MSME सेक्टर को AI से होगा 685 अरब डॉलर का फायदा! RBI गवर्नर ने बताई भारतीय कंपनियों की बड़ी कमी
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा के मुताबिक, AI से भारत के MSME सेक्टर को 490 अरब से 685 अरब डॉलर तक का आर्थिक फायदा हो सकता है. हालांकि, देश की छोटी कंपनियां अभी AI का इस्तेमाल करने में पीछे हैं.

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने छोटे और मझोले कारोबारियों को AI और नई तकनीक अपनाने की सलाह दी है. उनका कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से देश के माइक्रो, स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज (MSME) सेक्टर को 490 अरब से 685 अरब डॉलर तक का आर्थिक फायदा मिल सकता है. इसके बावजूद भारत में MSME कंपनियों के बीच AI का इस्तेमाल अभी काफी कम है. उन्होंने कारोबारियों से घरेलू बाजार तक सीमित न रहने और भारत के फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) का फायदा उठाकर विदेशों में भी कारोबार बढ़ाने की अपील की.
AI से MSME सेक्टर को मिल सकता है बड़ा फायदा
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मुंबई में SME Finance & Investment Summit के दौरान कहा कि AI छोटे कारोबारियों को बड़ी कंपनियों के साथ मुकाबला करने में मदद कर सकता है. इससे काम की रफ्तार, प्रोडक्ट की क्वालिटी और ग्राहकों को दी जाने वाली सुविधाओं में सुधार हो सकता है. उनके मुताबिक, AI से MSME सेक्टर को 490 अरब से 685 अरब डॉलर तक की आर्थिक वैल्यू मिलने का अनुमान है.
उन्होंने कारोबारियों से प्रोडक्टिविटी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन में निवेश करने की अपील की. मल्होत्रा ने कहा कि मौके अपने आप नहीं मिलते, बल्कि कंपनियों को खुद आगे बढ़कर उनका फायदा उठाना होगा. इसके लिए सही समय पर पर्याप्त फंडिंग मिलना भी जरूरी है.
भारत में सिर्फ 15% MSME कर रहे AI का इस्तेमाल
RBI गवर्नर ने बताया कि भारत के MSME सेक्टर में AI अपनाने की दर करीब 15% है. यह चीन, अमेरिका और जर्मनी जैसे देशों से पीछे है. एक हालिया सर्वे का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 76% MSME लीडर किसी न किसी रूप में AI का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन सिर्फ 5% ने इसे अपने कारोबार के मुख्य कामकाज का हिस्सा बनाया है.
उन्होंने कहा कि छोटी कंपनियां डिजिटल अकाउंटिंग, इन्वेंट्री मैनेजमेंट, क्वालिटी कंट्रोल और कस्टमर सर्विस जैसे कामों में AI का इस्तेमाल शुरू कर सकती हैं. इसके साथ कर्मचारियों को नई तकनीक की ट्रेनिंग देना भी जरूरी है.
बड़ी कंपनियों के मुकाबले कम है MSME की प्रोडक्टिविटी
मल्होत्रा के मुताबिक, भारत के MSME सेक्टर में हर कर्मचारी की प्रोडक्टिविटी बड़ी कंपनियों के मुकाबले काफी कम है. भारतीय MSME में प्रति कर्मचारी वैल्यू एडिशन बड़ी कंपनियों के स्तर का सिर्फ 26% है. यह आंकड़ा विकसित देशों के साथ ब्राजील और मैक्सिको से भी कम है.
उन्होंने कहा कि अगर भारतीय MSME अपने-अपने सेक्टर की विकसित अर्थव्यवस्थाओं की टॉप कंपनियों के बराबर प्रोडक्टिविटी हासिल कर लें, तो इससे देश की GDP में 11% के बराबर फायदा हो सकता है. AI और नई तकनीक इस अंतर को कम करने में मदद कर सकती हैं.
FTA का फायदा क्यों नहीं उठा पा रहे भारतीय कारोबारी?
RBI गवर्नर ने MSME कंपनियों से घरेलू बाजार के बाहर भी कारोबार बढ़ाने को कहा. उन्होंने बताया कि भारत ने पिछले कुछ सालों में ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और ओमान समेत कई देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं. इन समझौतों के तहत कुछ सामानों के एक्सपोर्ट पर कम टैक्स का फायदा मिलता है.
लेकिन भारत के सिर्फ 20-30% योग्य एक्सपोर्ट को ही इन कम टैक्स दरों का फायदा मिल रहा है. वहीं, भारत के साथ समझौता करने वाले देशों के एक्सपोर्ट में यह इस्तेमाल 60-70% तक है. मल्होत्रा ने कारोबारियों से अपने प्रोडक्ट से जुड़े FTA, क्वालिटी, स्टैंडर्ड और सर्टिफिकेशन की जानकारी लेने को कहा.
MSME को फंडिंग और बैंकिंग सपोर्ट पर भी जोर
मल्होत्रा ने कहा कि सरकार और RBI MSME सेक्टर को बेहतर माहौल देने के लिए कई कदम उठा रहे हैं. इनमें एक तय सीमा तक बिना गारंटी लोन, डिजिटल लेंडिंग, प्रायोरिटी सेक्टर लेंडिंग के जरिए ज्यादा फंड और वर्किंग कैपिटल तक आसान पहुंच शामिल है.
उन्होंने बैंकों से भी कहा कि MSME को सिर्फ नियमों का पालन करने या लक्ष्य पूरा करने का जरिया न समझें. उनके मुताबिक, ये छोटे कारोबार बैंक के विकास में भी भागीदार बन सकते हैं.
यह भी पढ़ें: नए साल से बदल जाएगी UPI पेमेंट की ये सुविधा, HDFC ग्राहकों को लगेगा झटका!