Jio IPO को पहले दिन मिला तगड़ा रिस्पॉन्स, खरीदने के लिए मची होड़; जानें- GMP और सब्सक्रिप्शन स्टेटस
Jio Platforms IPO Subscription Status Day 1: संस्थागत निवेशकों की ओर से मिली यह मजबूत प्रतिक्रिया, एंकर निवेशकों की ओर से मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद आई है. शुरुआती दौर की यह तेजी जियो को भारत के अन्य बड़े IPO से अलग बनाती है.

Jio Platforms IPO Subscription Status Day 1: जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के 30,213 करोड़ रुपये के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) को पहले दिन निवेशकों से जोरदार रिस्पॉन्स मिला. बुधवार को खुलने के 100 मिनट के भीतर ही पूरा सब्सक्राइब हो जाने वाला यह भारत का अब तक का सबसे तेज IPO बन गया. एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन जियो के आईपीओ को कुल 3.4 गुना सब्सक्राइब किया गया.
किस कैटेगरी को कितना मिला सब्सक्रिप्शन?
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रिजर्व हिस्सा 9.04 गुना सब्सक्राइब हुआ, जिसमें 4.90 करोड़ शेयरों की पेशकश के मुकाबले लगभग 44.22 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां आईं. नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों (NII) की ओर से आई मांग से इस हिस्से को कुल 1.63 सब्सक्रिप्शन मिला. रिटेल निवेशकों का हिस्सा 0.71 गुना सब्सक्राइब हुआ. कर्मचारियों और शेयरधारकों के लिए रिजर्व हिस्से क्रमशः 1.34 गुना और 1.43 गुना सब्सक्राइब हुए.
निवेशकों ने दिया मजबूत रिस्पॉन्स
संस्थागत निवेशकों की ओर से मिली यह मजबूत प्रतिक्रिया, एंकर निवेशकों की ओर से मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद आई है. सोमवार को जियो ने 212 एंकर निवेशकों को 1,119 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लगभग 8,110 करोड़ रुपये के शेयर अलॉट किए.
मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार, एंकर एलोकेशन के लिए मांग 2.5 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक थी. स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को जब IPO सब्सक्रिप्शन के लिए खुला, तो निवेशकों ने महज 100 मिनट के भीतर ही सभी शेयर खरीद लिए.
सबसे तेज फुल सब्सक्राइब होने वाला इश्यू
शुरुआती दौर की यह तेजी जियो को भारत के अन्य बड़े IPO से अलग बनाती है. बजाज हाउसिंग फाइनेंस का IPO अपने पहले दिन दोपहर 2 बजे तक पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था, जबकि LG इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया का IPO पहले दिन के अंत तक पूरी तरह सब्सक्राइब हुआ था.
हुंडई मोटर इंडिया का 27,870 करोड़ रुपये का IPO, जो इससे पहले भारत का सबसे बड़ा पब्लिक ऑफर था, 2024 में अपने पहले दिन के अंत तक केवल 18 फीसदी ही सब्सक्राइब हुआ था.
जारी हो रहे हैं 27 करोड़ तक नए शेयर
जियो का यह ऑफर हुंडई और LG इलेक्ट्रॉनिक्स से काफी अलग है, क्योंकि उनके मामले में मौजूदा शेयरधारकों ने अपने शेयर बेचे थे (ऑफर फॉर सेल). इसके विपरीत, जियो 27 करोड़ तक नए शेयर जारी कर रही है. इसका मतलब यह है कि इससे मिलने वाली रकम शेयरधारकों के पास नहीं, बल्कि सीधे कंपनी के पास जाएगी.
जियो की वैल्यूएशन
1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर की कीमत वाले इस IPO के तहत, ऊपरी प्राइस बैंड पर जियो प्लेटफॉर्म्स का वैल्यूएशन लगभग 108 अरब अमेरिकी डॉलर आंकी गई है. यह ऑफर हुंडई मोटर इंडिया के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के लिए तैयार है. साथ ही, अरबपति मुकेश अंबानी के नियंत्रण वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के डिजिटल और टेलीकॉम कारोबार के लिए यह पब्लिक मार्केट में एक अहम परीक्षा है.
जियो के लिए बड़ी परीक्षा
यह IPO इस बात की बड़ी परीक्षा है कि निवेशक जियो की उन महत्वाकांक्षाओं को लेकर कितने उत्साहित हैं, जिनके तहत कंपनी टेलीकॉम कनेक्टिविटी से आगे बढ़कर डिजिटल सर्विसेज, क्लाउड कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में विस्तार करना चाहती है.
कंपनी ने 533.3 मिलियन (53.33 करोड़) ग्राहकों के आधार को इन व्यवसायों की नींव बताया है. कंपनी का लक्ष्य कनेक्टिविटी के अपने बड़े दायरे को ऐसे एंटरप्राइज और टेक्नोलॉजी रेवेन्यू में बदलना है, जिसमें ज्यादा मार्जिन मिलता हो.
ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि इस ऑफर में संस्थागत निवेशकों (Institutional Investors) की बड़ी भूमिका है, जबकि रिटेल निवेशकों की मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है. शुक्रवार को ऑफर बंद होने से पहले सब्सक्रिप्शन के अंतिम आंकड़ों में बदलाव हो सकता है.
Jio IPO का GMP कितना?
इन्वेस्टरगेन के अनुसार, बुधवार को Jio Platforms IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 249 रुपये है. 1119 रुपये के अपरी प्राइस बैंड के साथ, Jio Platforms IPO की अनुमानित लिस्टिंग कीमत 1368 रुपये (कैप प्राइस + आज का GMP) है. इससे Jio Platforms IPO में 22.25% के लिस्टिंग गेन की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: सितंबर में 30 महीने के हाई लेवल पर कोर सेक्टर ग्रोथ, कोयला और बिजली ने भरी ताकत
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.