ट्रंप की धमकी से नहीं थमेगी भारत की AI रफ्तार… Google, Amazon और Microsoft के लिए क्यों जरूरी है भारतीय बाजार?

डोनाल्ड ट्रंप ने विदेशों में डेटा सेंटर बनाने वाली अमेरिकी कंपनियों पर भारी टैक्स लगाने की धमकी दी है. इससे भारत में Google, Microsoft और Amazon के अरबों डॉलर के निवेश पर असर पड़ सकता है. भारत 2030 तक अपनी डेटा सेंटर क्षमता 8 गीगावाट पहुंचाना चाहता है. ऐसे में अमेरिकी प्रस्ताव AI मिशन के सामने नई चुनौती खड़ी कर सकता है.

भारत में Google, Microsoft और Amazon के अरबों डॉलर के निवेश पर असर पड़ सकता है Image Credit:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक नई घोषणा भारत के AI और डेटा सेंटर सेक्टर की योजनाओं को प्रभावित कर सकती है. ट्रंप ने अमेरिका की उन टेक कंपनियों पर भारी टैक्स लगाने की धमकी दी है, जो विदेशों में डेटा सेंटर बनाएंगी. इसका असर भारत में Google, Microsoft और Amazon जैसी कंपनियों के निवेश पर पड़ सकता है. भारत खुद को ग्लोबल AI और क्लाउड कंप्यूटिंग हब बनाने की तैयारी कर रहा है. ऐसे में अमेरिकी कंपनियों के विदेशी निवेश पर रोक लगाने की कोशिश भारत की योजनाओं के लिए चुनौती बन सकती है.

क्या है डोनाल्ड ट्रंप की नई धमकी?

डोनाल्ड ट्रंप ने 20 नवंबर को व्हाइट हाउस में कहा कि अमेरिकी कंपनियों को देश से बाहर डेटा सेंटर बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने ऐसी कंपनियों पर भारी टैक्स लगाने की बात कही है. ट्रंप का तर्क है कि अमेरिकी कंपनियां अगर दूसरे देशों में डेटा सेंटर बनाएंगी, तो वहां मौजूद AI इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल चीन कर सकता है. इससे अमेरिका की टेक्नोलॉजी और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है.

हालांकि, ट्रंप ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि कितना टैक्स लगाया जाएगा, किन कंपनियों पर यह नियम लागू होगा और इसे कब से लागू किया जाएगा. फिलहाल इस प्रस्ताव का कोई औपचारिक कानूनी ढांचा भी सामने नहीं आया है.

भारत में Google और Microsoft का बड़ा निवेश

भारत अमेरिकी टेक कंपनियों के लिए डेटा सेंटर बनाने का बड़ा बाजार बनकर उभरा है. Google, Microsoft और Amazon ने यहां क्लाउड और AI इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए बड़े निवेश का ऐलान किया है.

Google आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में AI हब बनाने के लिए 15 अरब डॉलर निवेश करेगी. यह निवेश 2026 से 2030 के बीच किया जाना है. Microsoft ने भारत में क्लाउड और AI इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए चार साल में 17.5 अरब डॉलर निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है. वहीं, Amazon 2030 तक भारत के क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में 12.7 अरब डॉलर निवेश करने की योजना पर काम कर रही है. इन निवेशों से भारत में डेटा सेंटर, क्लाउड कंप्यूटिंग और AI से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है.

भारत के AI मिशन के लिए क्यों अहम हैं डेटा सेंटर?

डेटा सेंटर ऐसी सुविधाएं होती हैं, जहां बड़े-बड़े सर्वर, स्टोरेज सिस्टम और कंप्यूटिंग मशीनें रखी जाती हैं. AI मॉडल को ट्रेन करने और चलाने के लिए इन्हीं डेटा सेंटर की जरूरत होती है. भारत में डिजिटल पेमेंट, ऑनलाइन बैंकिंग, ई-कॉमर्स और सरकारी सेवाओं के विस्तार के साथ डेटा प्रोसेसिंग की मांग बढ़ रही है. AI के बढ़ते इस्तेमाल ने इस जरूरत को और बड़ा कर दिया है.

भारत की डेटा सेंटर क्षमता 2020 में 375 मेगावाट थी, जो 2026 में बढ़कर करीब 1,575 मेगावाट हो गई है. 2030 तक इसके करीब 8 गीगावाट पहुंचने का अनुमान है. भारत में करीब 70 अरब डॉलर के डेटा सेंटर निवेश पर काम चल रहा है, जबकि 90 अरब डॉलर के अतिरिक्त प्रोजेक्ट घोषित किए जा चुके हैं.

