बंगाल की खाड़ी में हलचल, फिर जोर पकड़ेगी बारिश! पूर्वी UP समेत इन राज्यों में 7 दिन बरसेंगे बादल
बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में अगले 24 घंटे के दौरान कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके असर से पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले 7 दिनों तक बारिश बढ़ सकती है. IMD ने 14 और 15 जुलाई को ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है.

Weather Update: देश के कई राज्यों में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है. बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके असर से पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले 7 दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग ने 14 और 15 जुलाई को ओडिशा में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी संभावना जताई है.
अगले 24 घंटे में बनेगा लो प्रेशर एरिया
IMD के मुताबिक, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर मध्य क्षोभमंडलीय स्तर पर हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है. इसके असर से अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तटीय इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू के ऊपर भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है.
दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 से 17 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 14 से 16 जुलाई और उत्तराखंड में 14 से 15 जुलाई के बीच बारिश की संभावना है. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 14 से 18 जुलाई के दौरान कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 से 20 जुलाई तक बारिश का अनुमान है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 से 17 जुलाई के दौरान बारिश हो सकती है.
19-20 जुलाई को इन राज्यों में भारी बारिश
IMD ने हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 18 से 20 जुलाई के दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. उत्तराखंड में 15 से 20 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है. वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 20 जुलाई के दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 20 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
IMD के मुताबिक, दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. इस दौरान दिल्ली में कुछ जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश भी हुई.
14 जुलाई को दिल्ली में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. दोपहर या शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
इसे भी पढ़ें- इन 2 मल्टीबैगर स्टॉक्स पर विजय केडिया ने लगाया दांव, खरीदी 3% हिस्सेदारी; 435% तक दे चुके हैं रिटर्न, रखें नजर