Meesho से लेकर MobiKwik तक… ₹35 अरब डॉलर के शेयर होंगे अनलॉक, क्या शेयरों में बढ़ेगी हलचल
कई बड़ी और हाल ही में शेयर बाजार में लिस्टेड हुई कंपनियों के शेयरों पर लगा लॉक-इन पीरियड खत्म होने जा रहा है. जून से अगस्त 2026 के बीच करीब 35 अरब डॉलर (लगभग 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा) मूल्य के शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे.

IPO Lockin: IPO में निवेश करने वाले निवेशकों के लिए आने वाले तीन महीने बेहद अहम रहने वाले हैं. इस दौरान कई बड़ी और हाल ही में शेयर बाजार में लिस्टेड हुई कंपनियों के शेयरों पर लगा लॉक-इन पीरियड खत्म होने जा रहा है. जून से अगस्त 2026 के बीच करीब 35 अरब डॉलर (लगभग 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा) मूल्य के शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे. इनमें Meesho, ICICI Prudential AMC, Bharat Coking Coal, Shadowfax, Fractal Analytics और Aye Finance जैसी कई चर्चित कंपनियां शामिल हैं.
बाजार में ऐसे घटनाक्रम पर खास नजर रखी जाती है क्योंकि लॉक-इन खत्म होने के बाद शुरुआती निवेशकों और बड़े शेयरधारकों को शेयर बेचने की अनुमति मिल जाती है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि सभी शेयर तुरंत बाजार में बिकने के लिए आ जाएंगे. फिर भी इतनी बड़ी मात्रा में शेयरों के खुलने से निवेशकों की नजर इन कंपनियों पर बनी हुई है.
क्या होता है लॉक-इन पीरियड?
जब कोई कंपनी IPO लाती है, तो उसके शुरुआती निवेशकों, प्रमोटर्स और कुछ बड़े शेयरधारकों पर एक तय समय तक शेयर बेचने की रोक होती है. इसे लॉक-इन पीरियड कहा जाता है. यह अवधि खत्म होने के बाद ये निवेशक अपने शेयर बेच सकते हैं. इसी वजह से लॉक-इन खत्म होने की तारीखों पर बाजार की खास नजर रहती है.
70 कंपनियों के शेयर होंगे ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध
- ब्रोकरेज फर्म Nuvama की रिपोर्ट के अनुसार 26 मई से 31 अगस्त 2026 के बीच कुल 70 कंपनियों में लॉक-इन पीरियड समाप्त होगा.
- रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान करीब 35 अरब डॉलर मूल्य के शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे.
- हालांकि इनमें से सभी शेयर बाजार में बिक्री के लिए आएंगे, ऐसा जरूरी नहीं है क्योंकि बड़ी हिस्सेदारी अभी भी प्रमोटर्स और उनके समूहों के पास है.
Meesho पर रहेगी सबसे ज्यादा नजर
- इस अवधि में सबसे बड़े लॉक-इन एक्सपायरी इवेंट्स में Meesho का नाम शामिल है.
- कंपनी के 3,083 मिलियन शेयर 10 जून 2026 को ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे.
- रिपोर्ट के अनुसार यह शेयर अपने IPO मूल्य से करीब 77 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहा था.
| कंपनी का नाम | लॉक-इन खत्म होने की तारीख | कुल हिस्सेदारी (%) |
|---|---|---|
| Meesho | 10 जून 2026 | 68% |
| Aequs | 9 जून 2026 | 22% |
| ICICI Prudential AMC | 19 जून 2026 | 70% |
| Vishal Mega Mart | 17 जून 2026 | 71% |
| One MobiKwik Systems | 18 जून 2026 | 91% |
| Inventurus Knowledge Solutions | 18 जून 2026 | 67% |
| Bharat Coking Coal | 17 जुलाई 2026 | 70% |
| Shadowfax Technologies | 24 जुलाई 2026 | 45% |
| Aye Finance | 13 अगस्त 2026 | 59% |
| Fractal Analytics | 14 अगस्त 2026 | 51% |
जून में कई बड़े नाम
जून महीने में Aequs, ICICI Prudential Asset Management Company, Vishal Mega Mart, MobiKwik और Inventurus Knowledge Solutions जैसी कंपनियों के भी लॉक-इन पीरियड खत्म होंगे. ICICI Prudential AMC के करीब 70 प्रतिशत शेयर और MobiKwik के करीब 91 प्रतिशत शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होने वाले हैं.
जुलाई में Bharat Coking Coal के 70 प्रतिशत शेयरों पर लगी रोक खत्म होगी. वहीं अगस्त में Shadowfax Technologies, Fractal Analytics और Aye Finance जैसे नाम चर्चा में रहेंगे. इन कंपनियों के भी बड़ी संख्या में शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे.
यह भी पढ़ें: राजेश Exports का गोल्ड साम्राज्य! गैराज से निकला सबसे बड़ा रिफाइनर, 35 साल की मेहनत पर एक चूक पड़ेगी भारी?
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.