Coal India की इस कंपनी का आ रहा IPO, OFS में बिकेंगे 66.81 करोड़ शेयर, जानें पूरी डिटेल

Coal India की सब्सिडियरी South Eastern Coalfields Ltd (SECL) ने IPO के लिए सेबी के पास ड्राफ्ट डॉक्यूमेंट जमा करा दिए हैं. कंपनी का इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा. इसके तहत Coal India अपनी हिस्सेदारी के 66.81 करोड़ शेयर बेचेगी. IPO से मिलने वाली पूरी रकम Coal India को मिलेगी और SECL को कोई पैसा नहीं मिलेगा. कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में 176.29 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया था.

Coal India OFS के जरिए SECL के 66.81 करोड़ शेयर बेचेगी. Image Credit: money9live

Coal India की सब्सिडियरी कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने अपने IPO के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास शुरुआती डॉक्यूमेंट जमा करा दिए हैं. कंपनी का यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा. इसके तहत Coal India अपनी हिस्सेदारी के 66.81 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी. इस इश्यू में नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे. यानी IPO से मिलने वाली पूरी रकम Coal India को मिलेगी, जबकि SECL को इससे सीधे कोई पैसा नहीं मिलेगा.

1 नवंबर को जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, SECL भारत की बड़ी कोयला प्रोडक्शन कंपनियों में शामिल है. कंपनी छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्थित है और इसकी स्थापना 1985 में हुई थी. यह Coal India की दूसरी सबसे बड़ी कोयला प्रोडक्शन सब्सिडियरी है.

क्या है SECL का IPO प्लान?

SECL के प्रस्तावित IPO में Coal India 66.81 करोड़ शेयर OFS के जरिए बेचेगी. चूंकि इश्यू में कोई फ्रेश शेयर जारी नहीं होंगे, इसलिए कंपनी की ओर से नए कारोबार या विस्तार के लिए इस IPO से कैपिटल नहीं जुटाई जाएगी. इस इश्यू का मुख्य उद्देश्य Coal India की हिस्सेदारी बेचना है.

इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर SBI Capital Markets, ICICI Securities, IDBI Capital Markets & Securities और Motilal Oswal Investment Advisors हैं. वहीं, KFin Technologies को इश्यू का रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है.

कोयला उत्पादन में 16.94% हिस्सेदारी

SECL ने वित्त वर्ष 2025-26 में 176.29 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया. यह वित्त वर्ष 2024-25 के 167.49 मिलियन टन उत्पादन के मुकाबले 5.25 फीसदी अधिक है. कंपनी का उत्पादन वित्त वर्ष 2026 में देश के कुल कोयला उत्पादन का 16.94 फीसदी रहा.

Coal India के कुल उत्पादन में SECL की हिस्सेदारी 22.95 फीसदी थी. कंपनी को मार्च 2007 में मिनीरत्न कैटेगरी-I का दर्जा मिला था. SECL ने 2025 में कोयला खनन के 40 साल पूरे किए.

47.55 अरब टन कोयला संसाधन

SECL के पास 1 अप्रैल 2026 तक करीब 47.55 अरब टन के जियोलॉजिकल कोल रिसोर्स थे. यह देश के कुल जियोलॉजिकल कोल रिसोर्सेज का लगभग 11.50 फीसदी है. कंपनी के ड्राफ्ट डॉक्यूमेंटों के मुताबिक, उसके वेरिफाई कोयला भंडार 4.61 अरब टन हैं. वित्त वर्ष 2025-26 के उत्पादन स्तर पर ये रिजर्व करीब 26 साल तक उत्पादन बनाए रखने के लिए पर्याप्त हैं.

कंपनी की छत्तीसगढ़ के कोरबा कोयला क्षेत्र में स्थित गेवरा और कुसमुंडा ओपनकास्ट खदानें दुनिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शामिल हैं. 30 सितंबर 2026 तक SECL की 53 इन प्रोडक्शन खदानें थीं. इनमें 19 ओपनकास्ट और 34 अंडरग्राउंड खदानें शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- Jio Share Listing: जियो की शानदार मार्केट एंट्री, IPO प्राइस के मुकाबले 21.3% प्रीमियम पर हुई लिस्टिंग

छह महीने में मुनाफा करीब दोगुना

SECL के वित्तीय नतीजों में भी सुधार दर्ज हुआ है. 30 सितंबर 2026 को समाप्त छह महीनों में कंपनी की ऑपरेशन से इनकम बढ़कर 16,593.7 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 15,090.2 करोड़ रुपये थी.

इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा करीब दोगुना होकर 2,174.3 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले साल की समान अवधि में यह 1,140.9 करोड़ रुपये था.

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की ऑपरेशन से इनकम 32,956.5 करोड़ रुपये रही, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 29,998.3 करोड़ रुपये थी. इसी दौरान शुद्ध मुनाफा 4,540.4 करोड़ रुपये से बढ़कर 4754.5 करोड़ रुपये हो गया.

Coal India की अन्य कंपनियां भी IPO की तैयारी में

SECL से पहले सितंबर में Coal India की एक अन्य सब्सिडियरी Mahanadi Coalfields Ltd ने भी IPO के लिए सेबी के पास शुरुआती डॉक्यूमेंट जमा कराए थे. उस इश्यू के जरिए Coal India अपनी 10 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है. इससे पहले Coal India की सब्सिडियरी Bharat Coking Coal Ltd इस साल अपना पहला पब्लिक इश्यू ला चुकी है.