दिल्ली में अभी और सताएगी गर्मी! इस दिन से बदलेगा मौसम; UP, पंजाब समेत कई राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत निम्न दबाव क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत में मानसून फिर एक्टिव होगा. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं की भी संभावना है.

KYA HAI MAUSAM KA HAL: उत्तर भारत में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत निम्न दबाव क्षेत्र और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले सात दिनों के दौरान उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. खासकर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.
इन राज्यों में होगी बारिश
IMD के अनुसार, 16 से 22 जुलाई के बीच उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग दिनों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी और बहुत भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड, हिमाचल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ इलाकों में भारी बारिश का खतरा ज्यादा रहेगा.
दिल्ली में कब बदलेगा मौसम?
दिल्ली में 16 और 17 जुलाई को गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हालांकि 18 जुलाई से मौसम बदलने लगेगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 19 जुलाई को भी हल्की बारिश और तापमान में गिरावट की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 जुलाई के बीच और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 22 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 से 21 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का भी अनुमान है.
पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश का दौर बना रह सकता है. उत्तराखंड में 18 से 21 जुलाई और हिमाचल प्रदेश में 19 से 22 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर में भी 19 जुलाई से बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है.
तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी
IMD ने उत्तर भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है. लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें- Vijay Kedia को फिर पसंद आया यह मल्टीबैगर स्टॉक, 5 साल में दे चुका 1349% रिटर्न, जानें क्या करती है कंपनी