IND vs NZ T20 World Cup Final: भारत ने लगातार दूसरी बार जीता टी20 विश्वकप का खिताब, न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया
IND vs NZ T20 World Cup Final: भारत ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए थे. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ऑल आउट हो गई. भारत की ओर से बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट हासिल किए.
IND vs NZ T20 World Cup Final: आज क्रिकेट जगत की निगाहें नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर टिकी हुई थीं, जहां भारत लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरा था. फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 255 रन बनाए थे, जवाब में उतरी न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ऑल आउट हो गई. भारत की आज गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही काफी दमदार रहीं.
स्कोर अपडेट्स
भारत- 255/5
न्यूजीलैंड– 159/10
अभिषेक शर्मा को मिली आखिरी सफलता
पहले बल्लेबाजी में दमखम दिखाने के बाद अभिषेक शर्मा को गेंदबाजी में भी एक सफलता मिली. न्यूजीलैंड का आखिरी विकेट शर्मा को मिला. अगर गेंदबाजी की बात करें तो भारत ने आज 6 गेंदबाजों से गेंदबाजी कराई थी. अर्शदीप शर्मा को छोड़कर सभी गेंदबाजों को सफलता मिली. जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. वहीं अक्षर पटेल को 3 सफलता मिली. साथ ही वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या एक-एक विकेट लेने में कामयाब रहे.
10 ओवर में आधी टीम ढेर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई है. 10 ओवर में 88 रन पर 5 विकेट गिर चुके हैं. यहां से न्यूजीलैंड की जीत बेहद मुश्किल लग रही है और अब कोई चमत्कार ही उसे जीत दिला सकता है. भारत की ओर से गेंदबाजी करते हुए अक्षर पटेल को 2 सफलता मिली हैं. वहीं बुमराह, हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 विकेट मिला है.
पावरप्ले रहा भारत के नाम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम पावरप्ले में पूरी तरह लड़खड़ा गई. पावरप्ले में 3 विकेट के नुकसान पर न्यूजीलैंड ने 52 रन बनाए हैं. अक्षर पटेल को जहां 2 सफलता मिली हैं, वहीं बुमराह को 1 सफलता मिली है.
न्यूजीलैंड को लगा पहला झटका
255 रन के पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड को पहला झटका 31 रन पर लग गया है. फिन एलन 9 रन बना कर अक्षर पटेल की गेंद पर आउट हुए. पटेल ने भारत को पहली सफलता तिलक वर्मा के हाथों कैच करवा कर दिलाया है.
भारत ने दिया 256 रन का टार्गेट
टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने जबरदस्त बैटिंग की है. भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रन का टार्गेट रखा है. भारत की शुरुआत मजबूत रही, वहीं अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने तेज-तर्रार पारी खेलकर टीम के स्कोर को 250 के पार पहुंचा दिया. शिवम दुबे ने सिर्फ 8 गेंदों में 325 के स्ट्राइक रेट से 26 रन बनाए.
आज के मुकाबले में भारत के टॉप ऑर्डर ने जमकर रन बनाए. अभिषेक शर्मा ने 52 रन, संजू सैमसन ने 89 रन और ईशान किशन ने 54 रन बनाए. वहीं हार्दिक पांड्या ने 18 रन की पारी खेली. कप्तान सूर्यकुमार यादव कुछ खास नहीं कर पाए और 0 पर आउट हो गए, जबकि तिलक वर्मा ने 8 रन बनाए. न्यूजीलैंड की ओर से सबसे सफल गेंदबाज जेम्स नीशम रहे, जिन्होंने 3 विकेट हासिल किए.
एक ओवर में तीन विकेट
जबरदस्त प्रदर्शन कर रही भारतीय टीम के एक ओवर में ही 3 विकेट गिर गए हैं. पहले संजू सैमसन, उसके बाद ईशान किशन (54 रन) और कप्तान सूर्य कुमार यादव बिना खाता खोले वापस लौट गए हैं. भारतीय टीम ने 16 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 204 रन बनाया है. फीलहाल हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा बैटिंग कर रहे हैं.
भारत को लगा दूसरा झटका
भारत को दूसरा झटका संजू सैमसन के रूप में लगा है. सैमसन 89 रन बना कर आउट हो गए हैं. सैमसन भले ही शतक से चूक गए हों लेकिन भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है. वहीं दूसरी ओर अभिषेक शर्मा और सैमसन के बाद ईशान किशन ने भी अर्धशतक लगा दिया है.
सैमसन ने लगाया लगातार तीसरा अर्धशतक
संजू सैमसन ने नॉकआउट मैच में लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया है. सैमसन अभी 36 गेंद में 63 रन बना कर खेल रहे हैं. इस दौरान उन्होंने 5 छक्का और 4 चौका लगाया है. वहीं दूसरी ओर ईशान किशन भी शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और 14 गेंद में 34 रन बना कर खेल रहे हैं.
भारत को लगा पहला झटका
भारत को पहला झटका लग गया है. अभिषेक शर्मा 21 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हो गए हैं. शर्मा ने फाइनल में जबरदस्त वापसी करते हुए 3 छक्का और 6 चौका लगाया है. इस दौरान उन्होंने 247 के स्टाइक रेट से रन बनाया है.
पावरप्ले में धमाकेदार शुरुआत
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में धमाकेदार शुरुआत की है. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने बिना किसी नुकसान के पावरप्ले में 92 रन बनाए हैं. यह भारत का वर्ल्ड कप में पावरप्ले के दौरान अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. पिछले कुछ मैचों में स्ट्रगल कर रहे अभिषेक शर्मा ने बिल्कुल सही समय पर वापसी करते हुए सिर्फ 19 गेंदों में 51 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं. वहीं दूसरी ओर संजू सैमसन भी पिछले 2 मैचों वाली फॉर्म बरकरार रखते हुए 33 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.
प्लेइंग 11
भारत: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह.
न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रविंद्र, फिन एलन, ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मिशेल सैंटनर (कप्तान), मार्क चैपमैन, जैकब डफी, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन.
न्यूजीलैंड ने किया गेंदबाजी का फैसला
अहमदाबाद में खेले जा रहे इस मुकाबले में सबकी निगाहें टॉस पर टिकी थीं. न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है. भारत पहले बल्लेबाजी करते हुए टार्गेट सेट करेगा.
इन पर रहेगी नजर
पिछले दो मैचों से शानदार फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन पर एक बार फिर फाइनल में सबकी नजर रहने वाली है. इसके अलावा क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि अभिषेक शर्मा फाइनल मुकाबले में अपना जलवा दिखाएंगे. साथ ही ईशान किशन, कप्तान सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह पर भी सबकी नजर टिकी रहेगी.
पिच फैक्टर
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अक्सर पहली पारी में 180 रन का आंकड़ा पार करना काफी बड़ा माना जाता है. 28 पारियों में से 5 बार 200 रन का आंकड़ा पार किया गया है, जिनमें से 4 बार यह स्कोर मैच की पहली पारी में ही बना है. ज्यादातर टी20 मैचों में इस स्टेडियम में पहले बैटिंग करने वाली टीम को फायदा मिला है.
