मानसून ने पूरे देश को किया कवर, अब इन राज्यों में बरसेंगे बादल; IMD ने जारी किया ताजा अपडेट

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे भारत को कवर कर लिया है. IMD ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और कई अन्य राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.

क्या है मौसम का हाल

Kya Hai Mausam KA Hal: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि मानसून ने अब पूरे देश को कवर कर लिया है. इसके साथ ही कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बेहद भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है.

पूरे देश में पहुंचा मानसून

IMD के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों में भी दस्तक दे दी है. इसके साथ ही 9 जुलाई को मानसून ने पूरे भारत को कवर कर लिया. सामान्य तौर पर मानसून 8 जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है, लेकिन इस बार यह एक दिन बाद पूरे देश में फैल सका.

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9 जुलाई और उत्तराखंड में 9 से 10 जुलाई के दौरान बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में 9 और 10 जुलाई को बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का अनुमान जताया है.

मध्य और दक्षिण भारत में घटेगी बारिश

IMD के अनुसार, 9 जुलाई से महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश समेत मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. वहीं दक्षिण भारत के अधिकांश इलाकों में 10 जुलाई के बाद बारिश का असर धीरे-धीरे कम हो सकता है.

तेज हवाएं और बिजली गिरने का भी खतरा

मौसम विभाग ने कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है.

इसे भी पढ़ें- कवच सिस्टम बना कमाई का इंजन, 5 साल में दिया 1385% रिटर्न; रखें नजर