देश के इन दो राज्यों में भारी बारिश का अनुमान, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
IMD ने अपने ताजा मौसम बुलेटिन में बताया है कि अगले तीन दिनों तक उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं दिल्ली में शुक्रवार को पूरे दिन बादल छाए रहने की उम्मीद है.
भारत में इनदिनों मानसून चरम पर है, ऐसे में देश के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं. आने वाले दिनों में भी बारिश का ये कहर जारी रह सकता है. भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने अपने ताजा मौसम बुलेटिन में बताया है कि अगले तीन दिनों तक उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. आईएमडी ने इन दोनों राज्यों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है. वहीं दिल्ली के लिए भी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि शुक्रवार को शहर में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होगी. जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.
मौसम विभाग ने यह भी भविष्यवाणी की है कि अगले सात दिनों में छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो सकती है, जबकि गोवा और कोंकण में 6 सितंबर से 10 सितंबर तक, कच्छ और सौराष्ट्र में 6 सितंबर को, मध्य प्रदेश में 6 सितंबर से 8 सितंबर तक और गुजरात में 6 सितंबर से 8 सितंबर तक बारिश हो सकती है.
कैसा रहेगा दक्षिण भारत में मौसम का हाल?
मौसम विभाग के अनुसार तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 6 सितंबर से 8 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि माहे और केरल में 8 सितंबर से 11 सितंबर तक बारिश होने की संभावना है. वहीं तटीय कर्नाटक में 6 सितंबर से 9 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है.
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के लिए क्या है अनुमान?
मौसम विभाग ने बताया है कि मेघालय और असम में 7 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है. इसी तरह, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और मणिपुर में 11 सितंबर को बारिश होगी. मणिपुर, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले सात दिनों तक भारी बारिश हो सकती है, जबकि ओडिशा में 6 सितंबर से 9 सितंबर तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है. बिहार में 6 सितंबर और झारखंड में 6 सितंबर से 9 सितंबर तक भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश में 6, 10 और 11 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश के आसार है. साथ ही उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में 6 सितंबर से 7 सितंबर तक भारी बारिश होने का अनुमान है. इस बीच, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 सितंबर को और पश्चिमी राजस्थान में 6 सितंबर से 7 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है.
