Zomato से मंगवाते हैं खाना? तो अब बिल में जुड़ेगी ये नई फीस, इन लोगों को देने होंगे एक्स्ट्रा पैसे
Zomato ने अब ग्राहकों से Pay on Delivery Fees लेनी शुरू कर दी है. ये फीस हर उस व्यक्ति को देनी होगी जो कैश ऑन डिलीवरी ऑप्शन के जरिए ऑर्डर बुक करते हैं. इस नई फीस के चार्ज से फूड डिलीवरी मार्केट में कॉम्पिटिशन बढ़ने और कंपनियों के लिए कमाई का एक नया जरिया बन गया है.

Eternal के मालिकाना हक वाले फूड डिलीवरी प्लैटफॉर्म Zomato से खाना मंगवाते हैं तो अब आपको हर ऑर्डर पर ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. जोमैटो ने अब उन लोगों से एक्स्ट्रा पैसे चार्ज करने शुरू कर दिए हैं जो लोग कैश ऑन डिलीवरी पर खाना मंगवाते हैं. बिल टोटल में आप देखेंगे कि बिल में एक और लाइन आइटम जोड़ा गया है जिसमें पहले से ही प्लैटफॉर्म फीस, पैकेजिंग चार्ज और टैक्स शामिल है.
Zomato Pay on Delivery Fees से कैसे बचें?
यह चार्ज ऐप की बिल समरी में Pay on Delivery Fees के तौर पर दिखता है और यह तभी लगता है जब कस्टमर डिलीवरी के समय कैश में पेमेंट करना चुनते हैं. यह आम तौर पर 5 रुपए होता है, हालांकि कुछ यूजर्स से 7 रुपए और कुछ मामलों में 20 रुपए तक चार्ज किया गया है. ऑनलाइन पेमेंट करने वाले कस्टमर्स से यह फीस नहीं ली जाती है. इसका मतलब ये हुआ कि अगर आप इस फीस को देने से बचना चाहते हैं तो आपको ऑर्डर के लिए ऑनलाइन पेमेंट करना होगा.
जोमैटो पर बढ़ती जा रही फीस
यह चार्ज जोमैटो के 14.99 रुपए प्रति ऑर्डर प्लैटफॉर्म फीस, रेस्टोरेंट पैकेजिंग चार्ज और GST से अलग है. जोमैटो के कॉम्पिटिटर स्विगी ने फिलहाल ग्राहकों से ऐसी कोई फीस चार्ज करना शुरू नहीं किया है. फूड डिलीवरी प्लैटफॉर्म ने 2023 में प्रति-ऑर्डर कंज्यूमर चार्ज शुरू किया था, जब स्विगी ने 2 रुपए प्लैटफॉर्म फीस की टेस्टिंग शुरू की थी, जिसके बाद जोमैटो ने भी ऐसा ही किया. तब से ज़ोमैटो ने कई स्टेज में फीस बढ़ाई है. इस साल के शुरुआत में 12.50 रुपए से बढ़ाकर फीस को 14.99 रुपए कर दिया गया है.
फीस से बढ़ती कमाई
जोमैटो के लेवल पर एक छोटा सा चार्ज भी अच्छी-खासी कमाई में बदल सकता है. यह प्लेटफॉर्म हर दिन लगभग 2.3-2.5 मिलियन फूड ऑर्डर प्रोसेस करता है. हर ऑर्डर पर 5 रुपए का चार्ज भी हर दिन 1.15-1.25 करोड़ या सालाना लगभग 420-456 करोड़ का होगा. हालांकि, असल योगदान इसका एक छोटा सा हिस्सा होगा, क्योंकि कैश ऑर्डर कुल वॉल्यूम का सिर्फ एक हिस्सा होते हैं.
बढ़ रहा फूड डिलीवरी में कॉम्पिटिशन
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब फूड डिलीवरी में कॉम्पिटिशन बढ़ रहा है. रैपिडो का Ownly पॉपुलर हो रहा है, फ्लिपकार्ट अपने Eat In ऑफर को पायलट कर रहा है, जबकि Swish ने नई फंडिंग जुटाई है, जिससे दोनों मौजूदा प्लेटफॉर्म पर दबाव बढ़ गया है.
ये भी पढ़ें- BRICS 2026: आतंकवाद से टैरिफ तक, नई दिल्ली घोषणापत्र में क्या-क्या फैसले हुए? ये हैं 10 बड़ी बातें