IPO के बाद Groww का जलवा! इंटरनेट सेक्टर में सबसे ज्यादा ट्रेड होने वाला बना स्टॉक; Eternal को छोड़ा पीछे

IPO के बाद Groww ने बड़ा मुकाम हासिल करते हुए Eternal को पीछे छोड़ दलाल स्ट्रीट का सबसे ज्यादा ट्रेड होने वाला इंटरनेट स्टॉक बनने का रिकॉर्ड बनाया है. Kotak Investment Banking की रिपोर्ट के अनुसार, जून 2026 में इंटरनेट सेक्टर की डिलीवर्ड वैल्यू में Groww की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही.

ग्रो Image Credit: TV9 Bharatvarsh

Groww Stock: भारतीय शेयर बाजार में लिस्टेड इंटरनेट कंपनियों के बीच निवेशकों की पसंद तेजी से बदलती नजर आ रही है. फिनटेक कंपनी Groww ने पहली बार Eternal को पीछे छोड़ते हुए दलाल स्ट्रीट का सबसे अधिक कारोबार वाला इंटरनेट स्टॉक बनने का रिकॉर्ड बनाया है. Kotak Investment Banking की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई 2021 से इंटरनेट सेक्टर की निगरानी शुरू होने के बाद यह पहला मौका है, जब Eternal शीर्ष स्थान से बाहर हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2026 के दौरान इंटरनेट सेक्टर की कुल डिलीवर्ड वैल्यू में Groww की हिस्सेदारी 16 फीसदी रही, जबकि Eternal की हिस्सेदारी घटकर 14.7 फीसदी पर आ गई.

पहली बार Eternal से आगे निकला Groww

Kotak Investment Banking की मासिक DART Gauge रिपोर्ट के अनुसार, जून महीने में Groww इंटरनेट सेक्टर का सबसे अधिक खरीदा और कारोबार किया जाने वाला शेयर बनकर उभरा. इससे पहले कई वर्षों तक Eternal इस सूची में शीर्ष पर बना हुआ था.

हालांकि, मई 2026 में Groww की हिस्सेदारी 24.8 फीसदी तक पहुंच गई थी. उसी दौरान Eternal की हिस्सेदारी अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई थी. जून में हिस्सेदारी कुछ कम होने के बावजूद Groww शीर्ष स्थान बनाए रखने में सफल रहा.

IPO Lock-in खत्म होने के बाद बढ़ा कारोबार

रिपोर्ट के अनुसार, इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह Groww के IPO Lock-in Period का समाप्त होना रही. मई में लॉक-इन खत्म होने के बाद कंपनी के शेयरों में करीब 558 मिलियन डॉलर के Block Deal हुए, जो इंटरनेट सेक्टर में सबसे बड़े रहे. शुरुआती निवेशकों ने इस दौरान अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचा, लेकिन इस सप्लाई को घरेलू Mutual Funds ने तेजी से खरीद लिया.

Kotak Mutual Fund, Axis Mutual Fund और SBI Mutual Fund जैसे बड़े संस्थागत निवेशकों ने शेयरों में खरीदारी कर मजबूत भरोसा दिखाया. Kotak की रिपोर्ट के अनुसार, इस नई मांग ने अकेले इंटरनेट सेक्टर के वैल्यूएशन में करीब 2.5 प्रतिशत अंक का योगदान दिया, क्योंकि Groww अन्य इंटरनेट कंपनियों की तुलना में प्रीमियम वैल्यूएशन पर कारोबार कर रहा है.

शानदार नतीजों ने बढ़ाया निवेशकों का भरोसा

Groww की मजबूत वित्तीय स्थिति भी निवेशकों को आकर्षित करने की बड़ी वजह बनी है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने हालिया तिमाही में अपने PAT को दोगुना कर दिया. इसके अलावा कंपनी के यूजर बेस में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि कैपिटल मार्केट के लिए यह तिमाही अपेक्षाकृत कमजोर मानी जा रही थी. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि लिस्टेड इंटरनेट कंपनियों में Groww का EBITDA मार्जिन सबसे अधिक है.

कंपनी के मजबूत ऑपरेशनल प्रदर्शन की वजह से इंटरनेट सेक्टर के वैल्यूएशन में भी सुधार देखने को मिला. Kotak के विश्लेषकों का अनुमान है कि अप्रैल में इंटरनेट सेक्टर के वैल्यूएशन में जो सुधार आया, उसका करीब 80 फीसदी योगदान अकेले Groww के बेहतर प्रदर्शन का रहा. यदि वर्ष 2026 में लिस्टेड नई कंपनियां, खासकर Groww, बाजार में नहीं आतीं, तो इंटरनेट सेक्टर के वैल्यूएशन पर और अधिक दबाव देखने को मिल सकता था.

इंटरनेट सेक्टर में बदल रही है निवेशकों की पसंद

रिपोर्ट से यह भी संकेत मिलता है कि इंटरनेट सेक्टर में निवेशकों की प्राथमिकताएं बदल रही हैं. पिछले चार वर्षों तक फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कंपनियां इंटरनेट सेक्टर के कारोबार पर हावी थीं, लेकिन नवंबर 2025 के बाद से इन कंपनियों की हिस्सेदारी कुल ट्रेडिंग वैल्यू के आधे से भी कम रह गई है.

इसके विपरीत, वर्ष 2025 में लिस्टेड नई कंपनियां अब इंटरनेट सेक्टर की कुल ट्रेडिंग वैल्यू का लगभग 44 फीसदी हिस्सा बन चुकी हैं. खास तौर पर फिनटेक कंपनियों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ रही है, क्योंकि इन कंपनियों ने केवल भविष्य की संभावनाएं ही नहीं दिखाईं, बल्कि मुनाफे के मोर्चे पर भी ठोस प्रदर्शन किया है.

यह भी पढ़ें: TCS Q1 Results 2026: नेट प्रॉफिट में 5% और रेवेन्यू में 14% की बढ़ोतरी; कंपनी ने किया ₹12 के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान