WB Budget 2026: सरकार ने अन्नपूर्णा योजना के लिए 36000 करोड़ रुपये अलॉट किए, DA में 20% की बढ़ोतरी का ऐलान
वित्त मंत्री ने लाभार्थियों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन में बदलाव के बावजूद नई सरकार मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखेगी. दासगुप्ता ने अपने बजट भाषण में कहा, 'हम सभी मौजूदा सामाजिक कल्याण योजनाओं को जारी रखेंगे.'

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत के बाद बीजेपी सरकार द्वारा पेश किए गए पहले बजट में, वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने सोमवार को कल्याण, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कई घोषणाएं कीं. इनमें राज्य की महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना, ‘अन्नपूर्णा योजना’ के लिए 36,000 करोड़ रुपये का आवंटन भी शामिल है.
वित्त मंत्री ने लाभार्थियों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन में बदलाव के बावजूद नई सरकार मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखेगी.
दासगुप्ता ने अपने बजट भाषण में कहा, ‘हम सभी मौजूदा सामाजिक कल्याण योजनाओं को जारी रखेंगे.’
MLA फंड को बढ़ाया गया
सरकार ने MLA लोकल एरिया डेवलपमेंट फंड स्कीम के तहत सालाना आवंटन को 70 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये करने की घोषणा की. कहा गया कि इससे विधायकों को अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्य करने के लिए अधिक संसाधन मिलेंगे.
रिटायर्ड पत्रकारों को 5,000 रुपये की मासिक पेंशन मिलेगी. उन्होंने राजनीतिक कारणों से जेल गए लोगों के लिए 10,000 रुपये के मासिक भत्ते की भी घोषणा की.
बजट में हुईं अहम घोषणाएं
- सरकार महंगाई भत्ता 20 फीसदी बढ़ाएगी, जिससे यह कुल 38 फीसदी हो जाएगा. यह 1 अक्टूबर, 2026 से लागू होगा.
- बंगाल ने महिलाओं की कल्याणकारी योजना ‘अन्नपूर्णा योजना’ के लिए 36,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं.
- सरकार ने 1 लाख सरकारी रिक्तियों को भरने का वादा किया है, जिनमें से 33 फीसदी महिलाओं के लिए होंगी.
- सरकार 50,000 टीचिंग पद भरेगी और सिविक पुलिस, होम गार्ड और ग्रीन पुलिस का मासिक वेतन 2,000 रुपये बढ़ाएगी.
- बंगाल के हर सब-डिविजन में महिला पुलिस स्टेशन होगा. हर पुलिस स्टेशन में महिला हेल्प डेस्क होगी. सरकार बंगाल में 20,000 पुलिस पद भरेगी.
- पूर्वी मेदिनीपुर के दादानपात्राबाढ़ में एक इंटीग्रेटेड डीप-सी पोर्ट बनाया जाएगा.
- सरकार चिंगरीघाटा-न्यू टाउन एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए 900 करोड़ रुपये और भागीरथी नदी पर नए पुल के लिए 1,200 करोड़ रुपये आवंटित करेगी.
- कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए अधिकारी कल्याणी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए 1,000 एकड़ ज़मीन की पहचान करेंगे.
- स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि उत्तर बंगाल में IIT और IIM स्थापित किए जाएंगे.
- सरकार के व्यापक विजन को बताते हुए मंत्री ने कहा कि प्रशासन का मिशन राज्य के पुराने गौरव को बहाल करना और राष्ट्रीय विकास एजेंडा में योगदान देना है.
दासगुप्ता ने कहा, ‘हमारी सरकार का मिशन राज्य के गौरव को बहाल करना और ‘विकसित भारत’ के हिस्से के रूप में ‘विकसित बंगाल’ का निर्माण करना है.’