हड़ताल से पहले इन बैंकों ने जारी की एडवाइजरी, कर लें ये काम, वरना हो सकती है परेशानी!

पब्लिक सेक्टर के बैंकों और पुराने प्राइवेट बैंकों ने कस्टमर्स को एडवाइज़री जारी की है, जिसमें उन्होंने यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की 28 सितंबर से होने वाली तीन दिन की हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग ट्रांजैक्शन पूरे करने की अपील की है.

बैंक हड़ताल Image Credit: money9live/CanvaAI

पब्लिक सेक्टर बैंकों और कुछ पुराने प्राइवेट सेक्टर बैंकों ने एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कस्टमर्स से कहा गया है कि वह 28 सितंबर से होने वाली तीन दिन की हड़ताल के दौरान होने वाली परेशानी से बचने के लिए जरूरी बैंकिंग ट्रांजैक्शन पहले ही पूरी कर लें. अगर आप जरूरी बैंकिंग कामकाज को पूरा नहीं करते हैं तो बैंक स्ट्राइक के दौरान आपको परेशानी हो सकती है. इस हड़ताल का आह्वान बैंक कर्मचारी यूनियन द्वारा किया गया है.

क्या है हड़ताल की वजह, क्या चाहते हैं बैंक?

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU), जो बैंकिंग वर्कफोर्स के 90 फीसदी हिस्से को रिप्रेजेंट करने का दावा करता है ने 28 सितंबर से तीन दिन की हड़ताल की घोषणा की है. इसका मकसद 5 डे बैंकिंग वीक और दूसरी मांगों पर जोर देना है. UFBU की दूसरी मांगों में पेंशन को अपडेट करना और बेहतर बनाना, सभी पेंशनर्स के लिए एक जैसा महंगाई भत्ता फॉर्मूला और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम (OPS) में जाने का ऑप्शन शामिल है.

इस हफ्ते की शुरुआत में, फाइनेंस मिनिस्ट्री ने बैंक कर्मचारियों से हड़ताल न करने और बातचीत के जरिए अपनी बाकी मांगों को सुलझाने की अपील की थी और कहा था कि ज्यादातर यूनियन की चिंताओं को काफी हद तक सुलझा लिया गया है.

रविवार को भी खुलेगा बैंक, SBI-BOI का क्या है कहना?

तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल से पहले कस्टमर्स की बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए, सरकार ने पहले ही पब्लिक सेक्टर के बैंकों को रविवार 27 सितंबर को खुले रहने का निर्देश दिया है. कस्टमर्स के लिए जारी एडवाइजरी में SBI ने कहा कि बैंक की ओर से ब्रांच में जरूरी बैंकिंग सर्विस देने की पूरी कोशिश करेगा, लेकिन हड़ताल के दौरान कुछ सर्विस पर असर पड़ सकता है, जिससे कस्टमर्स को परेशानी हो सकती है.

कहा गया है, कस्टमर्स से रिक्वेस्ट है कि वह किसी भी परेशानी से बचने के लिए प्रस्तावित हड़ताल की तारीखों से पहले अपने ज़रूरी बैंकिंग ट्रांज़ैक्शन पूरी कर लें. कस्टमर्स से यह भी रिक्वेस्ट है कि वह कैश की जरूरतों के लिए ATM/ADWM का इस्तेमाल करें और जहां तक हो सके, अपनी बैंकिंग जरूरतों के लिए YONO, इंटरनेट/मोबाइल बैंकिंग, UPI और दूसरे डिजिटल सर्विस का इस्तेमाल करें.

बैंक ऑफ़ इंडिया ने कस्टमर्स को भेजे एक मैसेज में बताया कि 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को देश भर में बैंक हड़ताल होने की वजह से हम आपसे रिक्वेस्ट करते हैं कि आप अपनी बैंकिंग ज़रूरतों के लिए बैंक के 24X7 डिजिटल सर्विस जैसे मोबाइल बैंकिंग/ATM/इंटरनेट बैंकिंग/BC पॉइंट/UPI का इस्तेमाल करें.

इसके अलावा, रीजनल रूरल बैंक भी तीन दिन की हड़ताल में हिस्सा ले रहे हैं. प्राइवेट सेक्टर लेंडर,कर्नाटक बैंक ने एडवाइजरी में कहा, अगर हड़ताल होती है तो बैंक ब्रांच, ऑफिस, डिपार्टमेंट के नॉर्मल कामकाज पर असर पड़ सकता है और बैंक नॉर्मल कामकाज पक्का करने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है. हालांकि, ICICI बैंक, HDFC बैंक, एक्सिस बैंक और इंडसइंड बैंक जैसे प्राइवेट सेक्टर के बैंक अपना नॉर्मल बैंकिंग कामकाज जारी रखेंगे.

ये भी पढ़ें- गौतम अडानी की बादशाहत, दौलत के मामले में मुकेश अंबानी छूटे पीछे, टॉप 5 में इस महिला ने बनाई जगह