2035 तक ₹10 लाख होगा 10 ग्राम सोना? Robert Kiyosaki की चौंकाने वाली भविष्यवाणी!
क्या आपने कभी सोचा है कि आज करीब एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम बिकने वाला सोना एक दिन ₹10 लाख प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच सकता है? सुनने में भले ही यह अविश्वसनीय लगे, लेकिन दुनिया की बेस्ट सेलर किताब रिच डैड पुअर डैड के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने ऐसी ही एक सनसनीखेज भविष्यवाणी की है. उनका दावा है कि सोने की असली रैली अभी शुरू हुई है और साल 2035 तक इसकी कीमत 35,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है. भारतीय मुद्रा में यह लगभग ₹10 लाख प्रति 10 ग्राम के बराबर होगा. हैरानी की बात यह है कि सिर्फ कियोसाकी ही नहीं, दुनिया के बड़े-बड़े बैंक भी गोल्ड में रिकॉर्ड तेजी की उम्मीद जता रहे हैं.
रॉबर्ट कियोसाकी का नजरिया
कियोसाकी के अनुसार, सोने में हाल ही में आई तेजी तो बस शुरुआत है. वे निवेशकों को सलाह देते हैं कि सिर्फ बैंक में नकदी जमा करके रखना समझदारी भरा कदम नहीं है. वे नकदी को हारने वाली संपत्ति मानते हैं, क्योंकि समय के साथ मुद्रास्फीति के कारण इसकी क्रय शक्ति घटती जाती है. कियोसाकी का मानना है कि सरकारों द्वारा जब चाहे करेंसी छापने की प्रवृत्ति फिएट मुद्राओं को कमजोर करती है. इसके विपरीत, गोल्ड, सिल्वर, बिटकॉइन, इथेरियम और क्रूड ऑयल जैसी भौतिक संपत्तियां सीमित उपलब्धता वाली होती हैं, जिन्हें न बनाया जा सकता है और न मिटाया जा सकता है. इसलिए, वे ऐसी संपत्तियों में निवेश पर जोर देते हैं.