TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

आज शेयर बाजार में छुट्टी, BSE-NSE पर नहीं होगा कारोबार, जानें कमोडिटी मार्केट का टाइम

गुरु नानक जयंती के मौके पर 24 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार बंद रहेंगे. BSE और NSE पर इक्विटी, डेरिवेटिव्स, करेंसी और अन्य सेगमेंट में कारोबार नहीं होगा. हालांकि, कमोडिटी मार्केट में शाम 5 बजे से ट्रेडिंग शुरू होगी. सोमवार को सेंसेक्स 1,483 अंक और निफ्टी 450 अंक से ज्यादा गिरकर बंद हुए थे.

शेयर मार्केट Image Credit: Getty Images, canva

Highlights

  • गुरु नानक जयंती पर आज BSE और NSE में कारोबार बंद.
  • कमोडिटी मार्केट में शाम 5 बजे से शुरू होगी ट्रेडिंग.
  • सोमवार को सेंसेक्स 1,483 अंक और निफ्टी 450 अंक से ज्यादा टूटा.

गुरु नानक जयंती के मौके पर मंगलवार, 24 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार बंद रहेंगे. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में आज सभी प्रमुख सेगमेंट में कारोबार नहीं होगा. इसमें इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLB), करेंसी डेरिवेटिव्स और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स शामिल हैं. हालांकि, कमोडिटी डेरिवेटिव्स में शाम के सत्र में कारोबार होगा. बाजार में सामान्य ट्रेडिंग बुधवार, 25 नवंबर से फिर शुरू होगी.

आज किस सेगमेंट में कितने बजे होगा कारोबार?

शेयर बाजार में छुट्टी के बावजूद कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में शाम को ट्रेडिंग होगी. इसका सुबह का सत्र सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेगा. इसके बाद शाम 5 बजे से रात 11:30 बजे या 11:55 बजे तक कारोबार किया जा सकेगा. वहीं, इक्विटी और अन्य प्रमुख सेगमेंट में पूरे दिन ट्रेडिंग बंद रहेगी.

सोमवार को बाजार में आई थी बड़ी गिरावट

छुट्टी से पहले सोमवार, 23 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार में तेज बिकवाली देखने को मिली थी. सेंसेक्स और निफ्टी ने अपनी दो दिनों की तेजी का सिलसिला तोड़ दिया. निफ्टी करीब 1.75 फीसदी गिरकर 25,349.65 पर बंद हुआ. यह करीब पांच महीने की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट रही. वहीं, सेंसेक्स 1,483.72 अंक यानी 1.77 फीसदी टूटकर 82,435.99 पर बंद हुआ.

बाजार में ऑटो, मेटल और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली का सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला. निफ्टी में टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, ICICI बैंक, हिंडाल्को और HDFC बैंक सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में शामिल रहे. दूसरी ओर TCS, टेक महिंद्रा, श्रीराम फाइनेंस, HCL टेक्नोलॉजीज और टाइटन के शेयरों में बढ़त रही.

IT और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स को छोड़ सभी सेक्टर लाल निशान में

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो IT और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स को छोड़कर बाकी सभी सेक्टरों में गिरावट रही. मेटल, ऑयल एंड गैस, PSU बैंक, प्राइवेट बैंक, इंफ्रास्ट्रक्चर, एनर्जी और ऑटो इंडेक्स में 1 से 3 फीसदी तक की कमजोरी आई.

हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में गिरावट बेंचमार्क इंडेक्स के मुकाबले कम रही. निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.7 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.66 फीसदी गिरकर बंद हुआ.

ये भी पढ़ें- Jensen Huang की Nvidia में वापसी से शेयरों में तूफानी तेजी, खुलते ही 33% उछला स्टॉक, जानें अब कितना है भाव

रुपये में भी आई गिरावट

सोमवार को भारतीय रुपया भी डॉलर के मुकाबले कमजोर रहा. पांच कारोबारी सत्रों की लगातार तेजी के बाद रुपया 24 पैसे गिरकर 92.91 प्रति डॉलर पर बंद हुआ. पिछले कारोबारी सत्र में यह 92.67 प्रति डॉलर पर था.

एक्सपर्ट के मुताबिक, शेयर बाजार में बिकवाली के कारण रुपये पर दबाव आया. हालांकि, विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी से रुपये को सहारा मिल रहा है.

उनके अनुसार, आने वाले दिनों में रुपये का कारोबार 92.50 से 93.55 प्रति डॉलर के दायरे में रह सकता है. इस सप्ताह विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी पर बाजार की नजर रहेगी.