अमेरिकी कंपनियों ने निवेश रोका तो क्या होगा?

अगर ट्रंप प्रशासन इस प्रस्ताव को कानून या किसी प्रभावी सरकारी नीति में बदलता है, तो अमेरिकी कंपनियों के सामने मुश्किल स्थिति पैदा हो सकती है. उन्हें अमेरिका में निवेश बढ़ाने और भारत जैसे बड़े विदेशी बाजारों में विस्तार करने के बीच चुनाव करना पड़ सकता है.

इसका असर भारत में नए डेटा सेंटर प्रोजेक्ट की रफ्तार, निवेश की रकम और AI-क्लाउड कंप्यूटिंग की लागत पर दिखाई दे सकता है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि Google, Microsoft और Amazon भारत से अपना कारोबार समेट लेंगी. भारत में इंटरनेट यूजर्स की बड़ी संख्या, डिजिटल सेवाओं की मांग और स्थानीय स्तर पर डेटा प्रोसेसिंग की जरूरत इन कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण बनी हुई है.

भारतीय कंपनियों को मिल सकता है फायदा

अमेरिकी कंपनियों पर विदेशी निवेश की पाबंदियां लगती हैं तो भारतीय डेटा सेंटर कंपनियों के लिए कारोबार बढ़ाने का मौका बन सकता है. इसका फायदा Reliance, Adani और Yotta जैसी कंपनियों को मिल सकता है. इसके अलावा जापान, सिंगापुर और मिडिल ईस्ट के निवेशक भी भारतीय डेटा सेंटर सेक्टर में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा सकते हैं.

हालांकि, अमेरिकी कंपनियों की जगह लेना आसान नहीं होगा. बड़े डेटा सेंटर बनाने के लिए अरबों डॉलर की पूंजी, आधुनिक टेक्नोलॉजी, एडवांस चिप्स और लंबे समय की कारोबारी योजना की जरूरत होती है.

क्या ट्रंप वास्तव में लगा सकते हैं ऐसा टैक्स?

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति अकेले ऐसा टैक्स लगा सकते हैं? अमेरिकी संविधान के मुताबिक, संघीय टैक्स लगाने का अधिकार कांग्रेस के पास है. राष्ट्रपति अपनी मर्जी से किसी कंपनी पर नया टैक्स लागू नहीं कर सकते.

इसके लिए कांग्रेस से कानून बनवाने या पहले से मौजूद किसी कानूनी अधिकार का इस्तेमाल करने की जरूरत पड़ सकती है. अगर प्रशासन राष्ट्रीय सुरक्षा या व्यापार से जुड़े मौजूदा अधिकारों के तहत ऐसा कदम उठाता है, तो उसे कानूनी चुनौतियों का सामना भी करना पड़ सकता है.

अभी ट्रंप ने टैक्स की दर, नियमों और लागू होने की तारीख का खुलासा नहीं किया है. इसलिए फिलहाल इसे अमेरिकी कंपनियों के विदेशी निवेश पर लागू हो चुका प्रतिबंध नहीं माना जा सकता.

भारत के सामने बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर की भी चुनौती

भारत के लिए डेटा सेंटर बनाना सिर्फ विदेशी निवेश हासिल करने तक सीमित नहीं है. इन केंद्रों को 24 घंटे बिजली, बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी और कूलिंग सिस्टम की जरूरत होती है. AI डेटा सेंटर में इस्तेमाल होने वाले हाई-परफॉर्मेंस GPU काफी गर्मी पैदा करते हैं. इन्हें ठंडा रखने के लिए बड़ी मात्रा में बिजली और पानी की जरूरत पड़ सकती है. भारत में मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहर प्रमुख डेटा सेंटर हब हैं. लेकिन बिजली, पानी और जमीन की उपलब्धता इनके विस्तार की बड़ी चुनौती है.

ट्रंप की घोषणा से फिलहाल भारत में अमेरिकी कंपनियों का निवेश तुरंत प्रभावित होने की आशंका नहीं है, लेकिन यह संकेत जरूर है कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए सिर्फ विदेशी कंपनियों पर निर्भर रहना जोखिम भरा हो सकता है. सरकार को घरेलू कंपनियों की क्षमता बढ़ाने, बिजली की उपलब्धता सुधारने और दूसरे देशों से निवेश आकर्षित करने पर भी ध्यान देना होगा.

यह भी पढ़ें- Nvidia पर अमेरिका की जांच से बढ़ी मुश्किलें, जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे और चीन जासूसी विवाद ने बढ़ाई टेंशन