यूपी-बिहार में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली में इस तारीख बरसेंगे बादल; IMD ने बताया अगले 7 दिन का मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुजरात में 24 और 25 जुलाई को बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मध्य महाराष्ट्र में भी अत्यधिक बारिश का अनुमान है. वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, ओडिशा और कई अन्य राज्यों में 30 जुलाई तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Indranil Aditya/NurPhoto via Getty Images

Monsoon Update: देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह एक्टिव है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुजरात में 24 और 25 जुलाई को बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं, 24 जुलाई को मध्य महाराष्ट्र में अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है.

IMD के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में गुजरात क्षेत्र में 30 सेंटीमीटर या उससे ज्यादा बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और सौराष्ट्र-कच्छ में 21 सेंटीमीटर या उससे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई.

इन राज्यों में अगले कुछ दिन होगी अच्छी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 24 से 30 जुलाई के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कई स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी अलग-अलग दिनों में बारिश का दौर बना रहेगा. मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी कई दिनों तक बारिश का अनुमान है. वहीं झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 30 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में भी कई स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

कहां-कहां जारी है भारी बारिश का अलर्ट?

राज्य/क्षेत्रIMD का पूर्वानुमान
गुजरात24 और 25 जुलाई को बेहद भारी बारिश
मध्य महाराष्ट्र24 जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश
कोंकण और गोवाकई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश
राजस्थान24 से 27 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी बारिश
उत्तर प्रदेश27 से 30 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना
बिहार24 और 27-29 जुलाई के बीच भारी बारिश
ओडिशा24-28 और 29-30 जुलाई के दौरान बारिश और कुछ जगह भारी बारिश
झारखंड24-28 जुलाई के दौरान भारी बारिश
केरल24-30 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

IMD के अनुसार, दिल्ली में 24 से 27 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे. 24 और 25 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना है. 24 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 25 जुलाई को तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इस दौरान 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है.

इसे भी पढ़ें- ट्रंप का नया टैरिफ वार, जानें चीन, पाकिस्तान, बांग्लादेश और वियतनाम के मुकाबले कहां खड़ा है भारत?