UP, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने दी चेतावनी; जानें अगले 4 दिनों का मौसम अपडेट
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव और एक्टिव मानसून के कारण उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है. IMD ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है.

KYA HAI MAUSAM KA HAL: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव पश्चिम बंगाल और उत्तर ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा है. इसके असर से मानसून और एक्टिव होगा तथा उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है.
इन राज्यों में बारिश का सबसे ज्यादा असर
IMD के अनुसार 27 जुलाई से 2 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में व्यापक बारिश होने की संभावना है. वहीं हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में 28 से 31 जुलाई के बीच अच्छी बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 जुलाई से 2 अगस्त तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 से 29 जुलाई तथा 1 से 2 अगस्त के दौरान बारिश का अनुमान है. पूर्वी राजस्थान में 29 जुलाई से 2 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है.
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूर्वी राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है.
गरज-चमक और तेज हवाओं का भी अलर्ट
बारिश के साथ कई राज्यों में गरज-चमक और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कई इलाकों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.
दिल्ली में कब होगी बारिश?
दिल्ली-एनसीआर में 27 जुलाई को दोपहर के बाद मौसम बदल सकता है. शाम और रात के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. 28 से 30 जुलाई तक भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?
पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य महाराष्ट्र में अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई. ओडिशा में बहुत भारी बारिश हुई, जबकि हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, कोंकण-गोवा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई.
बंगाल की खाड़ी में समुद्र रहेगा उफान पर
IMD ने बंगाल की खाड़ी और ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा उत्तर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र के बहुत उग्र रहने की चेतावनी भी दी है. इन क्षेत्रों में 28 जुलाई की सुबह तक 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें- लोहे का जंग बना इकोनॉमी की मुसीबत, हर साल ऐसे हो रहा 14 लाख करोड़ का नुकसान