसदी तय की गई है.

इसी तरह ICICI बैंक को बकेट 1 में रखा गया है. इस कैटेगरी के तहत बैंक को अपने रिस्क वेटेड एसेट्स के मुकाबले 0.20 फीसदी अतिरिक्त CET1 कैपिटल रखना होगा. RBI के मुताबिक, यह अतिरिक्त पूंजी कैपिटल कंजर्वेशन बफर (CCB) के ऊपर रखनी होगी. यानी बैंकों को सामान्य नियामकीय पूंजी जरूरतों के अलावा यह अतिरिक्त पूंजी भी बनाए रखनी होगी.

क्या होता है D-SIB बैंक?

D-SIB का पूरा नाम Domestic Systemically Important Banks है. आसान भाषा में समझें तो ये ऐसे बैंक होते हैं, जिनका देश की बैंकिंग व्यवस्था और अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा योगदान होता है. अगर किसी ऐसे बैंक का कारोबार ठप पड़ता है या वह वित्तीय संकट में फंसता है, तो इसका असर केवल उस बैंक तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दूसरे वित्तीय संस्थानों और पूरी अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है.

इसी जोखिम को ध्यान में रखते हुए RBI ऐसे बैंकों की पहचान करता है. इसके लिए बैंकों के Systemic Importance Score (SIS) का आकलन किया जाता है. इस स्कोर के आधार पर बैंकों को अलग-अलग बकेट में रखा जाता है. जिस बैंक का सिस्टमिक महत्व और जोखिम ज्यादा होता है, उसे ऊंचे बकेट में रखा जाता है और उसके लिए अतिरिक्त पूंजी की जरूरत भी अधिक होती है.

पांच बकेट में बांटे जाते हैं बैंक

RBI के D-SIB फ्रेमवर्क में कुल पांच बकेट बनाए गए हैं. इनमें बकेट 1 से लेकर बकेट 5 तक बैंक रखे जा सकते हैं. इन बकेट के आधार पर अतिरिक्त CET1 कैपिटल की जरूरत 0.20 फीसदी से लेकर 1 फीसदी तक होती है.

2026 की लिस्ट में किसी भी बैंक को बकेट 3 और बकेट 5 में जगह नहीं मिली है. SBI बकेट 4 में होने के कारण इन तीनों बैंकों में सबसे ज्यादा अतिरिक्त पूंजी बनाए रखेगा. वहीं HDFC बैंक और ICICI बैंक के लिए यह जरूरत क्रमशः 0.40 फीसदी और 0.20 फीसदी है.

कब शुरू हुआ था D-SIB फ्रेमवर्क?

RBI ने D-SIB फ्रेमवर्क की शुरुआत 22 जुलाई 2014 को की थी. इसके बाद 28 दिसंबर 2023 को इसे अपडेट किया गया. इस फ्रेमवर्क के तहत केंद्रीय बैंक को हर साल उन बैंकों के नाम सार्वजनिक करने होते हैं, जिन्हें घरेलू स्तर पर सिस्टमिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है.

RBI ने पहली बार 2015 में SBI को D-SIB घोषित किया था. इसके बाद 2016 में ICICI बैंक और 2017 में HDFC बैंक को इस लिस्ट में शामिल किया गया. 2026 की नई लिस्ट में भी ये तीनों बैंक अपनी जगह बनाए हुए हैं.

यह भी पढ़ें- आज शेयर बाजार में छुट्टी, BSE-NSE पर नहीं होगा कारोबार, जानें कमोडिटी मार्केट का टाइम

भारत में काम करने वाले विदेशी बैंकों के लिए भी नियम

RBI ने विदेशी बैंकों को लेकर भी इस फ्रेमवर्क में नियम स्पष्ट किए हैं. भारत में ब्रांच के जरिए कारोबार करने वाले ऐसे विदेशी बैंक, जिन्हें Global Systemically Important Banks (G-SIBs) के तौर पर पहचाना गया है, उन्हें भी भारत में अतिरिक्त CET1 कैपिटल बनाए रखनी होगी.

यह अतिरिक्त पूंजी भारत में उनके रिस्क वेटेड एसेट्स के अनुपात में तय की जाएगी. इसका उद्देश्य देश की वित्तीय व्यवस्था को किसी बड़े बैंकिंग संकट के संभावित असर से सुरक्षित रखना है.

RBI की इस लिस्ट का मकसद बड़े और महत्वपूर्ण बैंकों की वित्तीय मजबूती बनाए रखना है, ताकि किसी एक बैंक के संकट में आने पर पूरी बैंकिंग व्यवस्था और अर्थव्यवस्था पर उसका गंभीर असर न पड़े.