SBI Funds Management IPO से 13 कर्मचारी बनेंगे करोड़पति, एक के पास ₹121 करोड़ के शेयर, जानें पूरी डिटेल

SBI Funds Management का 9812.91 करोड़ रुपये का IPO 14 जुलाई को खुलेगा. इस IPO से कंपनी के 13 कर्मचारी करोड़पति बनने वाले हैं. ESOP के तहत डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर देविंदर पाल सिंह के 21,14,004 शेयरों की वैल्यू 121 करोड़ रुपये है. कंपनी ने IPO के लिए 545 से 574 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है.

आईपीओ Image Credit: MONEY9LIVE.COM

SBI Funds Management IPO: शेयर बाजार में SBI Funds Management के IPO की एंट्री से पहले ही कंपनी के 13 कर्मचारियों की किस्मत चमकने वाली है. देश के सबसे बड़े फंड हाउस के IPO से इसके प्रमोटर्स और सरकार को बड़ी रकम मिलने की उम्मीद है. वहीं, कंपनी के कर्मचारी भी पीछे नहीं हैं. सालों से कंपनी में काम कर रहे टॉप मैनेजमेंट के 13 कर्मचारी IPO के बाद करोड़पति बनने वाले हैं. इसकी बड़ी वजह कंपनी की ओर से कर्मचारियों को दिए गए एम्प्लॉयी स्टॉक ऑप्शन यानी ESOP हैं. ऐसे में शायद यही वजह है कि इस कहानी पर म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री की मशहूर टैगलाइन ‘Mutual Fund Sahi Hai’ बिल्कुल सही बैठती नजर आ रही है.

2018 में शुरू हुआ था ESOP प्लान

SBI Funds Management ने साल 2018 में अपने कर्मचारियों के लिए एम्प्लॉयी स्टॉक ऑप्शन प्लान यानी ESOP शुरू किया था. इसके तहत लंबे समय से कंपनी के साथ जुड़े टॉप मैनेजमेंट कर्मचारियों को बड़ी संख्या में स्टॉक ऑप्शन दिए गए. अब कंपनी के IPO के साथ इन शेयरों की वैल्यू सामने आई है. IPO के अपर प्राइस बैंड 574 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से कंपनी के 13 कर्मचारी करोड़पति बनने जा रहे हैं.

देविंदर पाल सिंह के शेयरों की वैल्यू ₹121 करोड़

SBI Funds Management के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर देविंदर पाल सिंह कंपनी के सबसे लंबे समय से जुड़े कर्मचारियों में शामिल हैं. उनके पास कंपनी के 21,14,004 शेयर हैं. IPO के अपर प्राइस बैंड 574 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से इन शेयरों की वैल्यू करीब 121 करोड़ रुपये है.

इतना ही नहीं, देविंदर पाल सिंह के पास 5,19,300 आउटस्टैंडिंग ESOP भी हैं, जिनकी वैल्यू करीब 30 करोड़ रुपये है. ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस यानी DRHP से मिले डेटा के मुताबिक, सिंह ने 1 जनवरी 2006 को SBI Funds Management ज्वाइन किया था. इससे पहले वह SBI में सीनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-V अधिकारी के रूप में जुड़े थे.

CIO श्रीनिवासन रामा अय्यर के ESOP की वैल्यू ₹105 करोड़

फंड हाउस के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर श्रीनिवासन रामा अय्यर के पास ESOP के तहत 18,24,728 शेयर हैं. इनकी वैल्यू करीब 105 करोड़ रुपये है. इसके अलावा उनके पास 8,94,800 आउटस्टैंडिंग ESOP हैं, जिनकी वैल्यू करीब 51 करोड़ रुपये है.

वहीं, चीफ ऑफ स्ट्रैटेजी, डिजिटल एंड टेक्नोलॉजी और हेड ऑफ इन्वेस्टर रिलेशंस श्रीनिवास जैन के पास ESOP के तहत 10,19,236 शेयर हैं. इनकी वैल्यू करीब 59 करोड़ रुपये है. इसके अलावा उनके 1,70,720 आउटस्टैंडिंग ESOP की वैल्यू करीब 10 करोड़ रुपये है.

