हाई कोर्ट पहुंची नोएल टाटा और एन. चंद्रशेखरन की अदावत, तीसरी नियुक्ति को चुनौती, ₹65 करोड़ हर्जाने की भी मांग
Tata Trusts ने Tata Sons के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की तीसरी बार नियुक्ति के फैसले को चुनौती देने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट जाने की तैयारी की है. दो ट्रस्टों ने कुल 65 करोड़ रुपये हर्जाने के साथ 18 फीसदी सालाना ब्याज की मांग की है.

Tata Trusts vs N Chandrasekaran: टाटा ग्रुप में विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है. Tata Trusts की दो संस्थाएं Sir Dorabji Tata Trust (SDTT) और R.D. Tata Trust (RDTT), Tata Sons के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में मुकदमा दायर करने जा रही हैं. दोनों ट्रस्ट Tata Sons के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की तीसरी बार पांच साल के लिए हुई नियुक्ति को चुनौती देंगे.
दोनों ट्रस्ट इस मामले में Tata Sons और उसके छह डायरेक्टर्स के खिलाफ केस दायर करेंगे. SDTT ने 50 करोड़ रुपये और RDTT ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है. दोनों ट्रस्ट इस रकम पर सालाना 18% ब्याज भी चाहते हैं.
तीसरी बार नियुक्ति को बताया गलत
एन. चंद्रशेखरन को 17 सितंबर को हुई बोर्ड मीटिंग में Tata Sons का एग्जीक्यूटिव चेयरमैन अगले पांच साल के लिए फिर नियुक्त किया गया था. दोनों ट्रस्ट का कहना है कि यह फैसला वैध तरीके से नहीं लिया गया. उनके मुताबिक, कंपनी के Articles of Association (AoA) के आर्टिकल 121 के तहत इस फैसले के लिए जरूरी समर्थन नहीं मिला था. इसी वजह से ट्रस्ट इस नियुक्ति को अमान्य बता रहे हैं.
दोनों ट्रस्ट ने बुधवार रात बॉम्बे हाई कोर्ट जाने के लिए प्रस्तावों को मंजूरी दी. उनका कहना है कि 17 सितंबर के बाद से इस मामले में उन्होंने कई बार बातचीत की और जवाब मांगे, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग से पहले मांगी राहत
ट्रस्ट की ओर से कोर्ट में तुरंत राहत की मांग भी की जाएगी. वे चाहते हैं कि 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग में अगर Tata Sons के नॉमिनी डायरेक्टर्स के बीच किसी फैसले पर मतभेद होता है, तो चेयरमैन अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल न कर सकें. कास्टिंग वोट का इस्तेमाल आमतौर पर तब किया जाता है, जब किसी फैसले पर वोट बराबर हो जाते हैं.
Tata Sons में 66% हिस्सेदारी रखते हैं Tata Trusts
Noel Tata की अध्यक्षता वाले Tata Trusts के पास Tata Sons की करीब 66% हिस्सेदारी है. ट्रस्ट ने 17 सितंबर को बोर्ड की ओर से पास किए गए उस प्रस्ताव को चुनौती दी है, जिसके तहत N Chandrasekaran को तीसरी बार एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनाया गया.
20 सितंबर को जारी बयान में ट्रस्ट ने कहा था कि यह प्रस्ताव सही तरीके से पास नहीं हुआ और इसका कोई कानूनी असर नहीं है.
नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन के वोट पर विवाद
इस पूरे विवाद की जड़ Tata Sons के Articles of Association और ट्रस्ट की ओर से नियुक्त डायरेक्टर्स को मिले खास अधिकार हैं.
Tata Sons के बोर्ड में Tata Trusts के दो नॉमिनी डायरेक्टर हैं- नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन. 17 सितंबर की बैठक में नोएल टाटा ने एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के खिलाफ वोट दिया था, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने उनके पक्ष में वोट किया था. ट्रस्ट का कहना है कि इस फैसले के लिए दोनों नॉमिनी डायरेक्टर्स का समर्थन जरूरी था.
सितंबर में जारी अपने बयान में ट्रस्ट ने कहा था कि Tata Sons के AoA के मुताबिक, कोई भी फैसला तब तक नहीं लिया जा सकता, जब तक Tata Trusts की ओर से नियुक्त किए गए कम से कम आधे डायरेक्टर्स उसका समर्थन न करें.
ट्रस्ट के मुताबिक, यह AoA की एक अलग शर्त है. इसका मतलब है कि बोर्ड में सिर्फ कुल वोटों की गिनती से फैसला नहीं किया जा सकता. ट्रस्ट इसी नियम के आधार पर एन. चंद्रशेखरन की नियुक्ति को चुनौती दे रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- Crystal Crop Protection की सपाट शुरुआत, 2% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ शेयर, फीका पड़ा GMP का अनुमान