RBI गवर्नर की बैंकों को दो टूक, छोटे कारोबारियों को बांटें ज्यादा कर्ज, ₹1,000 करोड़ से होगा 100 गुना फायदा

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बैंकों से छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों को ज्यादा कर्ज देने की अपील की है. उनका कहना है कि बड़े कारोबार को 1,000 करोड़ रुपये का लोन देने के मुकाबले यही रकम छोटे उद्यमों में बांटने से 100 गुना और माइक्रो कारोबारियों को देने से 1,000 गुना तक ज्यादा आर्थिक फायदा हो सकता है.

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा Image Credit:

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बैंकों से छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों को ज्यादा से ज्यादा कर्ज देने की अपील की है. उनका कहना है कि बड़े कॉरपोरेट को भारी-भरकम लोन देने के मुकाबले छोटी कंपनियों और कारोबारियों को कर्ज देने से अर्थव्यवस्था को कहीं ज्यादा फायदा हो सकता है. उन्होंने बताया कि अगर 1,000 करोड़ रुपये का कर्ज छोटे कारोबारियों में बांटा जाता है तो इसका आर्थिक असर बड़े कारोबार को इतनी ही रकम देने के मुकाबले कम से कम 100 गुना ज्यादा हो सकता है. वहीं, यही रकम सूक्ष्म कारोबारियों को देने पर इसका फायदा 1,000 गुना तक हो सकता है.

छोटे कारोबारियों को कर्ज देने पर ज्यादा जोर

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शनिवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले के वाकसाई गांव में आयोजित एक वित्तीय समावेशन शिविर में बैंकों को यह सलाह दी. उन्होंने कहा कि बैंकों को छोटे और सूक्ष्म उद्यमों को कर्ज देने पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए.

उनके मुताबिक, अगर कोई बैंक किसी बड़े कारोबारी को 1,000 करोड़ रुपये का लोन देता है तो इसका सीधा फायदा एक व्यक्ति या एक कारोबार को मिलता है. इसके उलट इतनी ही रकम अगर छोटे उद्यमों में बांटी जाती है तो बड़ी संख्या में कारोबारियों को अपना काम बढ़ाने का मौका मिलेगा.

माइक्रो कारोबारियों को कर्ज देने से 1,000 गुना फायदा

RBI गवर्नर ने कहा कि छोटे कारोबारियों को कर्ज देने का आर्थिक असर बड़े कारोबारियों को लोन देने से कम से कम 100 गुना ज्यादा हो सकता है. वहीं, अगर यही रकम सूक्ष्म यानी माइक्रो कारोबारियों के बीच बांटी जाए तो इसका फायदा 1,000 गुना तक पहुंच सकता है.

इससे छोटे कारोबारियों को अपना बिजनेस बढ़ाने, नए लोगों को रोजगार देने और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने में मदद मिलेगी. ऐसे कारोबार ग्रामीण और छोटे शहरों की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं.

60 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खुले

मल्होत्रा ने सरकार की वित्तीय समावेशन योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत देश में 60 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खोले जा चुके हैं. हालांकि, उन्होंने कहा कि अब केवल बैंक खाते खोलना ही काफी नहीं है.

लोगों को वित्तीय और डिजिटल रूप से जागरूक बनाना भी जरूरी है. उन्हें बैंकिंग सेवाओं, लोन, बचत और निवेश से जुड़ी सही जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे इन सुविधाओं का बेहतर इस्तेमाल कर सकें.

20 से 40 फीसदी रिटर्न देने वाली स्कीम से रहें सावधान

RBI गवर्नर ने लोगों को फर्जी निवेश योजनाओं को लेकर भी आगाह किया. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति कम समय में 20, 30 या 40 फीसदी रिटर्न देने का दावा करता है तो ऐसे ऑफर से सावधान रहना चाहिए.

इस तरह के बड़े रिटर्न के वादों के पीछे छिपे जोखिम या धोखाधड़ी हो सकती है. उन्होंने लोगों को सलाह दी कि किसी के साथ अपना OTP साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें.

31 दिसंबर तक लगेंगे वित्तीय समावेशन शिविर

देशभर में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इन शिविरों के जरिए लोगों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और केवाईसी से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

RBI गवर्नर के मुताबिक, यह अभियान 31 दिसंबर तक जारी रहेगा. इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना है.

यह भी पढ़ें- सोना खरीदने से बचने की PM मोदी की अपील का दिखा असर! बोले- लोगों ने कम खरीदा गोल्ड, बच गए उनके पैसे