22 जुलाई से खुलेगा Cube Highways Trust का ₹5,000 करोड़ InvIT इश्यू, ₹151-152 प्राइस बैंड तय, जानें पूरी डिटेल

सड़क परियोजनाओं में निवेश करने वाले क्यूब हाईवेज ट्रस्ट ने अपने ₹5,000 करोड़ के सार्वजनिक InvIT इश्यू के लिए ₹151-152 प्रति यूनिट का प्राइस बैंड तय किया है. यह इश्यू 22 से 24 जुलाई तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा. इश्यू शुरू होने से पहले ही कंपनी ने बड़े निवेशकों से ₹1,250 करोड़ जुटाकर मजबूत निवेशक भरोसे का संकेत दिया है.

Cube Highways Trust  Image Credit: Cube Highways Trust

Cube Highways InvIT IPO : सड़क परियोजनाओं में निवेश करने वाले Cube Highways Trust ने अपने ₹5,000 करोड़ के InvIT (इंफ्रास्ट्रक्चर इनवेस्टमेंट ट्रस्ट) इश्यू के लिए ₹151-152 प्रति यूनिट का प्राइस बैंड तय कर दिया है. यह इश्यू 22 जुलाई से निवेशकों के लिए खुलेगा और 24 जुलाई तक खुला रहेगा. एंकर निवेशक 21 जुलाई को बोली लगा सकेंगे. यह इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है, यानी मौजूदा निवेशक अपनी यूनिट्स बेचेंगे.

इश्यू खुलने से पहले ही मिले ₹1,250 करोड़

कंपनी को इश्यू शुरू होने से पहले ही बड़े निवेशकों से ₹1,250 करोड़ का निवेश मिल गया है. इसके लिए 8.22 करोड़ यूनिट ₹152 प्रति यूनिट की कीमत पर आवंटित की जाएंगी. यह राशि कुल ₹5,000 करोड़ के इश्यू का ही हिस्सा है.

प्रेमजी इन्वेस्ट ने लगाया सबसे बड़ा दांव

रणनीतिक निवेशकों में प्रेमजी इन्वेस्ट से जुड़ी प्राजिम ट्रेडिंग एंड इन्वेस्टमेंट कंपनी ने सबसे अधिक ₹950 करोड़ निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है. इसके अलावा एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस और एचडीएफसी पेंशन फंड मैनेजमेंट ने ₹100-100 करोड़ निवेश करने का फैसला किया है. वहीं एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस और व्हाइटओक कैपिटल ने ₹50-50 करोड़ निवेश करने की घोषणा की है.

निवेश के लिए कम से कम 95 यूनिट खरीदनी होंगी

इस इश्यू में आवेदन करने के लिए निवेशकों को कम से कम 95 यूनिट खरीदनी होंगी. इसके बाद 95-95 यूनिट के मल्टीपल में आवेदन किया जा सकेगा. इश्यू का 75% हिस्सा बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) और 25% हिस्सा गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के लिए आरक्षित रखा गया है.

27 सड़क परियोजनाओं में निवेश

क्यूब हाईवेज ट्रस्ट के पास 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में फैली 27 चालू सड़क परियोजनाएं हैं. इनकी कुल लंबाई 8,754 लेन-किलोमीटर है और इन परियोजनाओं की औसत बची हुई अवधि 18 साल है. कंपनी की यूनिट्स बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगी. 29 जुलाई के आसपास यूनिट आवंटन होने की उम्मीद है, जबकि सफल निवेशकों के डीमैट खाते में 30 जुलाई तक यूनिट्स आ जाएंगी. बाजार में इसकी लिस्टिंग 3 अगस्त को होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: अब Parle-G भी होगी Stock Market में? भारत के सबसे बड़े FMCG IPO की तैयारी?