इन अधिकारियों के ESOP भी करोड़ों के

SBI Funds Management के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर-फिक्स्ड इनकम राजीव राधाकृष्णन के ESOP की वैल्यू करीब 36 करोड़ रुपये है. वहीं, चीफ रिस्क ऑफिसर अपर्णा निर्गुण के ESOP की वैल्यू करीब 31 करोड़ रुपये है. कंपनी की चीफ कंप्लायंस ऑफिसर, कंपनी सेक्रेटरी और हेड लीगल विनया दातार के पास 3,59,340 शेयरों के ESOP हैं. इनकी वैल्यू करीब 21 करोड़ रुपये है.

SBI Funds Management के दूसरे करोड़पति कर्मचारियों में फंड मैनेजर-अल्टरनेटिव्स मोहन लाल, चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर इंदरजीत घुलियानी, कॉरपोरेट डेट मार्केट डेवलपमेंट फंड के फंड मैनेजर महेश छाबड़िया, चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर और हेड-कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी रजत ग्रोवर और चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर संजय पुगांवकर शामिल हैं.

₹9,812.91 करोड़ का IPO 14 जुलाई को खुलेगा

SBI Funds Management Ltd का 9,812.91 करोड़ रुपये का IPO 14 जुलाई 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा. निवेशक 16 जुलाई 2026 तक इसमें बोली लगा सकेंगे. यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल यानी OFS है, जिसमें 17,09,56,631 इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी.

IPO में कोई नया शेयर जारी नहीं किया जा रहा है. इसलिए इश्यू से मिलने वाली रकम SBI Funds Management को नहीं मिलेगी. बिक्री से मिलने वाला पैसा मौजूदा शेयरधारकों के पास जाएगा.

प्रमोटर्स ₹11,692 करोड़ जुटाने की तैयारी में

फंड हाउस के प्रमोटर्स SBI और यूरोपीय फंड मैनेजमेंट कंपनी Amundi India Holdings क्रमशः 12.83 करोड़ और 7.54 करोड़ शेयर बेचेंगे. इसके जरिए दोनों प्रमोटर्स सामूहिक रूप से 11,692 करोड़ रुपये जुटाएंगे. वहीं, सरकार को शेयर बेचने वाले प्रमोटर्स से लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स के रूप में करीब 1,400 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है.

₹545 से ₹574 है IPO का प्राइस बैंड

कंपनी ने IPO के लिए 545 रुपये से 574 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. रिटेल निवेशकों को कम से कम 26 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा. अपर प्राइस बैंड के हिसाब से इसके लिए 14,924 रुपये का निवेश करना होगा.

कब होगी SBI Funds Management IPO की लिस्टिंग

SBI Funds Management IPO 14 जुलाई 2026 को खुलेगा और 16 जुलाई 2026 को बंद होगा. शेयरों का अलॉटमेंट 17 जुलाई 2026 को होने की उम्मीद है. रिफंड की प्रक्रिया 20 जुलाई को शुरू हो सकती है और इसी दिन निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट होने की संभावना है. कंपनी के शेयरों की संभावित लिस्टिंग 21 जुलाई 2026 को होगी.

देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी

साल 1992 में स्थापित SBI Funds Management एसेट अंडर मैनेजमेंट के आधार पर भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है. कंपनी SBI Mutual Fund कारोबार चलाती है और यह State Bank of India और Amundi का जॉइंट वेंचर है.

कंपनी इक्विटी, डेट, हाइब्रिड फंड, ETF और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज सहित कई निवेश प्रोडक्ट ऑफर करती है. 31 दिसंबर 2025 तक कंपनी 16.32 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की एसेट मैनेज कर रही थी.

इसे भी पढ़ें- टूटेंगे DMart के शेयर? ब्रोकरेज ने इस वजह से जताई चिंता, जानें कहां तक गिरेगा स्टॉक?