SBI Funds Management IPO के पहले दिन 68 फीसदी सब्सक्रिप्शन, रिटेल निवेशकों ने दिखाया अच्छा उत्साह
SBI फंड्स मैनेजमेंट के IPO को पहले दिन निवेशकों का अच्छा प्रतिसाद मिला. इश्यू पहले ही दिन 68 फीसदी सब्सक्राइब हो गया. गैर संस्थागत निवेशकों का हिस्सा 1.39 गुना भरा, जबकि रिटेल निवेशकों का कोटा 62 फीसदी और योग्य संस्थागत निवेशकों का हिस्सा 8 फीसदी सब्सक्राइब हुआ.

SBI Funds Management का IPO पहले ही दिन निवेशकों से अच्छा रिस्पांस पाने में सफल रहा. मंगलवार को खुले इस IPO को पहले दिन कुल 68 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला. गैर संस्थागत निवेशकों ने सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई, जबकि रिटेल निवेशकों की ओर से भी अच्छी मांग देखने को मिली. कंपनी इससे पहले एंकर निवेशकों से 2663 करोड़ रुपये जुटा चुकी है. यह IPO 16 जुलाई तक निवेश के लिए खुला रहेगा.
पहले दिन 68 फीसदी भरा IPO
NSE के आंकड़ों के मुताबिक पहले दिन IPO को 8 करोड़ 50 लाख से अधिक शेयरों के लिए आवेदन मिले. कंपनी ने 12 करोड़ 45 लाख से अधिक शेयर निवेशकों के लिए पेश किए हैं. कुल मिलाकर पहले दिन इश्यू 68 फीसदी सब्सक्राइब हुआ. गैर संस्थागत निवेशकों का हिस्सा 1.39 गुना भर गया जबकि रिटेल निवेशकों का कोटा 62 फीसदी तक सब्सक्राइब हुआ. योग्य संस्थागत निवेशकों का हिस्सा 8 फीसदी भरा.
पहले ही जुटाए 2663 करोड़ रुपये
IPO खुलने से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से 2663 करोड़ रुपये जुटाए. इसमें कई वैश्विक और घरेलू संस्थागत निवेशकों ने हिस्सा लिया. इनमें जीआईसी, अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथोरिटी, ब्लैकरॉक, गोल्डमैन सैक्स एसेट मैनेजमेंट, एलआईसी, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड और निप्पन इंडिया म्यूचुअल फंड जैसे बडे नाम शामिल रहे.
IPO पूरी तरह ऑफर फोर सेल
यह IPO पूरी तरह ऑफर फोर सेल पर आधारित है. इसमें कोई नया शेयर जारी नहीं किया जा रहा है. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अपनी 6.3 फीसदी हिस्सेदारी और अमुंडी 3.7 फीसदी हिस्सेदारी बेच रही है. लिस्टिंग के बाद SBI की हिस्सेदारी घटकर 55.46 फीसदी और अमुंडी की हिस्सेदारी 32.56 फीसदी रह जाएगी. IPO का प्राइस बैंड 545 रुपये से 574 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है.
यह भी पढ़ें- माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स कंपनी का आ रहा IPO, प्राइस बैंड ₹402-424 पर तय, जानें- कब होगा ओपन
देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी
साल 1987 में स्थापित SBI फंड्स मैनेजमेंट देश की सबसे बडी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है. 31 मार्च 2026 तक कंपनी के पास 12.51 लाख करोड़ रुपये की तिमाही औसत प्रबंधित संपत्ति रही. म्यूचुअल फंड उद्योग में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 15.3 फीसदी है. ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 1.2 लाख करोड़ रुपये आंका गया है.