SBI में है खाता? 1 अक्टूबर से इन लोगों की जेब पर पड़ेगा असर, बदलने वाला है ATM से कैश निकालने का नियम
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अगले महीने 1 अक्टूबर से ATM से कैश निकालने के नियमों में बड़े बदलाव करने वाला है. SBI के इस बदलाव से बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉज़िट (BSBD) अकाउंट वाले कस्टमर्स और सैलरी पैकेज अकाउंट होल्डर्स पर असर पड़ेगा, इससे कुछ ट्रांजैक्शन के लिए चार्ज बढ़ सकता है.
BSBD अकाउंट होल्डर्स के लिए हर महीने चार बार फ़्री कैश निकालने की मौजूदा लिमिट में अब ATM विड्रॉल के साथ-साथ आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AEPS) और बैंक ब्रांच से किए गए ट्रांजैक्शन भी शामिल होंगे. पहले, इस लिमिट में सिर्फ़ ATM से निकाले गए पैसे ही गिने जाते थे. इन चार फ़्री ट्रांजैक्शन के खत्म होने के बाद, कस्टमर्स को हर अगले विड्रॉल पर 15 रुपए प्लस GST का चार्ज देना होगा जो लगभग 17.70 रुपए होगा.
इसके अलावा, SBI सैलरी पैकेज अकाउंट होल्डर्स को दूसरे बैंकों के ATM और ADWM पर कम फ्री ट्रांजैक्शन मिलेगी. यह लिमिट हर महीने दस से घटकर पांच हो जाएगी, जिसमें फ़ाइनेंशियल और नॉन-फाइनेंशियल दोनों तरह के ट्रांज़ैक्शन शामिल होंगे. इस बदली हुई लिमिट के बाद कैश निकालने पर 23 रुपए प्लस GST चार्ज लगेगा, जबकि नॉन-फाइनेंशियल ट्रांज़ैक्शन पर 11 रुपए प्लस GST चार्ज लगेगा.
